Jharkhand Politics: “दोना देंगे कोना नहीं” भाजपा चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति पर झामुमो का तीखा हमला!

रांची: विधान सभा चुनाव के लिए जैसे ही भाजपा की ओर से मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश चुनाव प्रभारी और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को सह प्रभारी बनाने की खबर आयी. सूबे का सियासी तापमान चढ़ता नजर आया, झामुमो के केन्द्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा है कि दोना देंगे “कोना नहीं, आइए, घूमिए, फिरिए, खाइए पर रहिए मत” 

शिवराज सिंह को चुनाव प्रभारी नियुक्त किये जाने के बाद हमलावर हुई झामुमो

याद रहे कि भाजपा ने मध्यप्रदेश की सियासत में मामा के नाम से मशहूर, चार-चार बार के सीएम, भाजपा की सियासत में पिछड़ी जातियों का सबसे लोकप्रिय चेहरा और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को झारखंड प्रदेश चुनाव प्रभारी और अपने बयानों के कारण सुर्खयों में रहने वाले असम से सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को सह प्रभारी नियुक्त करने की घोषणा की है.  झारखंड में अगले पांच महीनों में विधान सभा का चुनाव होना है. आदिवासी बहुल लोकसभा की सभी पांच सीटों से सफाये के बाद भाजपा के सामने आदिवासी समाज को साधने और अपने विश्वास में लेने की चुनौती है. 

क्यों महत्तपूर्ण है शिवराज सिंह नियुक्ति

शिवराज सिंह की नियुक्ति इस लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि उनकी पहचान एक कुशल संगठनकर्ता की रही है, हार जीत की परवाह किये वह अपने दायित्व में मशगूल रहते हैं, इसकी झलक पिछले विधान सभा चुनाव के दौरान भी मध्यप्रदेश में देखने को मिली, काफी हद तक केन्द्रीय नेतृत्व के द्वारा दरकिनार किये जाने के बावजूद, इस बात से बेपरवाह की आगे सियासी भविष्य क्या होगा, सीएम की कुर्सी रहेगी या जायेगी, वह अपने दम पर प्रचार-प्रसार में जुटे रहे और आखिरकार भाजपा की वापसी करवाने में सफल रहें. इस बार भी जहां राजस्थान में बसुंधरा राजे को किनारा करने का साइड इफेक्ट दिखने को मिला, कांग्रेस अप्रत्याशित रुप वापसी में सफल रही, मध्य प्रदेश में फिर से कमल खिला, जबकि कई सियासी जानकारों के द्वारा राजस्थान के साथ ही मध्य प्रदेश में भी भितरघात की आशंका प्रकट की जा रही थी. लेकिन ये सारी आशंकाएं निर्मूल साबित हुई. अब उसी शिवराज सिंह चौहान को झारखंड में कमल खिलाने की जिम्मेवारी सौंपी गयी है. 

अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ को मंत्रिमंडल में शामिल भाजपा खेल चुकी है पिछड़ा कार्ड

यहां ध्यान रहे कि इस बार भाजपा ने झारखंड से अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ को मंत्रिमंडल में शामिल कर पिछड़ा कार्ड खेला है, देखना होगा कि विधान सभा चुनाव में यह कौन सा रंग दिखलाता है, और मामा को अपनी जादूगरी के सहारे कमल खिलाने में सफलता मिलती है या विधान सभा चुनाव का परिणाम भी लोकसभा के रंग में सामने आता है. वैसे इस बार झारखंड के चुनावी प्रबंधन में हिमंत विस्वा सरमा की इंट्री होने वाली है, जो अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं और इसका लाभ भी भाजपा को मिलता रहा है. लेकिन इस बीच जिस तरीके से झामुमो की ओर प्रतिक्रिया आयी है, उससे साफ है कि झामुमो को इस खतरे का एहसास है और वह बड़ी चालाकी से इस चुनावी संघर्ष को बाहरी बनाम भीतरी का रंग देने के प्रयास में है. हालांकि जिस तरीके से आदिवासी बहुल सीटों से भाजपा का सफाया हुआ है, शिवराज सिंह के लिए इस बार झारखंड में कमल खिलाना बेहद मुश्किल टास्क है.
  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More