राजद कानून व्यवस्था को बदनाम करने की रच रही साजिश : जीतन राम मांझी

पटना, 18 जून (आईएएनएस)। केंद्र में मंत्री बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल और तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला, साथ ही नीट पेपर लीक मामले को लेकर कहा कि यह भाजपा, कांग्रेस और महागठबंधन का मामला नहीं है, यह बच्चों के भविष्य का मामला है।

उन्होंने कहा, यह बात सही है कि इस परीक्षा में पेपर आउट हुआ है लेकिन सरकार उस पर सख्त है और जांच एजेंसी इस मामले पर कार्रवाई कर रही है। पेपर लीक होने से स्वाभाविक है कि जो गरीब हैं, उसके साथ जस्टिस नहीं हुआ है। मुझे उम्मीद है कि बच्चों के साथ न्याय होगा।

राजद नेता तेजस्वी यादव की ओर से बिहार के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने को लेकर मांझी ने बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर महागठबंधन के नेताओं को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। हम नजदीक से उन लोगों को जानते हैं। आज त्वरित कार्रवाई हो रही है, लोगों को पकड़ा जा रहा है। आज ऐसा नहीं हो रहा कि गलत काम करने वाले, अपहरण करने वालों को छोड़ा जा रहा है। तब नेगोशिएशन वाली स्थिति थी लेकिन आज इस तरह की बात नहीं है। ऐसे लोग लॉ एंड आर्डर को लेकर बात करते हैं तो यह शोभा नहीं देता।

उन्होंने कहा कि जहां-जहां घटनाएं घट रही हैं, उसमें कौन लोग इंवॉल्व हैं, अगर आप देखेंगे तो स्पष्ट होगा कि राजद के लोग उसमें इंवॉल्व हैं। राजद के लोग लॉ एंड ऑर्डर को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है। इस पर कानून भी बनने जा रहा है ताकि इस पर अंकुश लगाया जा सके।

केंद्र में मंत्री बनने के बाद पहली बार जीतन राम मांझी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की है।

उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद पहली बार पटना आया हूं और हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री से हमने अपने विभाग को लेकर सहयोग मांगा है। उन्होंने बहुत साफ शब्दों में कहा कि जो भी जमीन की जरूरत होगी, हम लोग जमीन देंगे आप अपना काम कीजिए।

–आईएएनएस

एकेएस/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More