झारखंड भाजपा में बवाल! “गोड्डा सांसद निशिकांत ने मां-बहन की गाली दी” दलित विधायक की पीड़ा

रांची: विधान सभा चुनाव के ठीक पहले देवघर (एसी) आरक्षित सीट से निर्वाचित भाजपा विधायक नारायण दास ने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पर मां-बहन की गाली देने का सनसनी आरोप लगा कर सूबे की राजनीति में भूचाल ला दिया है. आरोपों की बौछार करते हुए नारायण दास ने कहा है कि हालांकि मुझे किसी भी कार्यक्रम की औपाचारिक जानकारी नहीं दी जाती थी, बावजूद इसके पार्टी का दायित्व समझ कर पूरे विधान सभा क्षेत्र में घूम-घूम कर निशिकांत दुबे की जीत के लिए मेहनत करता रहा, अपने आप को झोंक दिया, निशिकांत दुबे चौथी बार संसद भी पहुंचे, लेकिन आज वह इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को नहीं देकर अपने खास लोगों की झोली में डाल रहे हैं. उनका दावा है कि इस जीत में पार्टी कार्यकर्ताओं का कोई योगदान नहीं है, और तो और मेरी मां बहनों पर गालियों की बौछार की जा रही है. नारायण दास यहीं नहीं रुके, उन्होंने यहां तक कहा कि उनके प्रति निशिकांत दुबे की खुन्नस नई नहीं है, 2019 के विधान सभा चुनाव में भी वह मेरे विरोध प्रचार कर रहे थें, कार्यकर्ताओं को बीच यह संदेश फैला रहे थें कि इस बार पार्टी नारायण दास को उम्मीदवार बनाने नहीं जा रही है, उसके पीछे-पीछे दौड़ने की जरुरत नहीं है.
आदिवासी समाज के बाद अब दलित जातियां भी छोड़ सकती है भाजपा का साथ
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव में आदिवासी आरक्षित सभी सीटों से भाजपा के सफाये के बाद पार्टी के अंदर फिलहाल समीक्षा का दौर जारी है, कार्यकर्ताओं से फीड बैक लिया जा रहा है, हार के कारणों की बिन्दुवार समीक्षा की जा रही है, दूसरी ओर विधान सभा चुनाव की सरगर्मी भी तेज हो चुकी है. पार्टी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनाव प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा को सह प्रभारी बना कर झारखंड में कमल खिलाने की जिम्मवारी सौंपी है. लेकिन इसके पहले की शिवराज सिंह की एंट्री होती, वह कार्यकर्ताओं से जमीनी फीड बैक लेते, नारायण दास के इस आरोप से सूबे की राजनीति में भूचाल आ गया है. एक तरफ 26 फीसदी आबादी आदिवासी बहुल सीटों से भाजपा का सफाया और अब नारायण दास के आरोपों के बाद 12 फीसदी दलित आबादी का साथ छोड़ने का खतरा. भाजपा के सामने मुश्किलें खड़ा कर सकता है. मालूम रहे कि झारखंड में कुल नौ सीट अनसुचित जाति के लिए आरक्षित है, जिसमें आज के दिन अधिकांश सीटों पर भाजपा का कब्जा है. यदि आदिवासी दलित एक साथ खड़े हो जाते हैं, तो फिर भाजपा के लिए झारखंड में करने के लिए कुछ खास नहीं रहने वाला.
विवादों से निशिकांत का रहा है पुराना नाता
दरअसल निशिकांत दुबे पर यह आरोप नया नहीं है. इसके पहले भी वह पार्टी विधायकों से उलझते रहे हैं, लोकसभा चुनाव के पहले भी सारठ विधायक रणधीर सिंह के साथ तकरार अखबारों की सुर्खियां बनी थी. जो आज भी जारी है, अभी चंद दिन पहले ही एक बार फिर से निशिकांत दुबे और रणधीर सिंह का सोशल मीडिया पर वार सुर्खियों में था, जब रणधीर सिंह ने निशिकांत पर पलटवार करते हुए कहा था कि आप गोड्डा की चिंता करें, सारठ का विकास हमारी प्राथमिकता है, यहां की जनता ने हमें निर्वाचित किया है, हमें अपना जनता का दुख दर्द कैसे दूर करना है, यह हम जानते हैं, आप गोड्डा तक ही अपने आप को सीमित रखें तो बेहतर होगा.
