कैसा होगा सीएम हेमंत का नया मंत्रिमंडल! पुराने चेहरे पर दांव या फेरबदल के आसार

रांची: सीएम आवास में आयोजित महागठबंधन की बैठक में सर्वसम्मत राय से पूर्व सीएम हेमंत को एक बार फिर से अपना नेता चून लिया गया. फिलहाल राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन झारखंड से बाहर हैं. आज देर रात उनके वापस आने की संभावना है, जिसके बाद सीएम चंपाई सोरेन राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे और इसके साथ ही हेमंत सोरेन के नेतृत्व में नयी सरकार का गठन करने की औपचारिकता पूरी की जायेगी. लेकिन इसके साथ ही सियासी गलियारों में यह सवाल भी उठने लगा है कि इस बार मंत्रिमंडल का चेहरा कैसा होगा, क्या सभी पुराने मंत्रियों को मंत्रिमंडल का हिस्सा बनाया जायेगा या फिर विधान सभा चुनाव को देखते हुए सामाजिक समीकरणों के हिसाब से नयी विसात बिछाई जायेगी. खास कर उन मंत्रियों का क्या होगा? जिनके परफॉर्मेंस पर सवाल उठता रहा है? जिन मंत्रियों के विधान सभा क्षेत्र से भाजपा को बढ़त मिली, उनका क्या होगा? क्या इसके बावजूद उन्हे मंत्रिमंडल का हिस्सा बनाये रखा जायेगा?
बादल पत्र लेख और बन्ना गुप्ता को लेकर उठते सवाल
सबसे अधिक सवाल कृषि मंत्री बादल पत्र लेख और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को लेकर है. इन दोनों ही मंत्रियों के विधान सभा क्षेत्र से भाजपा को मजबूत बढ़त मिली थी, बादल पत्र लेख के बारे में तो लोकसभा चुनाव के पहले केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के साथ गुप्त मीटिंग की खबर भी आयी थी. दोनों के बीच करीबन 1.30 घंटें तक मीटिंग हुई. और इधर लोकसभा चुनाव में मंत्री बादल पत्र लेख के विधान सभा से निशिकांत दुबे को मजबूत बढ़त मिली. इस हालत में मंत्री बादल पत्र लेख की भूमिका पर सवाल खड़ा होता नजर आता है. अब देखना होगा कि इस बार मंत्रिमंडल में जगह मिलता है या फिर बाहर का रास्ता दिखलाया जाता है. ठीक यही स्थिति स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की है, बन्ना गुप्ता भी पूर्व सीएम रघुवर दास के बेहद करीबी माने जाते हैं, दोनों के बीच अक्सर मुलाकात होती रहती है, और बन्ना गुप्ता के विधान सभा से भी भाजपा को बढ़त मिली है, इस हालत में शक की सुई बन्ना गुप्ता की ओर भी बढ़ता नजर आता है.
बसंत सोरेन को शामिल करने पर भाजपा को मिल सकता है मुद्दा
इसके साथ ही हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन को मंत्रिमंडल में शामिल होने पर सवाल खड़ा हो सकता है, पार्टी विधायकों के बीच गलत संदेश जा सकता है. साथ ही विधान सभा चुनाव के दौरान भाजपा के पास परिवारवाद का घातक हथियार भी होगा. इस हालत में बसंत सोरेन का क्या होगा? क्या भाई हेमंत की ताजपोशी की कीमत उन्हे अपनी कुर्सी सौंप कर गंवानी पड़ेगी. देखने वाली बात होगी.
11 फीसदी दलित आबादी को प्रतिनिधित्व का सवाल
एक सवाल दलित भागीदारी का भी होगा, 11 फीसदी दलितआबादी वाले झारखंड में फिलहाल मंत्रिमंडल में एक भी दलित चेहरा नहीं है, जिस सत्यानंद भोक्ता को दलित चेहरे के रुप में प्रस्तूत किया जा रहा है, उनकी जाति भोक्ता को आदिवासी समुदाय में शामिल कर दिया गया है, दूसरी ओर लातेहार विधायक बैधनाथ राम के अंदर नाराजगी खबर आते रहती है, तो क्या बैधनाथ राम को मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है, यदि सूत्रों की माने तो इस बार बैधनाथ राम का मंत्री बनना तय है.
दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी को मिल सकती है जगह
आलमगीर आलम के इस्तीफे के बाद कांग्रेस कोटे से एक सीट खाली हुई है, पार्टी इरफान अंसारी को आगे कर अल्पसंख्यक समाज को साधने की कोशिश कर सकती है. इरफान अंसारी पहले ही अपने आप को हेमंत सोरेन का हनुमान बोल चुके हैं, उनकी भाव-भंगिमा भी बदली नजर आ रही है, मानो अंदरखाने इसका संदेश दे दिया गया हो. एक और नाम जो चर्चा में है, वह है महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह का, यदि कांग्रेस कोटे से किसी मंत्री को हटाया जाता है, तो उस हालत में दीपिका पांडेय सिंह की एंट्री हो सकती है, लोकसभा चुनाव के दौरान गोड्डा से टिकट देकर वापस लिये जाने के बावजूद दीपिका ने पूरी तन्मयता के साथ पार्टी के लिए काम किया, और महागामा से प्रदीप यादव को बढ़त दिलवाने में सफल रही. दीपिका पांडेय सिंह को इस वफादारी का इनाम मिल सकता है. पार्टी दीपिका के चेहरे को आगे कर एक साथ कई लक्ष्य साध सकती है, मंत्रिमंडल में महिलाओं को प्रतिनिधित्व तो होगा ही अगड़ी जातियों को भी संदेश जायेगा, लेकिन इसके साथ ही जिस कुर्मी जाति के बीच दीपिका पांडेय सिंह की शादी हुई है, उस कुर्मी जाति को भी अपनी भागीदारी का एहसास होगा,
