विधान सभा चुनाव 2024: टुंडी के अखाड़े में टाइगर जयराम! झामुमो का किला फतह या बूढ़ा शेर मथुरा महतो की वापसी

रांची: टुंडी विधान सभा उन चंद सीटों में एक है, जहां इस बार लोकसभा चुनाव के दौरान टाइगर जयराम का परचम लहराता नजर आया. कुर्मी बहुल जिस टुंडी को झामुमो को सबसे मजबूत किला माना जाता है, टाइगर जयराम ने झामुमो के उसी किले से 59421 वोट लाकर सनसनी फैला दी. हालांकि बावजूद इसके मथुरा महतो अपने किले में 73771 वोट लाकर जीत का पताका फहराने वाले आजसू उम्मीदवार चन्द्रप्रकाश चौधरी को करीबन एक हजार मत से पीछे छोड़ने में सफल रहें. चन्द्रप्रकाश चौधरी को इस विधान सभा में 72838 वोट के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. जबकि टाइगर जयराम के हिस्से 59421 वोट आया. लेकिन यहां याद रहे कि यह जयराम की पहली सियासी एंट्री थी, कई बूथों पर बूथ एजेंट का तो अता-पता भी नहीं था. जयराम की पूरी टोली बूथ मैनेजमेंट के बजाय जयराम के साथ घूमती नजर आयी, यदि उनकी टोली ने जयराम के साथ घूमने के बजाय अलग-अलग समूहों में काम करते हुए, बूथ पर अपनी पकड़ मजबूत की होती, तो शायद आज तस्वीर दूसरी होती. लेकिन उससे भी बड़ा सवाल यह है कि जब टाइगर जयराम इतने अस्त-व्यस्त मैनेजमेंट के बावजूद भी गिरिडीह लोकसभा से 3.5 लाख और टुंडी विधान सभा में 59421 मत लाने में सफल रहते हैं, तो यदि विधान सभा चुनाव को सुव्यवस्थित तरीके से लड़ा, बूथ मैनेजमेंट पर ध्यान दिया, अपने साथियों के साथ जिम्मेवारियों का बंटवारा किया तो फिर परिणाम क्या होगा?
टुंडी के इसी अखाड़े में शिबू सोरेन को मिली थी पहली हार
लेकिन इन संभावानाओं पर विचार करने के पहले, बेहतर होगा कि टुंडी विधान सभा के अब तक के चुनावी संघर्ष की एक समझ और उसके सियासी मिजाज का आकलन कर लें. क्योंकि अकसर जातीय संरचना के सहारे ही संभावनाओं को समझने की कोशिश की जाती है, लेकिन कई बार जातीय संरचना से ज्यादा महत्वपूर्ण विधान सभा का सियासी मिजाज होता है.
यहां यह जानना बेहद जरुरी है कि कभी दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने भी टुंडी से विधान सभा पहुंचने की कोशिश की थी और टुंडी की इसी धरती से शिबू सोरेन को दिशोम गुरु की उपाधि प्रदान की गयी थी. बावजूद इसके अपने पहले विधान सभा चुनाव में दिशोम गुरु को सत्य नारायण दुदानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. यह बात 1977 के विधान सभा चुनाव की है. यह वह दौर था, जब महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष के दौरान दिशोम गुरु के अंदर यह समझ बनने लगी थी कि अब इस लड़ाई को संविधानिक स्वरुप देने का वक्त आ गया है और उसका रास्ता चुनाव से होकर गुजरता है. इसी क्रम में एके राय, बिनोद बिहारी महतो के साथ मिलकर गुरुजी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन किया था. अभी पार्टी का गठन ही हुआ था, लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज गयी, साथ ही विधान सभा चुनाव की तारीख भी तय हो गयी. यह वह दौर था, जब इमरजेंसी थोपने के कारण पूरे देश में इंदरा गांधी के खिलाफ के असामान्य गुस्सा था. और इस बीच शिबू सोरेन ने एके राय को टुंडी विधान सभा से अपना चुनाव लडऩे की जानकारी दी. एके राय गुरु जी के इस बात से सहमत नहीं हुए, जबकि गुरुजी चुनाव लड़ने पर अड़े रहे, और गुरु जी की यही जिद झामुमो में पहली टूट का कारण बनी, अभी पार्टी का गठन हुआ था कि एके राय अलग हो गयें और जनता पार्टी के सत्य नारायण दुदानी को अपना समर्थन प्रदान कर दिया और इंदरा गांधी के खिलाफ उस लहर में दिशोम गुरु को अपने पहले ही सियासी प्रयोग में हार का सामना करना पड़ा.
टाइगर जयराम को भी अपने पहले सियासी प्रयोग में मिल चुका है हार का स्वाद
इस कहानी को जानना इसलिए भी जरुरी है, क्योंकि आज टाइगर जयराम लगभग उसी दिशा में आगे बढ़ता दिख रहा है, उस वक्त भी दिशोम गुरु के सामने बूथ मैनेजमेंट की चुनौती थी और आज जयराम के सामने भी वही चुनौती मुंह बाये खड़ी है. जयराम को भी अपनी पहली सियासी कोशिश में हार का सामना करना पड़ा है और शिबू सोरेन भी इस दर्द से गुजर चुके हैं. यहां हमारा मकसद दिशोम गुरु के व्यक्तिव की तुलना जयराम से करने की कतई नहीं है. निश्चित रुप से झारखंड के इतिहास में गुरुजी का अपना स्थान है. हमारी कोशिश महज उन समानताओं को समझने की है और उसके आईने में टुंडी विधान सभा के सियासी मिजाज को परखने की है. इस हार के बाद शिबू सोरेन ने संताल का रास्ता अपनाया, और दुमका से आठ बार संसद पहुंचने का कीर्तिमान भी स्थापित किया.
जो काम गुरुजी नहीं कर सके, वह सपना पूरा किया बिनोद बिहारी महतो ने
लेकिन बड़ी बात यह है कि 1977 के बाद जैसे ही 1980 में एक बार फिर से विधान सभा चुनाव की रणभेरी बजी, गुरु जी ने टुंडी के मोर्चे पर बिनोद बिहारी महतो को तैनात किया, और बिनोद बिहारी महतो जीत हासिल करने में कामयाब भी रहें. उसके बाद टुंडी विधान सभा झामुमो का सबसे मजबूत किला बनकर सामने आया. भले ही 1985 में सत्य नारायण दुदानी जनता पार्टी के बजाय भाजपा के चुनाव चिहन पर एक बार फिर से विजय पताका फहराने में सफल रहें, लेकिन 1990 में विनोद बिहारी महतो ने मजबूत वापसी की, बिनोद बिहारी के बाद 1995 में सबा अहमद ने झामुमो को जीत दिलवायी, लेकिन वर्ष 2000 मे सबा अहमद राजद के साथ चले गयें और राजद पहला और अंतिम बार इस सीट को जीतने में कामयाब रही. उसके बाद 2005, 2009 और 2019 में मथुरा महतो झामुमो का झंडा बुलंद करते रहें. इस बीच 2014 में एक बार राजकिशोर महतो ने आजसू को जीत दिलवायी. ध्यान रहे कि राजकिशोर महतो उसी बिनोद बिहारी महतो के पुत्र थें, जिन्होंने कभी शिबू सोरेन के साथ झामुमो की स्थापना की थी, लेकिन बदले हालत में वह आजसू के साथ खड़े हुए थें, और जीत भी मिली थी.
टुंडी विधान सभा का मिजाज हमेशा बदलाव के साथ
साफ है कि टुंडी विधान सभा का सियासी मिजाज हमेशा से बदलाव के साथ रहा है, सामाजिक न्याय और सामाजिक हिस्सेदारी का सवाल इसकी मिट्टी से हमेशा गूंजता रहा है, तो क्या इस बार वह सियासी मिजाज टाइगर जयराम के साथ खड़ा नजर आयेगा? या जयराम की भूमिका इस बार भी मजह समीकरण बिगाडऩे की होगी? इसके लिए बेहद जरुरी है कि पिछले कुछ मुकाबलों को समझने की कोशिश की जाय, हम इसकी शुरुआत वर्ष 2000 के मुकाबले से कर सकते हैं, जब मथुरा महतो और सबा अहमद के बीच पहली भिड़त हुई थी. इसके पहले 1995 में सबा अहमद झामुमो के चुनाव चिह्न पर जीते थें, लेकिन 2000 में लालू लहर में सबा अहमद ने पाला बदलते हुए राजद की सवारी की, जबकि झामुमो ने पहली बार मथुरा महतो पर दांव लगाया, तब सबा अहमद को मिले थे कुल 25,079 वोट, जबकि झामुमो के मथुरा महतो के हिस्से आया था 24,925 वोट, यानि हार-जीत का अंतर एक हजार से भी कम था. लेकिन 2005 में मथुरा महतो को मिला 52,112 वोट, जबकि सबा अहमद के हिस्से आया महज 26,175. यानि हार-जीत का फासला दुगने का था. और यहीं से टुंडी की सियासत में मथुरा महतो की पकड़ मजबूत हो गयी. वर्ष 2009 के मुकाबले में मथुरा महतो को मिला 40,787 वोट, जबकि सबा अहमद के हिस्से आया 39869 वोट. यानि सबा अहमद ने जोरदार वापसी की थी, लेकिन जीत नहीं मिली. वर्ष 2014 में सबा अहमद ने राजद की सवारी छोड़कर बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो का दामना थामा और इधर आजसू ने बिनोद बिहारी महतो के बेटे राजकिशोर महतो को मैदान में उतारने का फैसला किया. राजकिशोर महतो को इस मुकाबले में प्राप्त हुआ 55,466, जबकि 54340 वोट लाने के बावजूद मथुरा महतो के हिस्से हार की सान्त्वना मिली. लेकिन 2019 में मथुरा महतो ने एक बार फिर से जोरदार वापसी की, इस बार उन्होंने रिकार्ड 72,552 मत प्राप्त किया, जबकि 46,893 वोट लाकर भाजपा के विक्रम पांडे दूसरे स्थान पर रहें, और सबा अहमद को 25,547 वोट लाकर तीसरा और आजसू उम्मीदवार राजकिशोर महतो 15,946 के साथ चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा.
टुंडी का बूढ़ा शेर मथुरा महतो
इन आंकडों से समझा जा सकता है कि मथुरा महतो को टुंडी की सियासत में बूढ़ा शेर की उपाधि क्यों दी जाती है? मथुरा महतो को किसी भी हालत में कमतर आंकना एक बड़ी सियासी भूल होगी. यह ठीक है कि जयराम के पास युवाओं की एक मजबूत टोली है. बदलाव का जज्बा है, और साफ सियासी फलसफा है. जयराम उसी सियासी फलसफा की वकालत करते हैं, जिसकी उर्वर जमीन टुंडी विधान सभा रही है. लेकिन मुख्य सवाल यह है कि क्या टाइगर जयराम टुंडी से अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं, उनके हालिया बयानों से यही संकेत मिलता है, और यदि ऐसा होता है, तो यह लड़ाई बेहद रोचक होगी, जहां एक तरफ अपने विशाल सियासी अनुभव के साथ टुंडी का पुराना शेर होगा तो दूसरी तरफ बदलाव की आवाज बन कर सामने आया जयराम और उनकी टोली, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि इस बार भी यहां भाजपा का उम्मीदवार होगा, जो इन दोनों के सियासी संघर्ष में अपनी राह बनाने की भरपूर कोशिश करेगा, जहां जयराम अपने चेहरे के बूते मथुरा महतो का आधार वोट में सेंधमारी करते नजर आयेंगे, वहीं भाजपा अगड़ी जातियों में अपने सामाजिक आधार के सहारे इस किले को कब्जा करने की रणनीति अपनायेगी, तो क्या इस त्रिकोणीय मुकाबले में कमल खिलने की संभावना से इंकार किया जा सकता है?
