हेमंत सोरेन के जमानत के फैसले का स्वागत : भाजपा

रांची, 28 (आईएएनएस)। जमीन घोटाले के मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट के इस फैसले पर तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इसी बीच भाजपा ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है।

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने रांची में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी कोर्ट के फैसले का सम्मान करती है। कोर्ट ने हेमंत सोरेन को जेल भेजा था और अब उसी ने उन्हें जमानत दे दी है। हम कोर्ट के दोनों आदेशों का सम्मान करते हैं। देश की न्याय व्यवस्था पर हमें सौ प्रतिशत भरोसा है।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी नेता जब जेल जाते हैं, तब कहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी या भाजपा ने उन्हें जेल में डाला है। लेकिन, जब उन्हें कोर्ट से जमानत मिलती है और वह रिहा होकर जेल से बाहर आते हैं तो “सत्यमेव जयते” कहते हैं।

उन्होंने कहा कि यह विपक्ष का दोहरा चरित्र है, उन्हें इससे बाहर निकलना चाहिए। देश की न्यायपालिका ईमानदारी से अपना काम करती है, इसे हमें स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि झारखंड में हम पूर्ण बहुमत की सरकार के लिए मेहनत कर रहे हैं। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और इस लोकसभा चुनाव में राज्य में हमें 80 लाख मतदाताओं का वोट मिला है। इंडिया गठबंधन को 65 लाख वोट ही मिला है। लोकसभा चुनाव के दौरान झारखंड के मतदाताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया है।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More