जिस एके राय के दांव में उलझ दिशोम गुरु ने चखा था हार का पहला स्वाद, अब उनकी पार्टी का झामुमो में विलय की चर्चा तेज

रांची: विधान सभा चुनाव के पहले कोयलांचल की सियासत में एक बड़ा उलटफेर होता दिखलायी पड़ रहा है. राजधानी रांची के सियासी गलियारों में इस बात का चर्चा तेज है कि पटना के विधायक फ्लैट में 22 अप्रैल 1972 को सुप्रसिद्ध माक्सर्वादी चिंतक और मजदूर नेता एक राय के नेतृत्व में गठित मासस ( माक्सर्वादी समन्वय समिति) का विलय झामुमो में होने जा रहा है. इस प्रकार करीबन 52 वर्ष पहले शुरु हुए सियासी सफर पर विराम लगने वाला है. कभी मध्य बिहार से लेकर बेगुसराय तक मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाने वाली मासस की पहचान आज कोयलाचंल की पार्टी के रुप में है. इसकी एक वजह इसकी स्थापना से लेकर सियासी गतिविधियों से आदिवासी मूलवासी समाज की दूरी रही. फाउंडर मेंबर रहे एके राय बांग्लादेश से आये थें, जबकि सूर्यदेव सिंह बेगुसराय, पांच कौड़ी- नवगछिया, बिंदेश्वरी सिंह-मुंगेर और शफी रहीम-दानापुर और एसके बक्सी बंगाल के रहने वाले थें.
मासस के बाद हुआ था झाममो का गठन
ध्यान रहे कि उस वक्त झारखंड की जमीन पर कई सियासी और सामाजिक प्रयोग एक साथ चल रहे थें. यह वही दौर था, जब बिनोद बिहारी महतो के द्वारा शिवाजी समाज (1967) की स्थापना की गयी थी, शिबू सोरेन सोनत संताली समाज (1969) नामक संगठन चला रहे थें, एके राय औद्योगिक और कोयला मजदूर समाज और निर्मल महतो ट्रेड यूनियन से जुड़कर मजदूरों को संगठित करने का प्रयास कर रहे थें. विभिन्न सियासी प्रयोग के इसी दौर में इस बात की सहमति बनी कि टुकड़ों -टुकडों की इस लड़ाई को एक व्यापक कैनवास प्रदान करने का वक्त आ गया है. इसी सोच के साथ चार फरवरी 1973 को दिशोम गुरु शिबू सोरेन, एके राय, बिनोद बिहारी महतो के नेतृत्व में झामुमो का गठन हुआ. अपने शुरुआती दौर में झामुमो भी कोयला मजदूरों के बीच सक्रिय रहा, खास कर कोयला खदानों में मजदूर के रुप में जो दलित और दूसरी वंचित जातियां थी, झामुमो की रणनीति अपने साथ जोड़ने की रही. लेकिन बाद के दिनों में संताल में झामुमो की जमीन मजबूत होती चली गयी, और कोयलाचंल की सियासत से वह दूर होता चला गया.
एके राय के सियासी दांव में उलझ दिशोम गुरु को चखना पड़ा था हार का स्वाद
लेकिन एके राय का झामुमो के साथ लम्बा रिश्ता नहीं चला, जैसे ही 1977 की चुनाव की घोषणा हुई, शिबू सोरेन ने अपनी प्रारम्भिक कर्मभूमि टुंडी विधान सभा से चुनाव लड़ने का एलान कर दिया. उधर एके राय शिबू सोरेन के इस चाहत को स्वीकार करने को तैयार नहीं थे और मासस की सहयोगी संगठन किसान संग्राम समिति की ओर से शक्तिनाथ महतो तो मैदान में उतार दिया. इस दांव से वोटों का बंटवारा हुआ और जनता पार्टी के सत्य नारायण दुदानी के हाथों गुरुजी को अपने पहले ही सियासी प्रयोग में शिकस्त का सामना करना पड़ा. दिशोम गुरु को इस बात का मलाल रहा कि जिस भूमि से उन्हे दिशोम गुरु की उपाधि नवाजा, उसी सरजमीन से पहले ही सियासी प्रयोग में शिकस्त का भी सामना करना पड़ा.
मासस के विलय से झामुमो को कोयलाचंल में मिलेगी मजबूती
खैर अपने प्रारम्भिक दिनों में मासस को अच्छी सफलता मिली. झारखंड से बिहार तक उसका विस्तार होता नजर आया, लेकिन बाद के दिनों में झामुमो के आगे वह सिमटता गया. और मूल रुप से कोयलांचल की पार्टी बन कर रह गयी. 14 अप्रैल 2000 को निरसा विधान सभा से एकमात्र मासस विधायक गुरुदास चटर्जी की कोयला माफियाओं के द्वारा ह्त्या कर दी गयी, बाद में उनके बेटे अरुप चटर्जी को वर्ष 2009 और 2014 में जीत मिली. फिलहाल मासस के पास कोई विधायक नहीं है, लेकिन कई विधान सभाओं में सीमित प्रभाव जरुर है और यदि सियासी गलियारों की चर्चा पर मुहर लगती है तो अरुप चटर्जी निरसा से झामुमो का उम्मीदवार हो सकते हैं. इसके साथ ही चंदनकियारी, झरिया में भी इस विलय का असर देखने को मिल सकता है.
.
