विधान सभा चुनाव 2024: झारखंड में दिखेगा ‘मामा’ की जादूगरी!

रांची: मध्यप्रदेश की सियासत में मामा के नाम से मशहूर, चार-चार बार के सीएम, भाजपा में पिछड़ी जातियों का सबसे मजबूत चेहरा और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ही अपने बयानों के कारण सुर्खयों में रहने वाले असम से सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के कंधों पर 2024 के विधान सभा चुनाव में कमल खिलाने की जिम्मेवारी होगी. आज भाजपा की ओर से जारी पत्र में शिवराज सिंह चौहान को झारखंड चुनाव प्रभारी और हिमंत विस्वा सरमा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है.
आदिवासी बहुल विधान सभा की सीटों पर कमल खिलाने की चुनौती
ध्यान रहे कि अगले पांच महीनों में झारखंड में विधान सभा का चुनाव होना है. आदिवासी बहुल लोकसभा की सभी पांच सीटों से सफाये के बाद भाजपा के सामने आदिवासी समाज को साधने की चुनौती है, शिवराज सिंह चौहान की पहचान एक कुशल संगठनकर्ता की रही है, हार जीत की परवाह किये वह सिर्फ अपने दायित्व का निर्वाह करते नजर आते हैं. मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव के दौरान जब उनका नाम भावी मुख्यमंत्री की सूची के गायब था, वह अपने दम पर प्रचार-प्रसार में जुटे रहे और आखिरकार तमाम एक्जिट पॉल को धरासयी करते हुए भाजपा भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करने में कामयाब रही, अब उन्ही शिवराज सिंह के कंधों पर झारखंड में कमल खिलाने की जिम्मेवारी होगी.
अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ को मंत्रिमंडल में शामिल कर पिछड़ा कार्ड खेल चुकी है भाजपा
आपको बता दें कि इस बार भाजपा ने झारखंड से अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ को मंत्रिमंडल में शामिल कर पिछड़ा कार्ड खेला है, देखना होगा कि विधान सभा चुनाव में यह कौन सा रंग दिखलाता है, और मामा को अपनी जादूगरी के सहारे कमल खिलाने में कितनी सफलता हाथ लगती है या विधान सभा चुनाव का परिणाम भी लोकसभा के रंग में सामने आता है. वैसे इस बार झारखंड के चुनावी प्रबंधन में हिमंत विस्वा सरमा की इंट्री होने वाली है, जो अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं और इसका लाभ भी भाजपा को मिलता रहा है.
