BIG BREAKING: आज शाम 5 बजे हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण, झारखंड के 13 वें मुख्यमंत्री के रुप में लेंगे शपथ

रांची: पूर्व सीएम हेमंत के शपथ ग्रहण को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. अब तक सात जुलाई को रथ यात्रा के अवसर पर शपथ ग्रहण की बात सामने आ रही थी, लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है, उसके अनुसार आज ही शाम बजे शपथ ग्रहण की औपचारिकता पूरी की जायेगी. बिरसा मंडप में राज्यपाल राधाकृष्णन झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री के रुप में हेमंत सोरेन को पद और गोपनीयता का शपथ दिलवायेंगे.
इंडिया गठबंधन की ओर से आज ही शपथ ग्रहण करवाने का फैसला
यहां बता दें कि आज ही हेमंत सोरेन को शपथ ग्रहण का न्योता मिला था, जिसके बाद सात जुलाई को शपथ ग्रहण की बात कही जा रही थी. खुद झामुमो महासचिव सुप्रिया भट्टाचार्य ने भी दावा किया था कि सात जुलाई को शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होगी, लेकिन बाद में इंडिया गठबंधन की ओर से आज भी शपथ ग्रहण करवाने का फैसला हुआ, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना राजभवन को भेजी गयी, जहां से अनुमति प्राप्त होने के बाद शपथ ग्रहण की तैयारी शुरु हो गयी.
सभी पुराने मंत्रियों को रिपीट करने की संभावना
मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले मंत्रियों के बारे में सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि यह किसी भी सीएम का विशेषाधिकार होता है, कौन मंत्रिमंडल का हिस्सा होगा, यह फैसला खुद सीएम हेमंत करेंगे. वैसे सियासी गलियारों में इस बात की भी चर्चा तेज है कि सभी पुराने चेहरों को मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा, नये चेहरे में इरफान अंसारी और बैधनाथ राम की एंट्री हो सकती है. दरअसल इरफान अंसारी को आलमगीर आलम के इस्तीफे से खाली हुए स्थान पर मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, जबकि बैधनाथ राम को 11वें मंत्री के रुप में शामिल किया जा सकता है.
नये चेहरे के रुप में इरफान अंसारी और बैधनाथ राम को शामिल होने की संभावना
यहां बता दें कि चंपाई मंत्रिमंडल और इसके पहले हेमंत मंत्रिमंडल में कोई भी दलित चेहरा नहीं था, जिस सत्यानंद भोक्ता को दलित चेहरे के रुप में जगह मिली हुई थी, उनकी जाति भोक्ता को केन्द्र सरकार ने अनुसूचित जनजाति में शामिल कर दिया है, इस हालत में बैधनाथ को मंत्रिमंडल में शामिल कर दलितों को एक संदेश दिया जा सकता है. बैधनाथ राम को चंपाई सरकार में भी मंत्री बनाने की खबर थी, लेकिन एन वक्त पर कांग्रेस विधायकों में उपजे अंसतोष के कारण मंत्रिमंडल विस्तार से उनका नाम वापस ले लिया गया था, जिसके कारण बैधनाथ राम के बारे में नाराजगी की खबर भी आते रहती है, वैसे भी बैधनाथ दूसरे कई मंत्रियों की तुलना में वरिष्ठ है, वह 2005 में भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं.
