अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: नियमित योगाभ्यास से रहेंगे स्वस्थ

रांची: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस , नियमित योगाभ्यास से लोग स्वस्थ रहते हैं। यह कई बीमारियों के इलाज में कारगर है। 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज हो गई हैं। योग प्राचीन काल से ही भारतीय संस्कृति का हिस्सा रहा है। 2500 साल पहले की यह परंपरा आज लोगों को स्वस्थ रहने की सीख दे रही है। आधुनिकता के कारण लोग योग से दूर होते जा रहे थे। आज के बदलते दौर में लोगों की जीवनशैली प्रभावित हो रही है। इससे शरीर कई बीमारियों से ग्रसित हो रहा है।
योग से ठीक हो रहे हैं असाध्य रोग
योग विशेषज्ञों की मानें तो आज योग को स्वस्थ रहने का उपाय माना जा रहा है। नियमित योग करने मात्र से कई असाध्य रोग ठीक हो रहे हैं। यही कारण है कि योग का महत्व अब पूरी दुनिया में समझा जा रहा है। स्वस्थ मन में ही अच्छे और योग्य विचार उत्पन्न होते हैं। योग से जुड़ने मात्र से ही व्यक्ति अनुशासित जीवन जीने के साथ-साथ जीवन में संयम रखना भी सीखता है।
10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी में जुटे अधिकारी
रांची में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार 21 जून का कार्यक्रम पहले से अधिक भव्य और बेहतर होगा। केंद्रीय आयुष मंत्रालय के निर्देश पर झारखंड में स्वास्थ्य विभाग ने बड़े पैमाने पर तैयारी शुरू कर दी है। सभी गांवों, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थानों आदि में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
प्रखंडों में भी होंगे योग दिवस कार्यक्रम
मुख्य समारोह के अलावा प्रखंड और गांव स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष रूप से योग कराया जाएगा। इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग और बैनर लगाकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वहीं, गांवों में अमृत सरोवर के पास नियमित योगाभ्यास के लिए स्थान चयनित करने का निर्देश दिया गया है।

आयुष मंत्रालय ने पत्र लिखकर दिए निर्देश
भारत सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के केंद्रीय आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने इस मामले में झारखंड के प्रधान सचिव और आयुष निदेशालय झारखंड की निदेशक सीमा कुमारी उदयपुरी को पत्र लिखा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) पर दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
योगाभ्यास के लाभों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा
इस बार 21 जून को 100 शहरों में 100 योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए आयुष मंत्रालय नोडल मंत्रालय है। कार्यक्रम के आयोजन के साथ-साथ आम लोगों के बीच नियमित योगाभ्यास के लाभों के प्रचार-प्रसार पर जोर देने की बात कही गई है। पत्र में इस बात का विशेष तौर पर उल्लेख किया गया है कि ऐसा करने से दुनिया भर में योग के संदेश और लाभों को फैलाने में मदद मिलेगी।
