झारखंड की सियासत में रघुवर राज की वापसी! विधान सभा चुनाव के पहले चेहरा बदलने की तैयारी

रांची: 14 वर्षों का वनवास खत्म कर जैसे ही पूर्व सीएम बाबूलाल की भाजपा में वापसी हुई और उसके तुरंत बाद पूर्व सीएम रघुवर दास को ओडिशा के राज्यपाल के रुप में ताजपोशी की खबर आयी. सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गयी कि रघुवर दास को किनारा कर भाजपा केन्द्रीय आलाकमान ने बाबूलाल को झारखंड में सियासी प्रयोगों के लिए खुला हाथ देने का फैसला किया है. दावा किया गया कि जिस तरीके से 2015 के विधान सभा चुनाव में बगैर चेहरे के फतह के बाद रघुवर दास को सत्ता सौंपी गयी. इस आदिवासी बहुल राज्य में सीएम की कुर्सी पर नवाजा गया और इस चाल को पीएम मोदी का मास्टर स्ट्रोक बताया गया, उसका झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज में एक नकारात्मक संदेश गया और 2019 के विधान सभा चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी. जिस रघुवर दास ने अपने सियासी हनक में आजसू को किनारा कर भाजपा की ताकत के बूते विधान सभा चुनाव में उतरने का फैसला किया, खुद सीएम रहते अपनी कुर्सी नहीं बचा सके, और अपने ही मंत्री सरयू राय के हाथों परास्त हो गयें.
आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के बाद भाजपा का नया सियासी प्रयोग
रघुवर दास को इसकी कीमत भी चुकानी पड़ी और बाबूलाल की घर वापसी के बाद मन मारकर राज्यपाल की भूमिका को स्वीकार करना पड़ा. इधर बाबूलाल के लिए मैदान क्या साफ हुआ, सियासी प्रयोगों का सिलसिला शुरु हो गया. कभी सीता गीता की जोड़ी के सहारे कोल्हान संताल को भेदने का सपना पाला गया, तो कभी अपनी पूर्ववर्ती पार्टी झाविमो से लाये गये चेहरों को संगठन में बिठाया गया. हालांकि बाबूलाल की यह उर्जा जितनी सोशल मीडिया पर उनके तेवरों में देखने को मिली , जमीन पर संघर्ष कम मिला. यानि सिर्फ पीएम मोदी के चेहरे के भरोसे, झारखंड में वापसी का सपना पाला गया, लेकिन इन सारे सपनों की हकीकत तब खुल गयी, जब लोकसभा चुनाव में भाजपा का आदिवासी बहुल सारी सीटों से एकबारगी सफाया हो गया. जिसका मतलब साफ था कि जिस आशा और रणनीति के साथ भाजपा ने बाबूलाल को झारखंड का नेतृत्व सौंपा था, बाबूलाल उस कसौटी पर खरे नहीं उतरे.
बाबूलाल को नेता स्वीकार करने को तैयार नहीं हुआ आदिवासी-मूलवासी समाज
तमाम दावों के बावजूद आदिवासी मूलवासी समाज उन्हे अपना नेता मानने को तैयार नहीं हुआ, इधर जिस सीता के सहारे संताल को भेदने का सपना पाला गया था, अपनी हार के बाद वही सीता बाबूलाल को कटघरे में खड़ा कर रही थी. अपनी हार का ठीकरा फोड़ रही थी, दुमका से लेकर गोड्डा तक भाजपा में कोहराम मचता नजर आया और अब जो खबर सामने आ रही है, उसके अनुसार बाबूलाल की असफलता के बाद भाजपा एक बार फिर से एक नये सियासी प्रयोग की तैयारी में है. आदिवासी मतदाताओं से निराश, अब वह पिछड़ा कार्ड खेल कर सत्ता में वापसी चाहती है. इस पिछड़ा कार्ड को खेलने की जिम्मेवारी पूर्व सीएम रघुवर दास के कंधों पर देने की तैयारी है, और यदि ऐसा होता है, तब देखना दिलचस्प होगा कि उस रघुवर राज में बाबूलाल मरांडी की भूमिका क्या होती है? साथ ही पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा कहां खड़े नजर आते हैं?
