विधान सभा चुनाव 2024: हुसैनाबाद में गहराया कमलेश सिंह पर संकट!

रांची: देश में चलता पीएम मोदी का जादू और झारखंड में हेमंत सरकार पर गहराते संकट के बादल के बीच, वक्त की नजाकत के समझते हुए, अपनी तीसरी पारी की गारंटी के लिए कमलेश सिंह ने महागठबंन से रिश्ता तोड़ते हुए एनडीए की सवारी का फैसला तो कर लिया, लेकिन लगता है कि सियासत के असली पीच पर कमलेश सिंह का यह मैथ काम नहीं आया. एक तरफ जिस अजीत पवार के साथ गलबहियां करते हुए शरद पवार को गच्चा दिया था. महाराष्ट्र की राजनीति से उस अजीत पवार का सफाया हो गया. इस बार केन्द्रीय मंत्रिमंडल से भी विदाई हो गयी. वहीं जिस हेमंत सरकार को संकट ग्रस्त समझने की भूल की थी. कल्पना सोरेन की एंट्री के बाद झामुमो और भी ताकतवर होकर सामने आता दिख रहा है. लेकिन कमलेश सिंह का संकट झामुमो की मजबूती से नहीं , दिकक्त तो उस भाजपा से है, जिसके साथ चलते हुए ‘पीएम मोदी का जादू’ के सहारे की उम्मीद थी. इस बात का विश्वास था कि अपने जनाधार के साथ यदि भाजपा का सहयोग मिल गया तो तीसरी पारी तय है. लेकिन अब तो भाजपा इस बात से ही इंकार कर रही है कि झारखंड में एनसीपी कभी एनडीए का हिस्सा भी थी. उसका तो  दावा है कि पलामू की रैली में ही पीएम मोदी ने साफ कर दिया था कि झारखंड की सियासत में भाजपा का एनसीपी के साथ कोई समझौता नहीं है. उसका एकमात्र सहयोगी आजसू है और भाजपा आजसू के सिवा किसी और से कोई समझौता नहीं करने वाली.

कमलेश सिंह की उम्मीदों पर फिरा पानी

कमलेश सिंह के उम्मीदों पर पानी फेरते हुए हुसैनाबाद विधान सभा से 2019 में स्वतंत्र प्रत्याशी, और बाद के दिनों में भाजपा की सवारी कर चुके विनोद सिंह ने कहा कि झारखंड में भाजपा का गठबंधन सिर्फ और सिर्फ आजसू के साथ है, खुद प्रधानमंत्री इसकी घोषणा कर चुके हैं, इसके बावजूद यदि कोई सपना पालता है, तो यह उसकी समस्या है. साफ है कि भाजपा कमलेश सिंह से पल्ला झाड़ती नजर आ रही है.  यह ठीक है कि यह बयान एक पूर्व प्रत्याशी का, जिसके अंदर इस बार भी हुसैनाबाद के जंग में उतरने की चाहत रही होगी और बहुत संभव है कि इसी चाहत में भाजपा का दामन थामा होगा,  लेकिन यहां  तो सवाल पीएम मोदी का है.  जिनके द्वारा एनसीपी को झारखंड में भाजपा का पार्टनर नहीं बताया गया है.  हालांकि इस दावे के बावजूद कमलेश सिंह अभी भी भाजपा के साथ गठबंधन की उम्मीद पाले हैं. कभी तल्ख तो कभी नरम रुख अख्तियार करते हुए अजीत पवार के साथ राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन की दुहाई दे रहे हैं. लेकिन क्या महाराष्ट्र की सियासत से सफाये के बाद अजीत पवार की वह हैसियत बची है कि वह झारखंड में अपने हिस्से एक सीट मांग सकें. मुमकिन तो नहीं लगता, और  यदि यह गठबंधन स्वरुप ग्रहण नहीं करता है, फिर कमलेश सिंह की सियासत का क्या होगा? आज यह सवाल हुसैनाबाद की गलियों में चर्चा का विषय है?

हुसैनाबाद से ताल ठोकने की तैयारी में आजसू के शिवपूजन मेहता

कमलेश सिंह की मुसीबत सिर्फ भाजपा बेरुखी ही नहीं है. जिस आजसू को झारखंड में भाजपा का एकलौता गठबंधन सहयोगी बताया जा रहा है. वह आजसू भी हुसनाबाद के जंग में ताल ठोकने की तैयारी में है. 2014 में हाथी की सवारी कर विधान सभा पहुंचने वाले शिवपूजन मेहता हाथी छोड़ आजसू की सवारी कर चुके हैं. 2019 में भी वह आजसू के बनैर तले मैदान में थें. हालांकि उस मुकाबले में शिवपूजन मेहता को महज 15,544 वोट आया था और पांचवे स्थान पर संतोष करना पड़ा था, जबकि विनोद कुमार सिंह स्वतंत्र उम्मीदवार के बतौर भी 27,860 वोट लाने में सफल रहे थें, जिसके बाद ही भाजपा ने उन्हे अपने साथ खड़ा किया था, स्वाभविक तौर पर उन्हे टिकट का आश्वासन दिया गया होगा, लेकिन जिस तरीके से हालिया दिनों में हुसैनाबाद में आजसू की गतिविधियां काफी तेज हुई है, आजसू किसी भी कीमत पर इस सीट को छोड़ने को तैयार नहीं दिखती और 2014 के चुनाव परिणाम को देखते हुए भाजपा इस बार आजसू को किनारा करने की गलती दुहरायेगी, यह संभव नहीं लगता. इस  हालत में यदि यह सीट आजसू के हाथ आ जाय तो आश्चर्य नहीं होगा. 

क्या निर्दलीय ताल ठोकेंगे कमलेश सिंह?

इस हालत में कमलेश सिंह के सामने निर्दलीय मैदान में उतरने का ही विकल्प दिखलायी देता है और यदि ऐसा होता है तो यह बेहद दिलचस्प, लेकिन त्रिकोणीय मुकाबला होगा. एक तरफ आजसू के बनैर तले शिवपूजन मेहता मैदान में होंगे तो दूसरी तरफ महागठबंधन की ओर से संजय यादव और इन दोनों के सामने कमलेश सिंह की चुनौती. इसके साथ ही एनडीए और इंडिया गठबंधन की ओर से भी कई दूसरे चेहरों का निर्दलीय रुप से मैदान में उतरने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. इस हालत में जीत उसी के हाथ आयेगी, जो सामाजिक समीकरणों को साधने की स्थिति में होगा. इसके साथ ही कमलेश सिंह के सामने एंटी इनकंबेंसी से निपटने की चुनौती भी होगी. 

क्या कहता है सामाजिक समीकरण

आपको बता दें कि हुसैनाबाद विधान सभा में अति पिछड़ी जातियां करीबन-11 फीसदी, मुस्लिम-8 फीसदी, यादव-7 फीसदी, कोयरी-7 फीसदी. इसके साथ ही करीबन 35 फीसदी अगड़ी जातियों कीआबादी है. उम्मीदवारों की असली अग्नि परीक्षा इसी सामाजिक संरचना को साधने की होगी. यहां याद रहे कि 2019 के मुकाबले में कमलेश सिंह को 25 फीसदी मतों के साथ 41,293 वोट मिले थें, जबकि 31,444 मत के साथ राजद के संजय यादव दूसरे स्थान पर रहे थें. जबकि बसपा के शेर अली ने 28,877 मत लाकर तीसरा, स्वतंत्र उम्मीवार के रुप अखाड़े में उतरे विनोद कुमार सिंह ने 27,860 मतों के साथ चौथा और 15,544 मत के साथ आजसू के शिवपूजन मेहता ने पांचवा स्थान पाया था. जबकि 2014 में बसपा उम्मीदवार के तौर पर शिवपूजन मेहता को 57,275 मतों से जीत मिली थी. कमलेश सिंह को 29,523 मतों के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था

बसपा के सियासी बिसात से साफ होगी हुसैनाबाद की तस्वीर

साफ है कि हुसैनाबाद में बसपा का मजबूत जनाधार रहा है. इस हालत में देखना होगा कि बसपा किस चेहरे पर दांव लगाने का फैसला करती है. क्या वह एक बार फिर से शिवपूजन मेहता पर दांव लगा गेम पलटने की तैयारी में है? क्योंकि जिस शिवपूजन मेहता को आगे कर उसने 57,275 मतों के साथ जीत हासिल की थी, शेर अली को सामने लाते ही वह ग्राफ 28,877 सिमट गया. सियासत में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. हमें दिल थाम कर बसपा के पैंतरे का इंतजार करना होगा. उसके बाद ही सियासी तस्वीर कुछ साफ होती नजर आयेगी? इस सवाल का जवाब सामने आयेगा कि कमलेश सिंह की वापसी होगी या संजय यादव लालटेन जलाने में सफलता प्राप्त करेंगे या फिर शिवपूजन मेहता पहली बार हुसैनाबाद में आजसू का खाता खोलेंगे

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More