अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : लद्दाख के एलजी ने किया योग, तमाम धर्मों के धर्मगुरु भी हुए शामिल

लेह, 21 जून (आईएएनएस)। दुनिया भर के कई देश आज यानी शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। लद्दाख के उप राज्यपाल ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशवासियों को योग करने का संदेश दिया।

लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के चीफ एग्जीक्यूटिव काउंसलर ताशी ग्यालसन ने कहा कि इस योग शिविर में उपराज्यपाल ने लोगों को योग का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के लोग भी योग को अपना रहे हैं। हर एक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग करना चाहिए। हम लोगों के बीच उप राज्यपाल ने भी योग किया। हजारों की संख्या में लोगों ने यहां आकर योग किया। पीएम मोदी के इंस्पायर होकर देश के ही नहीं बल्कि विदेश में भी लोग योग कर रहे हैं।

जैन भिक्षु देवेंद्र जैन ने बताया कि हिमालय की गहराईयों में यहां तमाम धर्मों के धर्मगुरुओं ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग किया। पीएम मोदी की पहल पर देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी योग दिवस मनाया जा रहा है। पूरी दुनिया आज योगमय हो गई है और इसका श्रेय सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी को जाता है।

महाबोधि अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र के नेता भिक्खु संघ सेना ने कहा कि योग दिवस हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई बहुत ही शानदार पहल है। पीएम मोदी की पहल से आज दुनिया भर के कई देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है।

अखिल भारतीय इमाम संगठन के मुख्य इमाम डॉ. इमाम उमर अहमद इलियासी ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गौरव की बात है कि पूरा विश्व आज योग दिवस मना रहा है। लद्दाख में हिमालय की चोटी पर आज हम योग कर रहे हैं।

रामकृष्ण मिशन अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक स्वामी दयाधिपानंद ने कहा कि पीएम मोदी की पहल पर देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में योग दिवस मनाया जा रहा है। योग से हम कई बीमारियों का खतरा कम कर सकते हैं। वहीं भारत में मॉरीशस के राजदूत हयामंदोयल दिल्लुम ने कहा कि योग दिवस पीएम मोदी की एक बड़ी पहल है जिसे आज दुनिया भर के कई देशों में मनाया जा रहा है।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More