विधान सभा चुनाव 2024: दुमका में हार के बाद अब जामा पर नजर! सीता खिलायेगी कमल या अधूरा रहेगा भाजपा का सपना

रांची! विधायकी छोड़ सांसद बनने की चाहत में सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन ने उस वक्त परिवार और पार्टी को अलविदा कहने का फैसला किया, जिस वक्त उनके कंधों पर परिवार और पार्टी को एकजूट रखने की चुनौती और जिम्मेवारी थी, भुईंहरी जमीन के मामले में देवर हेमंत की गिरफ्तारी के बाद, पार्टी के अंदर एक शून्यता तैरती दिख रही थी, वहीं परिवार के सामने में भी अंधेरा पसरा था. ससुर दिशोम गुरु शिबू सोरेन और सास रुपी सोरेन की गतिविधियां सीमित हो चुकी थी. वृद्ध दंपति को देख-रेख के लिए एक सहारे की जरुरत थी, और इधर गोतनी कल्पना सोरेन भी इस संकट के बीच अपने आप को अकेला पा रही थी. इस त्रासदपूर्ण स्थिति में सीता सोरेन की पहली प्राथमिकता पार्टी और परिवार को संबल प्रदान करने की थी. लेकिन जैसे ही हेमंत की गिरफ्तारी के बाद पार्टी का नेतृत्व चंपाई सोरेन के हाथ आया, और देवर बसंत सोरेन को मंत्री पद मिला, सीता का धैर्य जवाब देता नजर आया, इधर भाजपा बड़े कायदे से प्रलोभनों का पहाड़ खड़ा कर रहा था, एक तरफ भगवा पट्टा पहन कर ससंद जाने का ऑफर था तो दूसरी तरफ हौर्स ट्रेडिंग मामले में जेल जाने का मंडराता खतरा.

क्या है हौर्स ट्रेडिंग मामला और कैसे फंसा सोरेन परिवार की बड़ी बहू का गर्दन?

दरअसल सीता सोरेन के खिलाफ 2012 में राज्य सभा चुनाव के दौरान एक निर्दलीय उम्मीदवार से रिश्वत लेकर वोट देने का आरोप है, और इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज है. लेकिन 1998 में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले को आधार बनाते हुए सीता सोरेन इसे चुनौती पेश कर ही थी, जिसके तहत सदन के अंदर की कार्रवाई को इससे बाहर रखा गया था. लेकिन चार मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने अपने नये फैसले से उस फैसले को निरस्त कर दिया, जिसके बाद सीता सोरेन की मुश्किल बढ़ने लगी. इस फैसले के तुरंत बाद भाजपा सांसद निशिकांत ने अपने ट्वीटर एकाउंट से सीता सोरेन को जेल जाने की भविष्यवाणी की थी,और ठीक इसके बाद सीता सोरेन ने भगवा पट्टा पहनने का ऑफर स्वीकार कर लिया. 

झामुमो के गढ़ में कमल खिलाने में नाकाम रही सीता     

और वह पूरे धूम-धाम के साथ दुमका के उस अखाड़े में भाजपा का उम्मीदवार बन कर सामने आयी, जहां से उनके ससुर और झारखंड की सियासत में दिशोम गुरु के नाम से चर्चित पूर्व सीएम शिबू सोरेन आठ बार संसद की यात्रा पूरी कर चुके थें, इस सीट को झामुमो का गढ़ बताया जाता है, और सीता सोरेन खुद की चाहत और भाजपा के हसरतों के बावजूद झामुमो के इस गढ़ में कमल खिलाने में नाकाम रही. उन्हे शिकारीपाड़ा विधान सभा से सात बार के विधायक नलिन सोरेन के हाथों 22 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा. जिसके बाद सीता सोरेन अब भाजपा नेताओं पर ही अपनी हार का ठीकरा फोड़ रही है.

सियासी अधर में सीता का भविष्य? 

लेकिन सीता की चुनौती यहीं खत्म नहीं होती, सीता की असली चुनौती अब विधान सभा पहुंचने की है. जिस जामा विधान सभा से सीता सोरेन 2009,2014 और 2019 में लगातार जीत दर्ज करती रहती रही है, दरअसल इस जीत के पीछे दिशोम गुरु का इकबाल और झामुमो का मजबूत जनाधार है. जामा में अब तक कुल 13 बार विधान सभा चुनाव सपन्न हुआ है, जिसमें तीन बार कांग्रेस और एक बार भाजपा को जीत मिली है. जबकि 9 बार झामुमो का परचम लहराया है. याद रहे कि  कभी जामा को कांग्रेस का किला माना जाता था, 1967 में पहली बार स्वतंत्र उम्मीदवार के रुप में एम हस्दा ने यह सीट अपने नाम की थी, जिसके बाद 1969,1972 और 1977 में लगातार कांग्रेस के मदन बेसरा ने झंडा फहराया, लेकिन 1980 में दीवान सोरेन के रुप में पहली बार झामुमो की एट्रीं हुई, 1985 में शिबू सोरेन इस सीट से विधान सभा पहुंचने में सफल रहें, 1990 में मोहरुल मुर्मू ने झामुमो का झंडा बुलंद किया, 1995 और 2000 में सीता सोरेन के पति और तब झामुमो के फायर ब्रांड नेता दुर्गा सोरेन ने इस सीट से जीत दर्ज की, 2005 में पहली बार सुनील सोरेन ने जामा में कमल खिलाया, लेकिन 2005 के बाद 2009, 2014 और 2019 में लगातार सीता सोरेन को जीत मिलती रही.

क्या बंद हो चुके हैं सीता के लिए विधान सभा के दरवाजे?

लेकिन मुश्किल सवाल यह है कि क्या दुमका के अखाड़े में चाचा नलिन सोरेन के हाथों सियासी शिकस्त के बाद सीता सोरेन अपनी परंपरागत सीट जामा से एक बार फिर से विधान सभा पहुंचने में सफल रहेगी? क्या दुमका के किले को धवस्त करने के दौरान जिस तरीके से भाजपा के अंदर से ही भीतरघात का सामना करना पड़ा, क्या एक बार वही भीतरघात जामा में देखने को नहीं मिलेगा? हालांकि यदि वर्ष 2019 के चुनावी मुकाबले को देखें तो सीता सोरेन को बतौर झामुमो उम्मीदवार 42.63 फीसदी मतों के साथ कुल 60,925 वोट आया था, जबकि भाजपा के सुरेश मुर्मू को 40.74 फीसदी मतों के साथ 58,499 वोट मिला था. जबकि वर्ष 2014 में सीता सोरेन को 39.80 फीसदी मतों के साथ 53,520 वोट मिले थें, जबकि भाजपा के सुरेश मुर्म को 50,944 वोट आया था, इसके विपरीत 2009 में सीता सोरेन को 39.33 फीसदी मतों के साथ 38,550 वोट मिले थें, जबकि भाजपा के मनोज कुमार सिंह के हिस्से में 26.37 फीसदी मतों के साथ 25,824 वोट आया था. साफ है कि जबसे भाजपा ने सुरेश मुर्मू को मोर्चे पर खड़ा किया, सीता सोरेन को मजबूत चुनौती मिलने की शुरुआत हुई.  लेकिन इस बार सीता के पालाबदल के बाद सारा समीकरण बदलता नजर आ रहा है,  इसमें सबसे बड़ी भूमिका तो सुरेश मुर्मू का ही होगा, क्या सीता के पालाबदल के बाद भी सुरेश मुर्मू भाजपा के साथ खड़ा रहेंगे या फिर भाजपा के अंदर से भी एक पालाबदल की खबर सामने आयेगी? या फिर झामुमो अपने किसी सामान्य कार्यकर्ता को मैदान में उतार कर सीता सोरेन की सियासी पारी पर विराम लगायेगी?

हेमंत की गिरफ्तारी के बाद करवट ले रहा है आदिवासी समाज की सियासत 

यह सवाल इसलिए खड़ा हो रहा है, क्योंकि पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी समाज एक नयी करवट लेता दिख रहा है. उसके अंदर एक आक्रोश की झलक देखने को मिल रही है, जिसकी गूंज लोकसभा चुनाव में भी देखने को मिली, तो क्या वह आक्रोश विधान सभा चुनाव के दौरान अपना रंग नहीं दिखलायेगा? क्या जामा में सीता के सामने पार्टी और परिवार के साथ दगाबाजी का सवाल खड़ा नहीं होगा? और क्या सीता सोरेन इन सवालों के पहाड़ के बीच में अपने आपको असहाय महसूस नहीं करेगी? इन सवालों का जवाब के लिए फिलहाल हमें विधान सभा चुनाव तक इंतजार करना होगा?

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More