कौन है भूमाफिया कमलेश कुमार? जिसने बड़े-बड़े अधिकारियों को बेच डाले अवैध कब्जे की जमीन

Ranchi: झारखंड गठन के बाद राजधानी रांची में जमीन कीमतों में जो उछाल आया, उसके बाद जमीन कारोबार में कई चर्चित चेहरों की एंट्री हुई. जमीन कारोबारियों की नजर में ना तो सीएनटी की कोई कीमत थी और ना ही कानून का खौफ. इसमें से कइयों का तार तो अपराध जगत से भी जुड़ता है. नदी-नाला, पहाड़, कब्रिस्तान, जंगल इन कारोबारियों के लिए जमीन का हर टूकड़ा बिकाऊ था और  गरीब-आदिवासी पहला शिकार. जमीन कारोबार के इस काला साम्राज्य का एक हिस्सा कमलेश कुमार भी है.  जिसकी कई कहानियां सत्ता के गलियारों में घूमती रहती है, आज ईडी इसी कमलेश कुमार के आवास पर छापेमारी कर रही है, खबर लिखे जाने तक आवास से कई दर्जन जमीन के दस्तावेज बरामद हुए है. फिलहाल अधिकारी दस्तावाजों की जांच मे जुटे हैं.

डीजीपी को भेजे रिपोर्ट में खुलासा

नगड़ी मौजा स्थित भुईहंरी जमीन मामले में राज्य सरकार की खुफिया एंजेसी ने डीजीपी को जो अपनी रिपोर्ट भेजी है, उसके अनुसार कमलेश कुमार ने उमेश टोप्पो नामक आदिवासी युवक को आगे कर जुमार नदी से रिंग रोड तक नदी के सूखे हिस्से पर कब्जा जमाया. इसका खाता संख्या 136, 142, 323, 267, 89, 236,101, 314, 283, 322, 237, 285 और रकबा करीबन पांच एकड़ की है और तो कमलेश कुमार ने चामा मौजा में अवैध रुप से बिक्री की गई जमीन  झारखंड के पूर्व डीजीपी डीके पांडेय की पत्नी पूनम पांडे को बेचने का कारनामा किया है.  जानकारी सामने आने के बाद  कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद कमलेश उक्त जमीन से कब्जा छोडने को तैयार नहीं था, जिसके बाद राजस्व उप निरीक्षक ने कांके थाना से  लिखित शिकायत की.

जुमार नदी के पास भी 20 एकड़ जमीन पर कब्जा

कमलेश ने जुमार नदी और कृषि विश्वविद्यालय के करीबन 20 एकड़ जमीन पर भी कब्जा करने की कोशिश की थी. हालांकि अभी वह जमीन को बेचने की कोशिश ही कर रहा था कि उसे एक और मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया.  पुलिस के अनुसार कमलेश कुमार विवादित जमीन पर कब्जा दिलवाने का भी काम करता है.  बताया जाता है कि कमलेश कुमार के इस ताकत के पीछे राज्य के बड़े अधिकारियों की कृपा दृष्टि है. इसमें कई आईएस अधिकारी भी है. दावा किया जा रहा है अभी भी कमलेश कुमार का रांची के कई हिस्सों में अवैध कब्जा है,  इसके पास जमीन पर अवैध कब्जा के लिए एक बड़ी टीम है, जिसके तार अपराध जगत से जुड़ता हैं.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More