विधान सभा चुनाव 2024: आजसू के किले में दरार! जयराम की एंट्री से बिगड़ेगा सिल्ली का खेल या अमित महतो बनेंगे चुनौती

रांची-सिल्ली विधान सभा की पहचान आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के साथ जुड़ी है. दावा किया जाता है कि सिल्ली आजसू का गढ़ है, और उसका कारण है वर्ष 2000, 2005, 2009 और 2019 में इस विधान सभा से सुदेश महतो की जीत. झारखंडी राजनीति का युवा चेहरा रहे सुदेश महतो को कुर्मी पॉलिटिक्स का सितारा भी माना जाता है. हालांकि पिछले कुछ वर्षों से कुर्मी मतदाताओं के बीच पकड़ ढिल्ली पड़ती दिख रही है. जिस सिल्ली को सुदेश महतो का किला माना जाता था, उस किले में पहली चुनौती 2014 में मिली, जब अमित महतो ने झामुमो का साथ पाकर किला धवस्त कर दिया. उस मुकाबले में जहां अमित महतो 55.69 फीसदी के साथ कुल 79,747 वोट आये, वहीं 34.92 फीसदी मतों के साथ सुदेश महतो को 50,007 से संतोष करना पड़ा. ठीक यही हालत 2018 के उपचुनाव की भी रही. जब अमित महतो को अपनी विधायकी गंवानी पड़ी, और उपचुनाव में झामुमो ने पत्नी सीमा महतो को मैदान में उतारने का फैसला किया. इस मुकाबले में भी सीमा देवी ने 52.28 फीसदी मतों के साथ कुल 77,129 मत पाया, जबकि सुदेश महतो को 43.13 फीसदी के साथ 63,619 मत पर संतोष करना पड़ा. हालांकि वर्ष 2019 के मुकाबले में सुदेश महतो ने वापसी करने में सफलता प्राप्त कर ली, 52.74 फीसदी के साथ 83,700 मतदाताओं का प्यार मिला तो 40.01 फीसदी के साथ सीमा देवी के हिस्से 63,505 वोट आयें.
जीत मिली, लेकिन दरक गया किला
2019 में सुदेश महतो ने यह सीट भले ही अपने नाम करने में कामयाबी हासिल कर ली, लेकिन यह संदेश भी पसरते देर नहीं लगी कि आजसू का यह तथाकथित किला अभेद नहीं है. यदि आजसू की पकड़ मजबूत है, तो झामुमो की पकड़ भी कमजोर नहीं है. दरअसल इसका कारण सिल्ली विधान सभा का सामाजिक समीकरण है. सिल्ली विधान सभा में अनुसूचित जाति की आबादी-6.59, अनुसूचित जनजाति की आबादी-31, जबकि मुस्लिम आबादी करीबन 7 फीसदी है. यही वह गणित है, जो झामुमो को सिल्ली में मजबूत प्रदान करता है, जैसे ही झामुमो किसी कुर्मी चेहरे को आगे करता है, कुर्मी मतदाताओं का एक हिस्सा साथ आ खड़ा होता है, और आदिवासी मुस्लिम मतदाताओं का साथ तो मिलता ही है. यही वही गणित था, जिसके बूते अमित महतो और सीमा महतो को जीत मिली.
झामुमो छोड़ खतियानी पार्टी के साथ खड़े हैं अमित महतो
लेकिन इस बार अमित महतो झाममो का दामन छोड़, अपनी खतियानी पार्टी के साथ ख़ड़े हैं. झामुमो के उपर झारखंड के हितों के साथ समझौता करने का आरोप लगाते हुए पहले पार्टी को अलविदा किया और फिर 6 अप्रैल 2022 को खतियानी झारखंडी पार्टी का गठन किया. हालांकि अभी विधान सभा चुनाव में पांच माह का वक्त बाकी है. देखना होगा कि अमित महतो का पार्टी में वापसी होती है, या फिर निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला करते हैं. और यदि अमित महतो खतियानी पार्टी के साथ मैदान में उतरने का एलान करते हैं, तो मुख्य चुनौती आदिवासी और अल्पसंख्यक मतदाताओं को साथ लाने की होगी. जिसे झामुमो का आधार वोट माना जाता है. और फिलहाल यह मतदाता झामुमो के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ा नजर आता है. लेकिन इसके साथ ही एक संभावना और भी बनती दिख रही है, वह है जयराम की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा बैनर तले मैदान में उतरने की संभावना.
क्या जयराम के सियासी अंदाज के साथ चल पायेंगे अमित महतो?
हालांकि जयराम महतो का जो सियासी अंदाज रहा है, पार्टी का एकमात्र चेहरा बने रहने की जो चाहत है, उस हालत में अमित महतो का जयराम के साथ कितना बन पायेगा, यह एक बड़ा सवाल है. अमित महतो की गिनती भी महत्वाकांक्षी युवा नेता के रुप होती है. इस हालत में क्या अमित महतो टाइगर जयराम को अपना नेता स्वीकार करेंगे, यह एक मुश्किल सवाल है. और यदि चुनावी विवशता में नेतृत्व स्वीकार भी किया तो यह रिश्ता कितना लम्बा चलेगा, इस पर भी एक सवालिया निशान होगा. फिलहाल अमित महतो को सामने दो ही विकल्प है या तो जयराम के नेतृत्व को स्वीकार करना या फिर एक बार फिर से झामुमो का दामन थामना या फिर त्रिकोणीय मुकाबले के लिए तैयार होना, जहां परिणाम कुछ भी हो सकता है.
सिल्ली के अखाड़े में उतरने को बेकरार टाइगर जयराम
त्रिकोणीय मुकाबले की बात इसलिए की जा रही है, क्योंकि इस बार सिल्ली सें झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है, और उसका कारण है लोकसभा चुनाव का परिणाम. भले ही देवेन्द्रनाथ महतो को इस चुनाव के दौरान जेल की यात्रा करनी पड़ी, पूरा चुनावी प्रबंधन बिखरा नजर आया, खुद जयराम गिरिडीह में फंसे रहें, बावजूद इसके सिर्फ जयराम के चेहरे के सहारे देवेन्द्रनाथ महतो ने 49,362 वोट हासिल कर आने वाले भूचाल का संकेत दे दिया. जबकि कांग्रेस की यशस्विनी सहाय को 34,846 वोट और भाजपा के संजय सेठ को 57,281 वोट मिले. यानि देवेन्द्रनाथ महतो ने कांग्रेस की यशस्विनी सहाय की तुलना में कहीं जोरदार प्रर्दशन किया. इससे समझा जा सकता है कि यदि जयराम ने देवेन्द्रनाथ को वक्त दिया होता, चुनावी रैलियां की होती तो परिणाम क्या होता? और यदि कांग्रेस ने यशस्विनी के बजाय रामटहल चौधरी को उम्मीदवार बनाता तो परिणाम क्या होता?
कौन होगा सिल्ली में जयराम का चेहरा?
इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि यदि अमित महतो के साथ जयराम की बात नहीं बनी तो सिल्ली में पार्टी का चेहरा कौन होगा? क्योंकि खुद देवेन्द्रनाथ महतो सिल्ली के बजाय इचागढ़ से मैदान में उतरने की तैयारी में है. निश्चित रुप से जयराम सिल्ली के लिए चेहरे की तलाश में होगें, या खोज पूरी भी हो गयी होगी. लेकिन मुख्य सवाल है कि इस त्रिकोणीय मुकाबले का चुनावी परिणाम क्या होगा? यदि पिछले चुनाव परिणाम की बात करें तो सुदेश महतो के हिस्से में 83,700 वोट आया था, जबकि सीमा महतो को 63,505 वोट मिले थें, यानि हार जीत अंतर 20 हजार का था, जबकि बदले हालात में देवेन्द्रनाथ महतो महज जयराम के चेहरे के सहारे 49,362 वोट लाने में सफल रहते हैं, यदि विधान सभा चुनाव में जयराम प्रचार का कमान संभलाते हैं, तो क्या यह आंकड़ा आगे भी बढ़ सकता है? और कितना बढ़ सकता है और सबसे बड़ा सवाल, देवेन्द्रनाथ महतो ने किसके वोट में सेंधमारी की है, सेंधमारी झामुमो के वोट बैंक में हुई या सुदेश महतो का किला दरका? लेकिन इससे साथ एक सवाल यह भी जुड़ा है कि झामुमो से अलग होकर अमित महतो का हश्र क्या होगा? वे कितने वोट में सेंधमारी में सफल होंगे? फिलहाल हार जीत की भविष्यवाणी करना मुश्किल है. लेकिन इतना साफ है कि आजसू के किला में दरार है, अब इस दरार के रास्ते कौन कितनी बड़ी सेंधमारी में सफल रहता है, उस पर ही झामुमो और आजसू की जीत निर्भर करता है.
