जब पीएम मोदी के साथ नजर आए हजारों कश्मीरी, बारिश भी कम नहीं कर सकी उत्साह

श्रीनगर, 21 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में आयोजित समारोह में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव सहित कई गणमान्य भी शामिल हुए।

इस दौरान कश्मीरवासियों के उत्साह की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैंने देखा कि बहुत सी लड़कियां योग मैट से खुद को ढक रही थीं और वे जमीन पर ही रहीं। उनका यह निडर उत्साह और योग के प्रति प्रेम प्रशंसनीय है। जम्मू-कश्मीर में योग का माहौल, ऊर्जा और अनुभव को महसूस किया जा सकता है। आज इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के 50-60 हजार लोगों का योग में भाग लेना अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस साल की थीम “स्वयं और समाज के लिए योग” है, जो व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बढ़ाने और सामाजिक सामंजस्य को प्रोत्साहित करने में योग के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालता है। इसके साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों और विश्व भर में योगाभ्यास करने वालों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) सत्र में भाग लिया, जिसमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देने में योग के महत्व पर जोर दिया गया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पीएम मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रस्ताव का 177 देशों ने समर्थन किया था।

उन्होंने पिछले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में उल्लेखनीय उपलब्धियों का भी जिक्र किया, जैसे 2015 में दिल्ली के कर्तव्य पथ (पहले राजपथ) पर 35,000 लोगों ने योग का अभ्यास किया था, और पिछले साल संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग कार्यक्रम में 130 से अधिक देशों ने भाग लिया था। इसके अतिरिक्त, उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि आयुष मंत्रालय द्वारा स्थापित योग प्रमाणन बोर्ड ने भारत में 100 से अधिक संस्थानों और 10 प्रमुख विदेशी संस्थानों को मान्यता दी है।

अपने संबोधन के बाद प्रधानमंत्री मोदी मंच से उतरकर बारिश में भीगे योग के प्रति उत्साहित कश्मीरवासियों से मिले। अलग-अलग समूहों में उन्होंने लड़के-लड़कियों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने खुद सेल्फी भी ली।

इस दौरान एलजी मनोज सिन्हा ने 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लिए जम्मू-कश्मीर, विशेष रूप से श्रीनगर को चुनने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने केंद्र शासित प्रदेश की विकास यात्रा को एक नया आयाम दिया है।

एलजी मनोज सिन्हा ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग को बढ़ावा देने में पीएम मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ के दृष्टिकोण के वैश्विक प्रभाव का उल्लेख करते हुए अपने वक्तव्य पूरा किया और पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर के प्राचीन गौरव को बहाल करने में प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना की।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों को बधाई दी और श्रीनगर में योग के प्रति उत्साही लोगों को संबोधित करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ योग के परिवर्तनकारी प्रभाव को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करती है। योग समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने वाली शक्ति के रूप में कार्य करता है, जो समुदाय में जीवन शक्ति का संचार करता है। योग न केवल हमारे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण में योगदान देता है, बल्कि यह समाज के भीतर एकता और कल्याण को भी बढ़ावा देता है। इसके अलावा, योग हमारे आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने में सहायता करता है।

–आईएएनएस

एसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More