Big breaking: झारखंड की कमान फिर से हेमंत के हाथ, देर शाम चंपाई सोरेन सौंप सकते हैं इस्तीफा

रांची: सीएम आवास में आयोजित महागठबंधन के विधायकों की बैठक में पूर्व सीएम हेमंत को अपना नया नेता चूना गया है, विधायकों के इस फैसले के बाद सीएम चंपाई सोरेन किसी भी वक्त राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. फिलहाल राज्यपाल झारखंड से बाहर है, वापसी का इंतजार किया जा रहा है. जैसे ही राज्यपाल वापस आते हैं, सीएम चंपाई राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे, और उसके बाद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार गठन की प्रक्रिया तेज होगी.
पांच महीनों की जेल यात्रा और अब फिर से सीएम की कुर्सी
आपको बता दें कि भुंईहरी जमीन मामले में पांच महीनों तक जेल में बंद रहने के बाद झारखंड हाईकोर्ट से पूर्व सीएम हेमंत को जमानत प्रदान की गयी थी, जिसके बाद से झारखंड में सीएम चेहरे में बदलाव की खबर तैरने लगी, हालांकि सत्ताधारी दल के विधायक और प्रवक्ता कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थें, लेकिन जिस तरीके से महागठबंधन के विधायकों की बैठक बुलायी गयी, और बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर पहुंचे और इधर सीएम चंपाई सोरेन ने अपने सारे कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया. उसके बाद करीबन-करीबन यह पक्का माने जाने लगा कि सीएम चेहरे में बदलाव होना तय है,
हालांकि इसके बाद भी यह सवाल सामने खड़ा होता नजर आया कि अगला सीएम कौन होगा? क्योंकि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद जिस तरीके से कल्पना सोरेन ने मोर्चा संभाला था, और अपने चेहरे के बूते महागठबंधन को पांच सीटों पर जीत दिलवाने में सफल रही थी. उसके बाद कल्पना सोरेन को भी भावी सीएम के रुप में देखा जा रहा था, लेकिन आज सभी अटकलों पर विराम लग गया, और एक बार फिर से झारखंड की कमान हेमंत सोरेन के हाथ में आने का रास्ता साफ हो गया. अब जैसे ही राज्यपाल वापस लौटते हैं, सीएम चंपाई अपना इस्तीफा सौंपेंगे और हेमंत सोरेन सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे, इसके साथ ही एक बार फिर से झारखंड में हेमंत राज की वापसी होगी.
