विधान सभा चुनाव 2024: लोबिन हेम्ब्रम की सियासत पर भाजपा का ताला! कौन होगा बोरियो में जेएमएम का ट्रंप कार्ड

रांची: विधायकी छोड़ संसद पहुंचने की ख्वाहिश पाले लोबिन हेम्ब्रम राजमहल में अपना करिश्मा दिखलाने में असफल साबित हुए. जिस लोबिन हेम्ब्रम को विजय हांसदा के विजय रथ पर ताला माना जा रहा था, वह महज 42140 वोट लाकर तीसरे स्थान पर सिमट गयें. इसके साथ ही लोबिन की सियासत भी फंसती नजर आ रही है. विधान सभा की रणभेरी बज चुकी है, झामुमो हो या भाजपा अपने-अपने लिए मजबूत सियासी घोड़े की तलाश में हैं. लेकिन बोरियो से पांच बार विधान सभा का सफर करने वाले लोबिन का आज कहां खड़े है? यह सवाल गहराने लगा है. झामुमो पार्टी विरोधी गतिविधि का आरोप लगाते हुए पहले ही निष्कासन का नोटिस थमा चुकी है और जिस जल, जंगल और जमीन की सियासत लोबिन करते रहे हैं, 1932 का खतियान, झारखंडी भाषा और अस्मिता का मुद्दा उठाते रहे हैं, खुले रुप में भाजपा को आदिवासी विरोधी बताते रहे हैं, लोबिन का अगला सियासी पड़ाव क्या होगा? यह एक अबूझ पहेली बनती नजर आ रही है, हालांकि लोबिन अभी भी अपने आप को झामुमो का सिपाही मानते हुए, यहा दावा ठोक रहे हैं कि उनकी कोशिश महज झामुमो का कोर मुद्दों को उठाने की थी. झामुमो को फजीहत से बचाने की थी, लेकिन झामुमो को फजीहत से बचाने का दावा कर रहे लोबिन खुद ही चक्रव्यूह में सियासी फजीहत के मुहाने पर खड़े नजर आ रहे हैं.
झामुमो को अलविदा कर भाजपा की सवारी करने का विकल्प
यदि झामुमो अपना निष्काषण वापस नहीं लेती है, तो फिर दो ही विकल्प बचते हैं, या तो पुराने मुद्दे और सियासत को अलविदा कहते हुए भाजपा की सवारी की जाय, या फिर निर्दलीय रुप से मैदान में कूदा जाय. लेकिन क्या पुराने मुद्दों को अलविदा कहने के बावजूद लोबिन के लिए भाजपा की सवारी इतनी आसान रहने वाली है, यदि भाजपा लोबिन को पार्टी में एंट्री का हरि झंडी दिखलाती है, तो फिर उस ताला मरांडी की सियासत का क्या होगा? जो 2014 और 2005 में बोरियो से लोबिन को सियासी शिकस्त दे चुके हैं? क्या फिर भाजपा ताला मरांडी के लिए किसी नये ठिकाने की खोज करेगी? और क्या उस हालत में ताला मरांडी भाजपा के साथ खड़ा रहेंगे? वैसे भी ताला मरांडी का पार्टी बदलने का पुराना इतिहास रहा है. और सियासी जीवन की शुरुआत भी कांग्रेस के साथ ही हुई थी, आजसू भी उनका एक ठिकाना रहा है. इस हालत में यदि भाजपा में लोबिन की एंट्री होती है, तो ताला मरांडी पलटी मार जाय, यह हैरत की बात नहीं होगी. वैसे भी संताल और कोल्हान का जो सियासी मिजाज फिलहाल दिख रहा है, विधान सभा पहुंचने की हसरत पाले ताला मरांडी के लिए कांग्रेस-झामुमो की सवारी सियासी रुप से ज्यादा मजबूत विकल्प होगा. झामुमो को भी एक चेहरा भी मिल जायेगा और इसके साथ ही हर दिन पार्टी के सामने एक नयी मुसीबत खड़ा करते लोबिन से मुक्ति भी.
कौन होगा झामुमो का तुरुप का पत्ता
या फिर झामुमो के पास बोरियो के लिए कोई और तुरुप का पता है, जिसे वह अभी खोलना नहीं चाह रही है. क्या वह तुरुप का पता सूर्य नारायण हांसदा होने वाले हैं. यह वही सुर्य नारायण हांसदा हैं जो 2019 में लोबिन के सामने भाजपा की ओर से मुकाबले में थें, इसके पहले वह बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के बनैर तले भी 2009 और 2014 में बोरियो से अपनी किस्मत आजमा चुके हैं. हालांकि फिलहाल सुर्य नारायण हांसदा भाजपा के साथ है, लेकिन लोबिन की काट में झामुमो के लिए सुर्य नारायण चेहरा नहीं होंगे, इससे इंकार नहीं किया जा सकता और यदि ऐसा होता है तो इस बार बोरियो विधान सभा में त्रिकोणीय मुकाबला भी देखने को मिल सकता है. जिसमें एक तरफ अपने लड़ाकू छवि के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में लोबिन हेम्ब्रम होंगे, तो भाजपा की ओर से ताला मरांडी के हाथ में कमान होगी और सुर्य नारायण हांसदा कमल छोड़ तीर थाम झामुमो की जीत का हुंकार लगा रहे होंगे.
त्रिकोणीय मुकाबले में किसका पलड़ा भारी
अब त्रिकोणीय मुकाबले में बाजी किसके हाथ आयेगी, यह तो चुनाव परिणाम ही बतायेगा, लेकिन जिस तरीके से लोकसभा चुनाव में लोबिन अपने ही विधान सभा में पिछड़ते नजर आये, उस हालत में क्या लोबिन विधान सभा चुनाव में झामुमो के सामने मजबूत चुनौती पेश कर पायेंगे? इस पर सवाल जरुर खड़ा होता है. हालांकि पांच बार का विधायक और आदिवासी मूलवासी मुद्दों पर मुखरता का लाभ मिल सकता है, लोकसभा चुनाव के वक्त भले ही मतदाताओं ने गंभीरता से नहीं लिया हो, लेकिन जब बात विधान सभा चुनाव की आयेगी, तो मतदाताओं का मिजाज बदल भी सकता है. लेकिन सबसे बड़ी चुनौती हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी समाज के बीच उमड़ता आक्रोश और उस आक्रोश की सवारी करती झामुमो की सियासत है. क्या इस तूफान में लोबिन अपनी किस्ती निकाल ले जायेंगे, या ताला मरांडी आदिवासी समाज को अपने साथ मोड़ पाने में सफल होंगे या फिर ये दोनों ही चूके हुए तीर साबित होंगे, और इस तूफान में झामुमो जिसे भी अपना चेहरा बनायेगा, वह बाजी मार ले जायेगा, यह सब कुछ चुनाव परिणाम से ही साफ होगा.
