झारखंड भाजपा में जूतम पैजार! सीता सोरेन ने लुईस मरांडी, रणधीर सिंह और सुनील सोरेन पर फोड़ा हार का ठीकरा
.jpg)
रांची: चाचा नलिन सोरेन के हाथों दुमका के अखाड़े में 22527 वोटों से शिकस्त के बाद सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन ने अपनी हार का ठीकरा भाजपा नेताओं पर फोड़ा है. सीता सोरेन ने दावा किया है कि चुनाव के पहले पार्टी की ओर से कराये गये आतंरिक सर्वेक्षणों में वह भारी मतों से जीत रही थी, लेकिन पार्टी के चंद गद्दारों के कारण हार का सामना करना पड़ा. जिन्हे विधान सभा स्तर पर पदाधिकारी नियुक्त किया गया था, वह पार्टी के बजाय विपक्ष के हाथों में खेल गयें. सीता सोरेन का साफ इशारा लुइस मरांडी, सारठ विधायक रणधीर सिंह और पूर्व सांसद सुनील सोरेन की ओर था.
पार्टी के प्रति वफादारी के बजाय विपक्ष के साथ मिलकर खेला
ध्यान रहे कि सारठ विधान सभा, जहां से रणधीर सिंह विधायक है, भाजपा को 1,07,383 वोट मिले थे, जबकि झामुमो को 1,06,241 वोट, वहीं लुईस मरांडी के विधान सभा, दुमका से भाजपा को 89,211, जबकि झामुमो को 78,778 वोट मिले, सीता सोरेन का दावा है कि यह आंकड़ा काफी उपर जा सकता था, लेकिन नेताओं ने पार्टी के प्रति वफादारी के बजाय विपक्षी खेमे का साथ दिया, उधर टिकट कटने के बाद सुनील सोरेन भी भीतरघात का खेल खेलते रहें.
प्रदेश नेतृत्व की भूमिका पर सवाल
सीता सोरेन के निशाने पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी रहें, हालांकि सीता-गीता की जोड़ी के सहारे संताल और कोल्हान जीतने का मास्टर प्लान बाबूलाल ने ही तैयार किया था, सीता सोरेन को भगवा पट्टा पहनाने में बाबूलाल अहम किरदार थें, लेकिन सीता सोरेन को लगता है कि बाबूलाल मरांडी दुमका में कार्यकर्ताओं को एकजूट रखने में विफल रहें, कहने को तो नेताओं की चौकड़ी उनके साथ रही, लेकिन अंदर-अंदर भी झामुमो के साथ मिलकर खेल खेला जा रहा था.
सियासी अधर में सीता का भविष्य! जामा विधान सभा से विधान सभा पहुंचा भी टेढ़ी खीर
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने तक सीता सोरेन झामुमो के साथ थी, लेकिन जैसे ही पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी हुई, वह भाजपा के चुनाव चिह्न पर दुमका के अखाड़े में उतर गयी, हालांकि तब तक भाजपा पूर्व सासंद सुनिल सोरेन को अपना उम्मीदवार बना चुकी थी, लेकिन सीता की एंट्री के बाद सुनील सोरेन को बेटिकट कर सीता पर दांव लगाया गया, अब सीता सोरेन का आरोप है कि सुनिल सोरेन, लुईस मरांडी, सारठ विधायक रणधीर सिंह के साथ मिलकर हार की योजना तैयार कर रहे थें. इन आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह तो पार्टी ही तय करेगी, लेकिन इतना साफ है कि इस हार के बाद सीता सोरेन का सियासी भविष्य पर सवाल खड़ा हो गया है, मुश्किल यह है वह जिस जामा विधान सभा से चुनाव लड़ कर विधान सभा पहुंचती थी, अब उनके लिए उस जामा में भी जीत हासिल करना एक चुनौती है, क्योंकि जामा से उनकी लगतार जीत के पीछे झामुमो का मजबूत सामाजिक आधार था, जो उनके ससुर दिशोम गुरु, पति दुर्गा सोरेन के संघर्ष से खड़ी हुई थी, लेकिन अब जब उनके पास झामुमो का बनैर नहीं होगा, इस हालत में जामा से विधान सभा पहुंचना भी टेढ़ी खीर साबित हो सकता है.
