उम्मीद है ओम बिरला निष्पक्ष रूप से सदन चलाएंगे : राजद

पटना, 26 जून (आईएएनएस)। ओम बिरला को दूसरी बार लोकसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया है। वो ध्वनिमत से लोकसभा के नए स्पीकर चुने गए।

ओम बिरला के स्पीकर चुने जाने पर राष्ट्रीय जनता दल की प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि हम सबको उनसे अपेक्षा है कि वो सदन के कस्टोडियन हैं, सदन को सफलता से संचालित कराना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। लोकतंत्र पर हमला न हो और संसदीय आचरण सुरक्षित रहे।

सदस्यों को सदन से निलंबित करने का वो काला अध्याय फिर से न दोहराया जाए। विपक्ष देश की आवाज है, इसलिए सत्ता पक्ष को देश की आवाज को सुनना चाहिए। तंत्र को निष्पक्ष होना चाहिए।

18वीं लोकसभा में स्पीकर बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ओम बिरला को आसन तक लेकर गए। इस दौरान संसद में मौजूद सभी सांसदों ने उनका स्वागत किया और बधाई दी।

बता दें कि ओम बिरला राजस्थान की कोटा संसदीय सीट से सांसद हैं। उन्होंने 2014, 2019 और 2024 लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की। वो पांचवे ऐसे नेता बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर की जिम्मेदारी संभाली है।

इससे पहले 1956 से 1962 तक एमए अय्यंगार, 1969 से 1975 तक जीएस ढिल्लों, 1980 से 1989 तक बलराम जाखड़, 1998 से 2002 तक जीएमसी बालयोगी लोकसभा अध्यक्ष रहे हैं। नीलम संजीव रेड्डी ने 1967 से 1969 तक फिर मार्च 1977 से जुलाई तक दो बार लोकसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई थी।

–आईएएनएस

एसएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More