झारखंड में लोकसभा चुनाव में हमारा बेहतर प्रदर्शन, भ्रष्टाचारी सरकार सत्ता से बेदखल होगी : भाजपा

रांची, 23 जून (आईएएनएस)। लोकसभा के बाद झारखंड में भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को रांची में भाजपा नेताओं की एक अहम बैठक हुई। बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा समेत अन्य भाजपा नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

इस दौरान पार्टी नेताओं ने झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में हुए बेहतर प्रदर्शन को सराहा।

असम के मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि हम पार्टी के कार्यकर्ताओं और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का विशेष रूप से धन्यवाद करते हैं, जिनकी मेहनत के बल पर लोकसभा चुनाव में भाजपा को झारखंड से नौ सीट मिली है। इससे यह साबित होता है कि प्रदेश की जनता ने हमें अपनाया है। बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधानसभा चुनाव में भी सफलता हासिल करेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और भ्रष्टाचारी सरकार सत्ता से बेदखल होगी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वह खुद अपने विधानसभा सीट पर चुनाव हार गए। उनकी जगह अगर मैं होता तो तुरंत इस्तीफा दे देता। झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं, प्रदेश में हमारी सरकार बनेगी। प्रदेश के युवाओं, किसानों और महिलाओं को छलने वाली इस सरकार में केवल भ्रष्टाचार हो रहा है। झारखंड तबाही की ओर जा रहा है, इस सरकार में जमीन, खनिज की लूट हो रही है। सत्ता में आने के बाद हम विकसित झारखंड के लिए काम करेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव में शानदार सफलता हासिल की है। झारखंड सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड की सरकार खुलेआम लूट कर रही है। इनके मंत्री लूट में शामिल हैं, ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर लूट की जा रही है। इस सरकार का हम एक-एक कच्चा चिट्ठा खोलेंगे। भाजपा का प्रदेश को तबाही से मुक्त करने का संकल्प है। झारखंड में भाजपा की सरकार बनाकर फिर से सुशासन राज लाएंगे।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More