विधान सभा 2024: हुसैनाबाद में कमलेश सिंह की वापसी या संजय यादव जलायेंगे लालटेन!

रांची: कल्पना सोरेन के दौरे के साथ ही हुसैनाबाद में अटकलों का दौर चरम पर है. विधान सभा चुनाव के ठीक पहले जिस तरीके से पलामू जिला उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह और राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव का दायां हाथ माने वाले प्रदेश महासचिव जाकिर अली का पार्टी में एंट्री करवायी गयी, उसके बाद, यह चर्चा तेज है, इस बार झामुमो इस सीट को अपने परंपरागत सहयोगी राजद के खाते में डालने के बजाय खूद अपनी झोली में रखना चाहती है. हालांकि राजद की ओर से फिलहाल इस पर किसी भी प्रतिक्रिया  देने से बचने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इतना साफ है कि यह राजद के लिए साख का सवाल है, यह कोई सामान्य सीट नहीं होकर खुद राजद प्रदेश अघ्यक्ष संजय यादव की वह सीट है, और जहां से वह इसके पहले भी वर्ष 2000 और 2009 में जीत दर्ज कर चुके हैं. इस हालत में झामुमो के लिए राजद की दावेदारी को खारिज करना आसान नहीं रहने वाला और यदि ऐसी कोशिश होती भी है तो इसकी भारी कीमत चुकानी होगी.

आलोक कुमार की उम्मीदवारी महज अटकलबाजी

वैसे पलामू की सियासत पर नजर रखने वाले कई जानकारों का दावा है कि आलोक कुमार सिंह को भावी उम्मीदवार के रुप से देखने की कोशिश महज एक अटकलवाजी है, राजद ना तो इस सीट से अपनी दावेदारी छोड़ने जा रही और ना ही झामुमो राजद को महागठबंधन से किनारा करने की स्थिति में है. आलोक कुमार सिंह की एंट्री झामुमो को मजूबती प्रदान करने की एक कवायद भर है, ताकि पलामू में झामुमो की उपस्थिति दर्ज हो और इसके साथ ही अगड़ी जातियों को भी साधा जा सके. जहां तक हुसैनाबाद विधान सभा से इंडिया गठबंधन के चेहरा का सवाल है, वह संजय कुमार यादव ही होंगे, आलोक कुमार सिंह को भविष्य में किसी और रुप में इस्तेमाल हो सकता है.

एनडीए में फंस सकता है कमलेश सिंह का कांटा

दूसरी तरफ जिस आशा के साथ कमलेश सिंह ने एनडीए का दामन थामा था, वह आशा पूरी होती नजर नहीं आ रही. आजसू की ओर से शिवपूजन मेहता ताल ठोकने की तैयारी में हैं, 2014 में शिवपूजन मेहता हाथी की सवारी कर विधान सभा पहुंच चुके हैं. इस हालत में आजसू इस सीट पर अपनी दावेदारी छोड़ देगी, मुश्किल नजर आता है, और यदि आजसू अपनी दावेदारी छोड़ भी देती है तो खुद भाजपा के अंदर से कई दावेदार है. 2019 के मुकाबले में बतौर स्वतंत्र उम्मीदवार ताल ठोक चुके और फिलहाल भाजपा नेता विनोद कुमार सिंह के साथ ही कर्नल संजय कुमार सिंह की नजर भी इस सीट पर जमी हुई है. इस हालत में आजसू-भाजपा इस सीट को एनसीपी की झोली में डालेगी, फिलहाल मुश्किल नजर आता है. वैसे भी जब भाजपा के सामने एनसीपी और आजसू में किसी एक को चुनने को सवाल खड़ा होगा, तो उसकी पहली प्राथमिकता आजसू होगी. आजसू से अलग होकर 2019 में चुनाव का अंजाम देख चुकी है, 2024 में भाजपा वही गलती दुहरायेगी, यह मानने का कोई कारण नहीं है. इस हालत में कमलेश सिंह के सामने निर्दलीय मैदान में उतरने का ही विकल्प दिखलायी देता है और यदि ऐसा होता है तो यह मुकाबला त्रिकोणीय शक्ल अख्तियार करेगा, एक तरफ आजसू के बनैर तले शिवपूजन मेहता मैदान में होंगे तो दूसरी तरफ महागठबंधन की ओर से संजय यादव और इन दोनों के सामने कमलेश सिंह की चुनौती. इसके साथ ही एनडीए और इंडिया गठबंधन की ओर से भी कई दूसरे चेहरे भी निर्दलीय मैदान में उतर सकते हैं. इस हालत में जीत उसी के हाथ आयेगी, जो सामाजिक समीकरणों को साधने की स्थिति में होगा. 

क्या कहता है सामाजिक समीकरण

आपको बता दें कि हुसैनाबाद विधान सभा में अति पिछड़ी जाति करीबन-11 फीसदी, मुस्लिम-8 फीसदी, यादव-7 फीसदी, कोयरी-7 फीसदी, इसके साथ ही करीबन 35 फीसदी आबादी अगड़ी जातियों की है. उम्मीदारों की असली अग्नि परीक्षा इसी सामाजिक संरचना को साधने की होगी. यहां याद रहे कि 2019 के मुकाबले में कमलेश सिंह को 25 फीसदी मतों के साथ 41,293 वोट मिले थें, जबकि 31,444 मत के साथ राजद के संजय यादव दूसरे स्थान पर रहे थें. जबकि बसपा के शेर अली ने 28,877 मत लाकर तीसरा, स्वतंत्र  उम्मीवार के रुप में विनोद कुमार सिंह- 27,860 के साथ  चौथा और 15,544 मत के साथ आजसू के शिव पूजन महेता ने पांचवा स्थान पाया था. जबकि 2014 में बसपा उम्मीदवार के तौर पर कुशवाह मेहता को 57,275 के साथ जीत मिली थी, 29,523 के साथ कमलेश सिंह को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. साफ है कि हुसैनाबाद में बसपा का मजबूत जनधार रहा है, देखना होगा कि इस बार बसपा किसे मैदान में उतारती है, उसके बाद ही सियासी तस्वीर कुछ साफ होती नजर आयेगी?  इस सवाल का जवाब सामने आयेगा कि कमलेश सिंह की वापसी होगी या संजय यादव लालटेन जलाने में सफलता प्राप्त करेंगे या फिर शिवपूजन मेहता हुसैनाबाद में आजसू का खाता खोलेंगे, यह सब कुछ काफी हद तक बसपा के सियासी बिसात पर भी निर्भर करेगा.
 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More