Jharkhand Politics-विधान सभा की 50 सीटों पर बढ़त से भाजपा में उम्मीद की किरण!

रांची: लोकसभा चुनाव के दौरान भले ही भाजपा को आदिवासी आरक्षित सभी सीटों से सफाये का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उसके अंदर खुशी इस बात की है, कि उसने विधान सभा की कुल 50 सीटों पर बढ़त पायी है. जिसका लाभ विधान सभा चुनाव में मिल सकता है. दरअसल गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में जीत हार की विवेचना करते वक्त जहां खूंटी, दुमका और सिंहभूम में हार का कारण पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों की शिथिलता बतायी गयी, वहीं इस बात पर संतोष भी प्रकट किया गया, पार्टी ने विधान सभा की 50 सीटों पर बढ़त प्राप्त की है. यदि विधान सभा चुनाव में भी यही तस्वीर सामने आती है, तो झारखंड में एक बार फिर से डबल इंजन की सरकार बन सकती है.
भाजपा के आत्म संतोष पर सियासी जानकारों की राय
वहीं सियासी जानकार भाजपा के इस आत्म संतोष पर अपनी असहमति प्रकट करते दिख रहे हैं. उनका मानना है कि 50 सीटों पर बढ़त पर हर्ष के बजाय भाजपा में इस बात का आत्मचिंतन होना चाहिए था कि आदिवासी बहुल सीटों से उसका सफाया क्यों हुआ? लोकसभा चुनाव के बाद समीक्षा बैठक के नाम पर कार्यकर्ताओं के बीच जूतम पैजार की स्थिति क्यों मची है? दुमका से लेकर गोड्डा तक हाहाकार क्यों मचा है? आदिवासी समाज के बाद अब दलित जातियों को बिदकने की खबर क्यों आ रही है? जिन चेहरों को पार्टी में लाकर टिकट थमाया गया, उन चेहरों को हार क्यों मिली. जिस सीता-गीता को संताल और कोल्हान में जीत का मास्टर कार्ड माना जा रहा था, वह प्रयोग असफल क्यों हुआ?
लोकसभा चुनाव से विधान सभा की तस्वीर निकालना कितना सही?
दरअसल भाजपा की नजर सिर्फ विधान सभा की उन सीटों पर है, जहां उसे बढ़त मिली है, लेकिन मुश्किल यह है कि विधान सभा चुनाव और लोकसभा चुनाव का तासीर और मुद्दा हमेशा अलग होता है, जब मतदाता लोकसभा चुनाव के मतदान करता है, तब उसकी प्राथमिकता दिल्ली में एक स्थायी सरकार बनाने की होती है, उसके सामने राष्ट्रीय मुद्दे और चुनौतियां होती है, लेकिन जैसे ही विधान सभा चुनाव का मामला आता है, उसकी प्राथमिकता बदली नजर आने लगती है, स्थानीय मुद्दे हावी होने लगते हैं, क्षेत्रीय पहचान और अस्मिता का सवाल हावी होने लगता है. इस हालत में लोकसभा में बढ़त को विधान सभा चुनाव में जीत का आधार मान लेना कितना सही होगा, यह तो वक्त ही बतायेगा. फिलहाल विधान सभा चुनाव का यह संघर्ष इतना आसान नहीं लग रहा.
