हाथरस हादसे में ग्वालियर की महिला की मौत, सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

भोपाल, 3 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए हादसे में मध्य प्रदेश के ग्वालियर की एक महिला की भी मौत हुई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर और राज्य की महिला के निधन पर दुख जताया है।

सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया, “उत्तर प्रदेश के हाथरस में कल सत्संग के दौरान भगदड़ में ग्वालियर की हमारी बहन रामश्री धर्मपत्नी दयाल सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर की कृपा से सत्संग में शामिल होने गई मध्य प्रदेश की तीन अन्य महिलाएं सकुशल हैं। हम स्थानीय पुलिस-प्रशासन से संपर्क में हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।।”

बता दें कि मंगलवार को हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र के रतीभानपुर में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 121 लोगों की मौत हुई है। जबकि, दो दर्जन से ज्यादा घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

भगदड़ में अब तक 121 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोगों की हालत गंभीर है, इसलिए यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

राहत विभाग की ओर से दी गई सूची के अनुसार, अब तक 121 लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लोग घायल हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मृतकों में सबसे ज्यादा लगभग (112) महिलाएं हैं।

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 105, 110, 126(2), 223 और 238 के तहत ‘मुख्य सेवादार’ कहे जाने वाले वेद प्रकाश मधुकर और इस धार्मिक कार्यक्रम के अन्य आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

–आईएएनएस

एसएनपी/एफजेड

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More