उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि लंदन से पीजी व मद्रास विश्वविद्यालय से हैं एमफिल

नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय थल सेना के नए उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि ने किंग्स कॉलेज लंदन से स्नातकोत्तर और मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एमफिल. की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा उन्हें भारत की पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं का गहन ज्ञान है।

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने सोमवार को सेना के उप प्रमुख का पदभार ग्रहण किया है। वह लखनऊ स्थित मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत थे।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को गढ़वाल राइफल्स में दिसंबर 1985 में कमीशन दिया गया था। उन्होंने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सैन्य अकादमी से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। वे संयुक्त सेवा कमान स्टाफ कॉलेज, ब्रैकनेल (यूके) और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं।

उन्होंने 37 वर्षों से अधिक के अपने शानदार करियर में व्यापक संघर्ष वाले स्थानों और विभिन्न तरह के भू-भाग क्षेत्रों में काम किया है। लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कई कमांड, स्टाफ और निर्देशगत नियुक्तियों में योगदान दिया है।

लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि के पास पश्चिमी और उत्तरी दोनों सीमाओं पर परिचालन गतिशीलता का गहन ज्ञान और गहरी समझ है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्र के प्रति उनकी महत्वपूर्ण सेवा के लिए, उनको परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

गौरतलब है कि जनरल उपेंद्र द्विवेदी को सेना प्रमुख बनाए जाने से पहले वह वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद को सुशोभित कर रहे थे। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने रविवार को नए सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने सोमवार को सेना के उप प्रमुख का पदभार संभाला।

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More