हेमंत की रिहाई पर निशिकांत की चुप्पी! क्या बदली रणनीति के साथ काम कर रही है भाजपा

रांची: भुंईहरी जमीन मामले में रिहाई के बाद पूर्व सीएम हेमंत बेहद आक्रामक नजर आ रहे हैं. अपनी जमानत के साथ कोर्ट की टिप्पणी को सामने रख इस बात का दावा कर रहे हैं कि कहीं कोई मामला नहीं था, जो कुछ भी था, वह सिर्फ साजिशों का ताना-बाना था. झूठ का महल था.  चुनावी अखाड़े से दूर रखने की साजिश थी. वह अपनी उस भविष्यवाणी को भी दुहराने से नहीं चुकते, जिसमें उन्होंने 31 जनवरी से पहले इस बात का दावा किया था कि  हमारी गिरफ्तारी भाजपा के ताबूत में आखिरी कील होगी. हेमंत सोरेन कहते हैं कि लोकसभा चुनाव में तो झटके की झलक भर मिली है, असली झटका तो विधान सभा चुनाव मिलना है. इस बार दूरबीन लेकर खोजने के बावजूद भाजपा कहीं नजर नहीं आयेगी.आदिवासी-मूलवासी समाज के साथ ही पूरा झारखंड  इस काली करतूत को देख-समझ रही है, विधान सभा चुनाव में चून-चून कर हिसाब लिया जायेगा.

बचाव की मुद्रा में खड़ी है भाजपा?

हेमंत सोरेन के इस आक्रामक तेवर के बावजूद भाजपा नेताओं के द्वारा सीधे-सीधे हेमंत सोरेन पर हमला करने से बचने की कोशिश की जा रही है. रिहाई को न्यायिक प्रक्रिया बता कर मामले को टालने की कोशिश की जा रही है. दावा किया जा रहा है कि जेल भी कोर्ट के आदेश से भेजा गया था और रिहाई भी कोर्ट के आदेश से हुई .इस पूरी कहानी में भाजपा कहां खड़ी है?  वह उस सवाल से भी बचती  नजर आ रही है, जिसमें हेमंत पूछते हैं कि जेल तो कोर्ट के आदेश से ही भेजा गया था, लेकिन इस साजिश की पटकथा किसने तैयार की थी? तानाबाना किसने बुना था?

 भ्रष्टाचार के पहाड़ हेमंत को खड़ा करती नजर आ रही थी भाजपा

आपको बता दें कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के पहले और उसके बाद तक भाजपा भुंईहरी जमीन के मुद्दे पर भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ा करती नजर आ रही थी. भाजपा नेताओं के अंदर हेमंत सोरेन को झारखंड का सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी साबित करने की होड़ लगी थी, नेता से प्रवक्ता तक अपने -अपने तरीके से इस गिरफ्तारी को पाप का परिणाम बता रहे थें और इसमें सबसे चर्चित चेहरा था गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे का, उस दौर में निशिकांत दुबे अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के लिए हर दिन एक नयी तारीख का एलान कर रहे थें. इस बात का दावा कर रहे थें कि इधर हेमंत की गिरफ्तारी हुई और उधर झामुमो की सरकार गयी. लेकिन अपने सोशल मीडिया पर एकाउंट पर होशियार, खबरदार का ट्वीट कर सुर्खियां बटोरने वाले निशिकांत दुबे हेमंत सोरेन की रिहाई के बाद बेहद खामोश है, अब यह खामोशी क्यों है, यह एक बड़ा सवाल है. क्या भाजपा भी उसी आकलन पर पहुंच रही है? जैसा कि हेमंत दावा कर रहे हैं कि उनकी गिरफ्तारी भाजपा के ताबूत में आखिर कील साबित होगी? क्या अंदर ही अंदर यह सवाल गहराने लगा है कि यदि हेमंत पर सीधा हमला किया गया तो इसका विपरीत परिणाम आना तय है. क्या इस बात की आशंका है कि  लोक सभा चुनाव में तो इसका परिणाम भुगत लिया गया, कम से कम विधान सभा चुनाव तक सीधे सीधे हेमंत पर निशाना साधने से बचने की कोशिश की जाय. क्या वह यह मान रही है कि हेमंत सोरेन फिलहाल जिस अंदाज और तेवर में हैं, यदि निशाना बनाने की कोशिश की गयी तो एक बार फिर से दांव उलटा पड़ सकता है?

 आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं का भाजपा के खिलाफ गोलबंदी तेज होने की आशंका?

आदिवासी -मूलवासी मतदाताओं की गोलबंदी भाजपा के खिलाफ तेज हो सकती है. और क्या इसी रणनीति के तहत सीधे -सीधे हेमंत सोरेन परन निशाना बनाने के बजाय दूसरे मुद्दों पर महागठंबधन की सरकार को घेरने की कोशिश की जा रही है? क्या यह किसी बदलती रणनीति का हिस्सा है?  क्योंकि जो थोड़े वार आ भी रहे हैं, वह निशिकांत दुबे के बजाय बाबूलाल मरांडी की ओर से दागा जा रहा है. तो क्या एक सहमति यह भी बनी है कि किसी गैर आदिवासी चेहरे को आगे कर निशाना साधना और भी घातक साबित हो सकता है? और  इसी रणनीति के तहत यह जिम्मेवारी बाबूलाल जैसे आदिवासी चेहरे पर सौंपी गयी है और यदि ऐसा है तो क्या जाने-अनजाने बाबूलाल मरांडी को आदिवासी मूलवासी समाज के बीच खलनायक साबित करने की पटकथा तो नहीं लिखी जा रही है? दरअसल यह सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि झारखंड की सियासत में अपनी सियासी भविष्यवाणियों और हेमंत सरकार के विरुद्ध आक्रमक अंदाज के लिए  विशेष पहचान  बना चुके निशिकांत दुबे अचानक से बदले-बदले अंदाज में नजर आने लगे हैं. आज कल उनके निशाने पर हेमंत सोरेन से ज्यादा राहुल गांधी है. उनके सोशल मीडिया एकाउंट पर हेमंत के खिलाफ तीरों की बौछार नहीं होती नहीं दिख रही है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More