हेमंत सोरेन के आवास पर सीएम चंपाई, क्या बदलने जा रहा सीएम का चेहरा!

Ranchi: तीन जुलाई को महागठबंधन के सभी नेताओं और विधायकों की बैठक के पहले सीएम चंपाई पूर्व सीएम हेमंत से मिलने उनके आवास पहुंचे, हालांकि इस मुलाकात को कल होने वाली बैठक की तैयारियों से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन सियासी गलियारों में सत्ता हस्तांतरण की चर्चा भी तेज होती नजर आ रही है, दावा किया जा रहा है कि कल की बैठक में हेमंत सोरेन की ताजपोशी पर मुहर लग सकती है.

तीन जुलाई को महागठबंधन के विधायकों की बैठक

आपको बता दें कि जेल के रिहाई के बाद पूर्व सीएम हेमंत एक्शन मूड में है. भाजपा का सूपड़ा साफ करने का दावा कर रहे हैं. इस बीच तीन जुलाई को महागठबंधन के विधायकों की बैठक भी बुलायी गयी है. दावा किया जा रहा था कि विधान सभा चुनाव को देखते हुए घटक दलों की तैयारियों का जायजा लिया जायेगा, एक-एक सीट की बिन्दूवार समीक्षा की जायेगी, किस सीट पर कौन कमजोर और किसका पलड़ा भारी है, इसका आकलन किया जायेगा और इसके बाद सीट का बंटवारा की प्रक्रिया तेज होगी. लेकिन इस बैठक के पहले सीएम चंपाई का हेमंत सोरेन के आवास पर जाना, सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन रहा है और इस बात का दावा किया जा रहा है कि कल की बैठक में एक बार फिर से हेमंत सोरेन की ताजपोशी का रास्ता साफ किया जा सकता है. 

हेमंत सोरेन की ताजपोशी की महज अफवाह

हालांकि सियासी जानकारों के द्वारा इस दावे को महज अटकलबाजी बताया जा रहा है. उनका मानना है कि अब जब इस सरकार की उम्र महज चंद महीनों की है. झामुमो चेहरे में बदलाव कर सत्तालोलुपता का संदेश नहीं देगा. वैसे भी खुद सीएम चंपाई ने साफ कर दिया है कि आने वाला विधान सभा चुनाव पूर्व सीएम हेमंत के चेहरे पर ही लड़ा जायेगा, साफ है कि चंपाई सोरेन यह स्वीकार कर चुके हैं कि सीएम की कुर्सी विधान सभा चुनाव तक ही रहने वाली है, इस हालत में हेमंत सोरेन की ताजपोशी के दावे में कोई तथ्य नजर नहीं आता. सीएम की कुर्सी से मुक्त हेमंत और भी मजबूत दिखलायी दे रहे हैं, और आज भी वह अघोषित रुप से  सरकार का सबसे बड़ा चेहरा है. सीएम की कुर्सी से दूर रहने पर उनके पास विधान सभा चुनाव की तैयारियों के लिए भी पूरा वक्त होगा. इधर सीएम चंपाई सरकार के चेहरा होंगे और उधर हेमंत सोरेन पार्टी और गठबंधन का चेहरा.  इसके साथ ही झामुमो के पास कल्पना सोरेन का चेहरा भी मौजूद है. यानि एक साथ कई मोर्चे पर काम किया जायेगा.

सीटों का पेच सुलझाने की कोशिश

सियासी जानकारों का दावा है कि यह महज महागठबंधन के अंदर सीटों का पेंच सुलझाने की कोशिश है. कांग्रेस की ओर से 32 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे किये जा रहे हैं, दूसरी ओर राजद भी करीबन एक दर्जन सीटों पर दावेदारी ठोक रहा है, जबकि कांग्रेस-राजद की कमजोर जमीनी पकड़ और झारखंड का मौजूदा जमीनी हालात को देखते हुए झामुमो विधान सभा की करीबन 50 सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करने की रणनीति पर काम कर रहा है. लोकसभा चुनाव में जिस तरीके से गैर आदिवासी सीटों से राजद और कांग्रेस का सफाया हुआ, उसको लेकर झामुमो बेहद चौकस है, वह किसी भी कीमत की कांग्रेस-राजद की झोली में अनावश्यक सीट प्रदान कर रिस्क लेना नहीं चाहता. इस हालत में कांग्रेस-राजद की मौजूदा सीटों में भी कटौती की जा सकती है.

फिर विधायकों की बैठक क्यों?

लेकिन मुख्य सवाल यह है कि यदि सीटों का पेंच ही सुलझाना था तो महागठबंधन के विधायकों को बुलाने की जरुरत क्यों पड़ी. यह काम तो घटक दल के नेताओं के साथ बैठक कर सुलझायी जा सकती थी. और यही से सत्ता परिवर्तन की आहट सुनाई पड़ने लगती है, हालांकि इसका दूसरा पक्ष यह भी है कि हेमंत सोरेन पूरे पांच महीने के बाद जेल से बाहर निकले हैं, इस हालत में बहुत संभव है कि विधायकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और विधान सभा चुनाव को लेकर तैयारियों को समझने की कोशिश कर रहे हों. लेकिन अंतिम रुप से किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना बेहद कठीन है, याद रहे कि अपनी गिरफ्तारी के पहले भी हेमंत सोरेन ने सभी विधायकों से हस्ताक्षर लिया था, जिसके बाद सीएम चंपाई को सीएम की कुर्सी सौंप दी गयी थी, तो क्या एक बार फिर से वही कहानी दुहराये जाने की तैयारी है. 

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More