देवर हेमंत की रिहाई, भाभी सीता ने दी बधाई! असमंजस के किस मोड़ पर खड़ी है सोरेन परिवार की बड़ी बहू

रांची: सियासी परिवारों में बगावत की एक पुरानी परंपरा है, इसकी दर्जनों कहानियां आपके आसपास तैरती मिलेगी. हालिया दिनों में यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की पत्नी अर्पणा यादव, उस समाजवादी विचारधारा को त्याग कर भाजपा के साथ खड़ी हो गयी, जिस समाजवादी विचारधारा की नींव ससुर मुलायम सिंह यादव ने बेहद मुश्किल चुनौतियों का सामना करते हुए तैयार की थी. स्कूल की मास्टरी और साइकिल की सवारी से शुरु हुआ मुलायम सिंह का सियासी सफर इसी समाजवादी फलसफे के आसपास घूमता रहा. लेकिन बदले दौर और निजी महात्वाकांशा की कसमसाहट में अर्पणा यादव को भाजपा के साथ खड़ा होने में कोई हिचक महसूस नहीं हुई. अजीत पवार, जिन्हे कभी अघोषित रुप से चाचा शरद पवार का सियासी वारिस माना जाता था, भाजपा के साथ खड़ा होने में भी वैचारिक झिझक महसूस नहीं हुई, जिस चाचा की अंगुलियों को पकड़ कर राजनीति का ककहरा सीखा, बदलते दौर में उन अंगुलियों को झिड़कते हुए आत्मग्लानि का एहसास नहीं हुआ. ठीक यही स्थिति झारखंड में देखने को मिली, जिस सीता सोरेन को कभी पार्टी में दिशोम गुरु की बड़ी बहू के रुप में एक रुतबा प्राप्त था, सीता सोरेन को उस रुतबे और सम्मान में अपनी सियासी महत्वकांक्षा की पूर्ति होती नजर नहीं आयी और इधर देवर हेमंत की कालकोठरी की यात्रा हुई और उधर भाभी सीता उसी भाजपा के साथ खड़ी हो गयी, जिस भाजपा पर देवर हेमंत को कालकोठरी में कैद करने का आरोप लग रहा था. देवर हेमंत की गिरफ्तारी में भाभी सीता को एक सियासी अवसर दिखा, दिल्ली और रांची में ताजपोशी देखी.
सियासी महत्वाकांक्षाओं की टकराहट
दरअसल एक वक्त के बाद एक परिवार के अंदर सियासी महत्वाकांक्षाओं की टकराहट की स्थिति बन ही जाती है, सबकी नजरे उस बड़ी कुर्सी पर टिकी नजर आती है, जिसके पहले से भी परिवार का कोई दूसरा सदस्य काबिज होता है, इस हालत में सियासी महत्वकांक्षाओं का विस्तार में दूसरी पार्टियों दामन थामने की नौबत आ खड़ी होती है, लेकिन इसका मतलब कदापी नहीं है कि आपसी रिश्तों की बलि चढ़ा दी जाय. ऐसे कई अनगिनत कहानियां है, जहां एक ही परिवार के अंदर अलग अलग पार्टियों का प्रतिनिधित्व होता रहा, लेकिन रिश्ते की मर्यादा बची रही, क्या किसी ने कभी वरुण गांधी को बड़े भाई राहुल गांधी के खिलाफ कोई टिप्पणी करते सुना, जबकि वरुण गांधी कई बार सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ मैदान में उतराने की कोशिश हुई, लेकिन वरुण गांधी ने इसे सीधे नकार दिया.
ताला टूट चुका, देवर हेमंत की रिहाई हो गयी, लेकिन भाभी सीता को इसकी भनक नहीं
जेल का ताला कोई मामूली ताला है क्या?
जो हर दिन टूटता ही रहेगा। #सीता_संग_दुमका #उत्कृष्ट_दुमका #PhirEkBaarModiSarkar #LokSabhaElections2024 #ModiOnceMore2024 #Dumka #Jharkhand @BJP4India @narendramodi @AmitShah @JPNadda @blsanthosh @LKBajpaiBJP @yourBabulal @BJP4Jharkhand pic.twitter.com/wydKd918vP— Sita Soren (@SitaSorenMLA) May 10, 2024
फिर सीता सोरेन में ऐसा क्या हुआ कि जिस हेमंत की रिहाई पर पूरे झारखंड के आदिवासी समाज के बीच एक जश्न की स्थिति है. मिठाइयां बांटी जा रही है, गुलाल लगाये जा रहे हैं, उस जश्न पर एक सहानूभूति के शब्द कहने के बजाय सीता सोरेन यह कहती नजर आ रही है कि “जेल का ताला कोई मामूली ताला है क्या?जो हर दिन टूटता ही रहेगा” जैसे भाभी सीता को इस बात का एहसास ही नहीं हो, कि ताला तो टूट चुका है, देवर हेमंत की रिहाई हो चुकी है. लेकिन इसके विपरीत वह अजेय भारत, विजयी भारत, बधाई भारत की बधाई देती नजर आ रही है. जब देवर हेमंत की रिहाई के लिए अंतिम लड़ाई लड़ी जा रही थी, उस रात को वह लिखती हैं कि “आईसीसी #T20WorldCup के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के विरुद्ध शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाने पर भारतीय क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों और देशवासियों को हार्दिक बधाई” T20WorldCup के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के विरुद्ध भारत की जीत को अजेय भारत, विजयी भारत, बताने वाली भाभी सीता के लिए अपने देवर की रिहाई पर दो शब्द नहीं निकलें. झामुमो के साथ रहकर जल जंगल और जमीन की बात करने वाली सीता अपने भगवा रुप में गाय की महिमा गाती नजर आ रही है. वह लिखती हैं कि “सब वेद पुराण गाय की महिमा गाते है,गाय की रक्षा करने स्वयं भगवान आते है” यह वही सीता हैं,जो झामुमो के साथ रहते हुए सरना धर्म कोड की बात करती थी, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता के सवालों को उठाती थी, आदिवासी पहचान पर छाये संकट को आवाज देती थी.
जामा से जीत विधान सभा पहुंचने की चुनौती
हालांकि यह सियासी बदलाव उनका अपना फैसला है, लेकिन देवर हेमंत की रिहाई पर शब्दों की कंजूसी, उस जामा में मुसीबत खड़ी कर सकती है, जहां महज पांच महीनों के अंदर चुनावी अखाड़े में उतरना है. और यदि वह सीट भी सीता सोरेन निकालने में असफल रहती है, तो भाजपा के लिए सीता की कोई उपयोगिता बाकी नहीं रहेगी, आज यही स्थिति अर्पणा यादव की है, और ठीक यही स्थिति में अजीत पवार आकर खड़े हो चुके हैं.
सियासी असमंजस के दौर में सीता
वैसे सियासी जानकारों का दावा है कि दुमका में मिली शिकस्त के बाद सीता सोरेन सियासी असमंजस के दौर से गुजर रही है. समझ में नहीं आ रहा है कि आगे रास्ता क्या है? जिस भाजपा के आसरे परिवार से बगावत की थी, उस भाजपा ने अपनी किसी समिति में स्थान नहीं दिया, जबकि दूसरी ओर हार के बावजूद गीता कोड़ा को पार्टी में सम्मान और भागीदारी मिल रही है. इसी असमंजस में सीता कभी गौ माता की महिमा गाती नजर आती हैं तो कभी T20WorldCup में भारत की जीत पर अपनी खुशी का इजहार करती है. लेकिन इन मुद्दों के सहारे झारखंड में कौन सी सियासी फसल काटी जा सकती है? यह एक बड़ा सवाल है, आदिवासी बहुल झारखंड का अपना सियासी मिजाज और जमीनी मुद्दें है, जो T20WorldCup में मिली हार और जीत से कहीं ज्यादा दुरुह है. देखना होगा कि भाभी सीता को अपने देवर की याद कब आती है, और देवर हेमंत को अपनी उस भाभी का ख्याल कब आता है, जिसने इतना लाड़-प्यार दिया, यह ठीक है भाभी सीता के सीने में भी सियासी महत्वकांक्षाओं के हिलोरें थें, जिसे वे वक्त रहते महसूस नहीं कर पायें, लेकिन इससे साथ ही कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं कोई बेवफ़ा नहीं होता,
