फुल एक्शन में हेमंत, तीन जुलाई को सत्ता पक्ष की बैठक, विधान सभा चुनाव को लेकर मंथन या मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा

रांची: जेल के रिहाई के बाद पूर्व सीएम हेमंत एक्शन मूड में है. भाजपा का सूपड़ा साफ करने की घोषणा करते हुए महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को विधान सभा चुनाव के लिए तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है, इस बीच तीन जुलाई को मुख्यमंत्री आवास में सत्ता पक्ष की बैठक बुलाई गयी है. प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर का भी बैठक में शामिल होने की सूचना है. उधर सोनिया गांधी के साथ भी हेमंत सोरेन की बात हुई है. बैठक को लेकर सियासी गलियारों में कई प्रकार की चर्चा है, दावा किया जा रहा है कि बैठक में विधान सभा चुनाव को देखते हुए गठबंधन की तैयारियों का जायजा लिया जायेगा, एक एक सीट की बिन्दूवार समीक्षा की जायेगी, किस सीट पर कौन कमजोर और किसका पलड़ा भारी है, इसका आकलन किया जायेगा और इसके बाद भी घटक दलों के अंदर सीटों का बंटवारा होगा.
सीटों का पेच सुलझाने की कोशिश
आपको यहां बता दें कि कांग्रेस की ओर से 32 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे किये जा रहे हैं, दूसरी ओर राजद भी करीबन एक दर्जन सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक रहा है, जबकि कांग्रेस-राजद की कमजोर पकड़ और झारखंड के जमीनी हालात को देखते हुए झामुमो विधान सभा की करीबन 50 सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करने की रणनीति पर काम कर रहा है. खास कर लोकसभा चुनाव में जिस तरीके से गैर आदिवासी सीटों से राजद और कांग्रेस का सफाया हुआ, उसको लेकर झामुमो बेहद चौकस है, वह किसी भी कीमत की कांग्रेस-राजद की झोली में अनावश्यक सीट प्रदान कर रिस्क लेना नहीं चाहता. इस हालत में कांग्रेस-राजद की सीटों में कटौती की जा सकती है. आपको बता दें कि 2019 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस ने 32 और राजद ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें कांग्रेस को 19 और राजद को एक सीट आयी थी. दूसरी ओर जिस मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हेमंत सोरेन की रिहाई के पहले चर्चा तेज थी, उसको अंतिम रुप दिया जा सकता है. बहुत संभव है कि यहां भी कांग्रेस को कुर्बानी करना पड़े, खास कर जिन मंत्रियों का परफॉर्मेंस और निष्ठा पर सवाल उठता रहा है, मंत्रिमंडल से विदाई की जा सकती है., इसके बदले में झामुमो कोटे से मंत्रियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है.
.
