बदलते मौसम का दौर! आषाढ़ में ‘हेमंत’ का आगवन, क्रांति भूमि भोगनाडीह से उलगुलान

रांची: 30 जून 1855, आदिवासी इतिहास का वह स्वर्णिम दिन है, जब साहिबगंज के भोगनाडीह में हजारों की संख्या में जुटे संताल आदिवासियों ने अपने-अपने हाथों में तीर-धनुष को लहराते हुए अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ बगावत का खुला एलान किया था, और इस एलान के साथ ही सिद्धू को अपना राजा, कान्हू को मंत्री, चांद को प्रशासक और भैरव को सेनापति के रुप में इस उलगुलान को आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी सौंपी थी. 1857 के सिपाही विद्रोह से ठीक पहले आदिवासी समाज का यह उलगुलान, उस तरीके से इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो सका, जिसका वह वाकई हकदार था. यह वही 30 जून 1855 है, जिस दिन हूल या फिर संताल विद्रोह की शुरुआत होती है. इतिहासकारों का दावा कि इस दिन 400 गांवों से करीबन 50 हजार संताल आदिवासियों का महाजुटान हुआ था. और सभी ने एक स्वर से अंग्रेजों को मालगुजारी देने से इंकार करते हुए. अपनी माटी अपना शासन का शंखनाद किया. आदिवासी समाज के इस आक्रोश का शिकार अंग्रेजी सिपाहियों के साथ ही स्थानीय जमींदार भी हुए. बदले में अंग्रेजों ने पहले चांद -भैरव की हत्या की और बाद में 26 जुलाई 1855 को भोगनाडीह में सिद्धो और कान्हो को पेड़ से लटका कर शहीद किया गया. संताल समाज आज भी इस दिन को अपने शौर्य दिवस के रुप में याद करता है.
बदलते मौसम का दौर, आषाढ़ में हेमंत का आगवन
कल 30 जून है, आषाढ़ का महीना है, पूरे झारखंड में मानसून की दस्तक हो चुकी है. आदिवासी-किसान खेती-किसानी की तैयारियों में जुट गये हैं, बीज-बुआई की जा रही है, और इधर पूर्व सीएम हेमंत पांच महीनों के कारागर की जिंदगी गुजारने के बाद कल उसी भोगनाडीह में होंगे. अपनी गिरफ्तारी को झूठ की बुनियाद पर महल खड़ा करने की भाजपा की हसरत बताते हुए उन्होंने इस फैसले के लिए न्यायपालिका को शुक्रिया अदा किया है, जिसके आगे ईडी की दलीलें काम नहीं आयी, और कोर्ट ने सारी दलीलों को खारिज करते हुए खुली हवा में सांस लेने की छुट्ट प्रदान की. हेमंत सोरेन अपनी इस जेल यात्रा को सीधे-सीधे भाजपा के साथ जोड़ते हैं. उनका दावा है कि भाजपा की नजर झारखंड की जल जंगल और जमीन पर है. जिस जल जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज की मिल्कियत के लिए सिद्हो-कान्हू ने अपनी शहादत दी , चांद-भैरव को जिंदगी गंवानी पड़ी. उस उलगुलान के 169 वर्ष बाद भी आदिवासी समाज का जल जंगल और जमीन सुरक्षित नहीं है. आज भी आदिवासी समाज की अस्मिता पर एक विजातीय दवाब है. खेत-खलिहानों पर कॉरपोरेट कंपनियों की नजर है, और इसका प्रतिकार और प्रतिरोध की वजह से हमें जेल के सींखचों के पीछे रखा गया, जल जंगल और जमीन की लड़ाई की कीमत चुकानी पड़ी, यही हमारा जुर्म है, पूर्व सीएम हेमंत ने कई अवसरों पर इस बात का दावा किया है कि यदि वह भी भाजपा की इन नीतियों के साथ खड़ा होते, जल जंगल और जमीन की इस लूट में भाजपा का साझीदार बनना स्वीकार करते तो आज हम भी अमन चैन की जिंदगी जी रहे होते, जैसे की देश के दूसरे कई हिस्सों में कई राजनेता कर रहे हैं, जिसकी एक लम्बी फेहरिस्त है, जिसे कल तक पीएम मोदी अपनी रैलियों में देश का सबसे भ्रष्ट व्यक्ति और घराना बता रहे थें, अगले ही सप्ताह वह कमल की सवारी करता है, और सारी ईडी और सीबीआई पीछे छुट जाती है, कोई मंत्री बनता है, कोई मुख्यमंत्री पद से नवाजा जाता है, लेकिन हमने जेल जाने का रास्ता चुना, प्रतिकार और प्रतिरोध का रास्ता अपनाया, और इसकी कीमत कालकोठरी में बंद होकर चुकानी पड़ी.
हेमंत सोरेन के चेहरे पर दृढ़ निश्चय की झलक, भाजपा की नयी चुनौती!
कल चार बजे के आसपास होटवार जेल से बाहर कदम रखते हुए, हेमंत के चेहरे पर कोई भय की छाया नहीं थी, इसके विपरीत भाव भंगिमा में एक दृढ़ निश्चय नजर आ रहा था. संकल्प की झलक नजर आ रही थी. और रात जाते-जाते यह खबर आयी कि 30 जून को हेमंत भोगनाडीह में होंगे. सीएम चंपाई की मौजूदगी में उसी संताल आदिवासी समाज के बीच में होंगे, जिसके पुरखों ने आज से करीबन 169 वर्ष पहले अपनी देशज सत्ता के लिए अग्रेजों के खिलाफ बगावत की आवाज बुलंद की थी. और इस लड़ाई में करीबन 20 हजार आदिवासियों को अपनी जिंदगी गंवानी पड़ी थी. किसी को पेड़ से लटका कर फांसी की सजा दी गई तो किसी को गोलियों से भून दिया गया. बावजूद इसके आदिवासी समाज की आग आज भी नहीं बुझी है. आज भी आदिवासी समाज के लिए जल जंगल और जमीन अस्मिता की पहचान और खेत –खलिहान उनकी विरासत और धरोहर है.
आभार यात्रा की शुरुआत, विधान सभा चुनाव का शंखनाद
बताया जा रहा है कि उसी संताल आदिवासी समाज के बीच से पूर्व सीएम हेमंत अपनी आभार यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं. झामुमो का यह आभार यात्रा सभी 81 विधान सभाओं से होकर गुजरेगी. और इस आभार यात्रा के माध्यम से हेमंत की गिरफ्तारी के पीछे की साजिश और भाजपा के हथकंडों का पर्दाभाश किया जायेगा.
दो नैरेटिव का संघर्ष, बाजी किसके हाथ?
यही उनका नैरेटिव है, जिसको अब आदिवासी-मूलवासी समाज के साथ ही सम्पूर्ण झारखंड में फैलाने की तैयारी की जा रही है, हेमंत की गिरफ्तारी को आदिवासी-मूलवासी समाज की अस्मिता से जोड़कर परोसनी को कोशिश की जा रही है, दूसरी तरफ भाजपा की कोशिश केन्द्र सरकार की उन योजनाओं की जानकारी जमीन तक पहुंचाने की कोशिश है, जिससे बूते आदिवासी समाज को पांच किलो राशन मिलता है, किसानो को पीएम किसान सम्मान निधि के पैसे मिलते हैं, महिलाओं को उज्जवला कनेक्शन मिला है और पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में पूरी दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है. साथ ही यह बताने की कोशिश है, हेमंत की गिरफ्तारी तो उसके भ्रष्टाचार के कारण हुई है, भला वह व्यक्ति आदिवासी समाज का नायक कैसे हो सकता है, जिसके उपर भ्रष्टाचार के अनकों मामले दर्ज है, जिसके इर्द गिर्द रहने वालों पर ईडी की नजर है, मंत्रियों के नौकरों के घर से करोड़ों का कैश बरामद हो रहा है, अधिकारियों को विभिन्न मामलों में जेल की हवा खानी पड़ रही है.
बाबूलाल मरांडी की अग्नि परीक्षा
अब देखना होगा कि आने विधान सभा चुनाव में किसकी नैरेटिव काम आती है, क्या लोकसभा चुनाव में आदिवासी सीटों से सफाये के बाद भाजपा विधान सभा चुनाव में अपनी वापसी करती है, या फिर लोकसभा चुनाव में आदिवासी सीटों से सफाये के बाद हेमंत के नेतृत्व में उसे गैर आदिवासी सीटों पर भी मजबूत टक्कर मिलती है. एक संदेश साफ है कि इस गिरफ्तारी के बाद हेमंत का सियासी कद में विस्तार हुआ है. अब वह सिर्फ झारखंड में नहीं, देश स्तर पर एक बड़े आदिवासी नेता के रुप में स्थापित हो चुके हैं. इस हालत में भाजपा के लिए विधान सभा चुनाव में लोकसभा चुनाव परिणाम को ही दुहराना मुश्किल है, आदिवासी बहुल सीटों पर जीत हासिल करना तो और भी मुश्किल काम है, लेकिन राजनीति में नैरेटिव बदले देर नहीं लगती, खास कर तब जब भाजपा आलाकमान ने इस बार झारखंड में कमल खिलाने की जिम्मेवारी मामा शिवराज के कंधों पर सौंप दी है. लेकिन असली अग्नि परीक्षा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मंराडी की होनी है, क्या जिस आदिवासी समाज ने लोकसभा चुनाव में उन्हे अपना नेता मानने से साफ इंकार कर दिया, विधान सभा चुनाव में वह उनके चेहरे पर मुहर लगायेगी, यह देखने वाली बात होगी
