संथाल-कोल्हान फतह के बाद पलामू बना जेएमएम का नया बैटल ग्राउंड!

रांची: सियासत में कोई किसी की सगा नहीं होता, हर सियासी दल अपनी जरुरत और सियासी परिस्थितियों के अनुरुप अपनी रणनीतियों का निर्माण करता है. हर दल की चाहत अपने जनाधार में विस्तार और खुद के बूते सत्ता का रसास्वाद की होती है. हालांकि इन तमाम चाहतों के बीच कई बार सियासी मजबूरियों में गठबंधन का रास्ता भी अपनाना पड़ता है, लेकिन गठबंधन का मतलब यह कदापी नहीं होता कि विस्तार की चाहत पर विराम लगा दिया जाय और खास कर तब, जब उसका सहयोगी दल बेहद निष्क्रिय हो, ना तो उसके अंदर अपने विस्तार की चाहत हो और ना ही भविष्य की कोई कार्ययोजना, जिसके अंदर सिर्फ वर्तमान सत्ता का स्वाद चखने की होड़ मची हो, ना तो कोई सांगठनिक ढांचा हो और ना ही उस सांगठनिक ढांचा को मजबूती प्रदान करने की राजनीतिक दृष्टि. उसकी कुल जमा सक्रियता सिर्फ चुनावी अखाड़े में अधिक से अधिक सीटों पर दावेदारी भर तक सीमित हो.
पलामू में भाजपा को रोकने में असफल रही कांग्रेस
जबकि विपक्षी खेमा निष्क्रियता की इस जमीन पर सियासी फसल लहलहाने के लिए एक से बढ़कर एक कार्ययोजना तैयार करने में जुटा हो, झारखंड की सियासत में कुछ-कुछ यही होता नजर आ रहा है. जिस झामुमो को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के दौर में कोल्हान की पार्टी माना जाता था. खास कर कांग्रेस की ओर से झामुमो की यही तस्वीर पेश की जाने की कोशिश की जाती थी, जो अपने आठ-दस विधायकों के संख्या बल पर समझौते के लिए विवश तो कर सकता है, लेकिन अपने बूते सत्ता के शिखर तक नहीं पहुंच सकता, उसकी भूमिका हर बार कांग्रेस की पिछलग्गू बनने की भर है. लेकिन जैसे ही दिशोम गुरु के हाथ से झामुमो की कमान हेमंत तक पहुंची, झामुमो संताल से निकल कर कोल्हान तक अपना विस्तार करने में कामयाब रहा और हालत यह रही कि पूरे कोल्हान में एक भी कमल का फूल नहीं खिला, और कांग्रेस के हिस्से जो एक सीट आयी, दरअसल वह भी झामुमो की नेकदिली का नतीजा था, लेकिन अब हेमंत सोरेन परिदृश्य से गायब है. हालांकि अभी भी आदिवासी-मूलवासी समुदाय के बीच उनकी छवि एक नायक की है. लेकिन इस छवि के बावजूद वह काल कोठरी में कैद हैं, और अघोषित रुप से ही सही पार्टी की पूरी कमान कल्पना सोरेन के हाथ आ चुकी है.
कल्पना की एंट्री का जश्न मनाते कांग्रेस को सदमा!
कल्पना सोरेन की जिस एंट्री पर कांग्रेस के खेमे के द्वारा जश्न मनाया जा रहा था, इस बात की आस बंध रही थी कि महागठबंधन के पास एक और मजबूत चेहरा आने वाला है, और यह सही भी साबित हुआ, जो झामुमो अब तक आदिवासी मूलवासी राजनीति से आगे बढ़ते हुए शहरी और सामान्य जाति के मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने में असमर्थ पा रही थी, यहां तक कि खुद हेमंत सोरेन भी झामुमो को इस छवि से बाहर निकाल ले जाने में असफल रहें, कल्पना सोरेन की इस अघोषित ताजपोशी के साथ ही झामुमो को एक मजबूत अर्बन चेहरा मिल गया. हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद झारखंड में सिर्फ दो चेहरों की चमक है, एक तो खुद कल्पना सोरेन है, जो आदिवासी मूलवासी समाज के साथ ही शहरी और सामान्य जाति के मतदाताओं के बीच तेजी से अपने प्रभामंडल का विस्तार कर रही है, तो दूसरा चेहरा है टाइगर जयराम महतो का, जिसका सियासी हनक कुर्मी मतदाताओं के बीच तेजी से विस्तार पाता दिख रहा है, इन दो चेहरों के सिवा फिलहाल झारखंड की सियासत में कोई दूसरा चेहरा नजर नहीं आता.
सियासी विस्तार की चाहत में पलामू का रुख
हेमंत की अनुपस्थिति में कल्पना ही वह चेहरा है, जिसमें कांग्रेस को झारखंड की सत्ता में अपनी वापसी की संभावना दिखती है, लेकिन अब वही कल्पना कांग्रेस की मुसीबत बनती भी दिख रही है. जो अपने सियासी विस्तार के चाहत के उस पलामू की ओर बढ़ती नजर आ रही है, जिसे अब तक कांग्रेस और राजद का प्रभाव वाला इलाका माना जाता था, आज से पहले कभी भी झामुमो की ओर से पलामू की सियासत में अपना विस्तार देने की कोशिश नहीं की गयी. लेकिन कल्पना सोरेन की एंट्री के बाद झामुमो अब पलामू में अपना नया बैटल ग्राउंड खोलती नजर आ रही है, जिसकी पहली झलक हुसैनाबाद में देखने को मिली. जब कई प्रभावशाली जनप्रतिनिधियों के साथ ही राजद कार्यकर्ताओं ने भी झामुमो का दामन थामा. यानि पहला झटका उस राजद को लगा है. जिसने लोकसभा चुनाव के वक्त एकतरफा तरीके से अपना उम्मीदवार उतारने की घोषणा की थी. लेकिन इसके साथ ही कांग्रेस की हसरतें भी उलझती नजर आ रही है. दरअसल खबर है कि इस बार कल्पना सोरेन की रणनीति पलामू लोकसभा के तहत आने वाले विधान सभा की कुल 6 सीटों में से कम से कम तीन पर झामुमो का उम्मीदवार उतारने की है.
किस-किस सीट पर लगी है कल्पना सोरेन की नजर
फिलहाल पलामू के कुल छह विधान सभा में से महज एक सीट गढ़वा विधान सभा पर झामुमो कब्जा है. जबकि हुसैनाबाद से एनसीपी से कमलेश सिंह विधायक है, बाकि की सभी चार सीटों पर भाजपा का कब्जा है. डालटेनगंज से भाजपा के आलोक चौरसिया, विश्रामपुर से भाजपा के रामचंद्र चन्द्रवंशी, छतरपुर से भाजपा के पुष्पा देवी और भवनाथपुर से भाजपा के ही भानुप्रताप शाही विधायक है. साफ है कि इसमें किसी भी विधान सभा में कांग्रेस और राजद का विधायक नहीं है. वर्ष 2019 के मुकाबले में डालटेनगंज से कांग्रेस उम्मीदवार के.एन त्रिपाठी को भाजपा के आलोक कुमार चौरसिया के हाथों करीबन 20 हजार मतों से मात खाना पड़ा था. 2009 के बाद इस सीट पर कांग्रेस को कभी जीत नहीं मिली. विश्रामपुर विधान में तो भाजपा के रामचन्द्र वंशी के मुकाबले कांग्रेस के चन्द्रशेखर दुबे को तो चौथा स्थान पर संतोष करना पड़ा था. छतरपुर सीट पर भाजपा के पुष्पा देवी के पास है, जबकि भवनाथपुर में कांग्रेस के केदार प्रसाद यादव को भाजपा के भानु प्रताप शाही के सामने चौथे स्थान पर सिमटना पड़ा था. बीएसपी से सोगरा बीबी ने 56 हजार वोट लाकर मजबूत चुनौती पेश की थी. जबकि केदार यादव को महज 10,895 वोट आया था.
कांग्रेस के खस्ता हालात पर सियासी फसल लहलहाने की तैयारी
साफ है कि पलामू लोकसभा की किसी भी विधान सभा सीट पर कांग्रेस के पास मजबूत जनाधार नहीं है. इस बार भी किसी करिश्में की उम्मीद नहीं की जा सकती और यही से कल्पना सोरेन की सियासी हसरतें को पंख मिलता है. दावा किया जा रहा है कि इस बार झामुमो की रणनीति गढ़वा विधान सभा के साथ ही भवनाथपुर, हुसैनाबाद और छतरपुर से अपना उम्मीदवार उतारने की है. हालांकि हुसैनाबाद में मामला फंसता दिख रहा है. क्योंकि इस सीट से खुद राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार यादव मुकाबले में उतरने की तैयारी में है. इसके पहले भी वह इस सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं. इस हालत में अंतिम समय में हुसैनाबाद से झामुमो अपना हाथ जरुर खींच सकता है. लेकिन 17 फीसदी आदिवासी आबादी वाले छतरपुर और 26 फीसदी आदिवासी आबादी वाले भवनाथपुर पर किसी प्रकार का समझौता होना मुश्किल नजर आता है. मुश्किल यह है कि इसमें किसी भी विधान सभा में कांग्रेस के पास कोई मजबूत चेहरा नहीं है और ना ही सामाजिक समीकरणों को साधने का कौशल, इस हालत में उसके सामने कल्पना सोरेन के इस सियासी चाहत के सामने आत्म समर्पण करने के सिवा कोई दूसरा विकल्प नजर नहीं आता.
