अक्षरधाम मंदिर में नशे के खिलाफ किया जागरूक

नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर नई दिल्ली में ‘हग्स लाइफ होलिस्टिक ड्रग डी-एडिक्शन रिहैबिलिटेशन सेंटर एंड कंसल्टेशन एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ द्वारा ‘ड्रग एडिक्शन रिफॉर्म एंड रिहैबिलिटेशन’ पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सह आयोजक तेजेंद्र सिंह ने इस कार्यक्रम के लिए अक्षरधाम मंदिर परिसर को चुनने के पीछे का रहस्य बताया। उन्होंने कहा कि अपने जीवनकाल में भगवान स्वामीनारायण ने 3,000 साधुओं को गांवों में भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों को नशा छोड़ने की सलाह दी।

प्रमुख स्वामी महाराज (1921-2016) ने इस आंदोलन को आधुनिक युग में भी जारी रखा। उनके प्रयासों से भारत और दुनिया भर में लाखों लोग नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित हुए। अपने जीवनकाल में प्रमुख स्वामी महाराज ने दुनिया भर में 40 लाख से अधिक लोगों को व्यसन छोड़ने के लिए प्रेरित किया। इनमें उद्यमी, विश्व नेता, शोध वैज्ञानिक, किसान और आदिवासी समुदाय शामिल थे। पूरे विश्व में अक्षरधाम संस्था नशा मुक्ति के लिए कार्य कर रही है।

अक्षरधाम मंदिर की एक स्वयंसेविका मीरा सोंडागर ने कहा कि आज अक्षरधाम संस्था के अध्यक्ष और गुरु महंत स्वामी महाराज असंख्य लोगों को व्यसन की बेड़ियों से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अक्षरधाम संस्था का नशा मुक्ति कार्यक्रम अब स्कूलों पर भी ध्यान देता है। किशोरों को गुटखा और धूम्रपान से दूर रहने या छोड़ने के लिए प्रेरित करने के लिए अनेक बार स्कूलों का दौरा किया है।

कार्यक्रम में दिल्ली के नारकोटिक्स आयुक्त दिनेश बौद्ध ने कहा कि दुनिया भर में हर साल 70,000 से 80,000 लोग नशे की लत के कारण मरते हैं। उन्होंने 26 जून को नशे की लत और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से यह प्रतिज्ञा करने का आग्रह किया कि हम नशे की लत से बचेंगे और दूसरों को भी ऐसा करने में मदद करेंगे।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर ने नशा मुक्त भारत के साथ-साथ स्वच्छता, डिजिटल लेन-देन, योगाभ्यास, वोकल फॉर लोकल, बाजरा उपभोग और जैविक खेती आदि पर जोर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास बंधु आठवले थे। उन्होंने नशा मुक्ति के साथ सड़क निर्माण, हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण और रोजगार जैसे विकास के क्षेत्र में पीएम के प्रभावशाली कार्यों के बारे में बात की। उन्होंने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले 25 करोड़ लोगों के उत्थान के लिए सरकार की ओर से किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

–आईएएनएस

एकेएस/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More