Jharkhand Politics: लोकसभा चुनाव में सफाये के बाद कांग्रेस को आयी पिछड़ों की याद!

रांची: राजनीति में टोटकों का भी अपना अंदाज है, भाजपा ने कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और रांची सासंद संजय सेठ को मंत्री बना कर विधान सभा चुनाव के लिए अपना ओबीसी कार्ड क्या खेला, मानो कांग्रेस को इस टोटके से अपना जीवन-मंत्र मिल गया हो, नहीं तो यह वही कांग्रेस है, जिसने अपने हिस्से की सभी पांच सामान्य सीटों में चार पर अगड़ी जातियों को उम्मीदवार बनाया था, पिछड़ी जातियों के हिस्से एक सीट जेपी पटेल के रुप में हजारीबाग आयी थी, जब बात बिगड़ती दिखने लगी, गोड्डा से चतरा तक आग लगती दिखलाई दी तो आनन-फानन में गोडडा से दीपिका पांडेय को पीछे करते हुए प्रदीप यादव को आगे कर क्षतिपूर्ति करने की कोशिश हुई. लेकिन तब तक जो संदेश जाना था, जा चुका था, उधर भाजपा ढुल्लू महतो को आगे कर अपना दांव खेल चुकी थी, अल्पसंख्यक समाज में अपना चेहरा गायब रहने की नाराजगी थी तो पिछड़ी जातियां, खास कर कुर्मी समुदाय के बीच सियासी भागीदारी का सवाल खड़ा हो रहा था.

समीक्षा बैठक में सीएम चंपाई के बगल में बैठे दिखे बन्ना गुप्ता 

अब जो खबर आ रही है उसके अनुसार भाजपा की राह चलते हुए कांग्रेस ने भी ओबीसी कार्ड खेलने की रणनीति अपनाई है, और इस रणनीति का चेहरा होंगे स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, दरअसल पिछले दिनों प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक हुई, इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बाद की कुर्सी पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता दिखें, जबकि कायदे से इस कुर्सी पर रामेश्वर उरांव को होना चाहिए था. फिलहाल वरियता क्रम में वह सबसे उपर है और यहीं से सियासी गलियारों में यह खबर तैरने लगी कि विधान सभा चुनाव के पहले कांग्रेस विधायक दल के नेता के रुप से बन्ना गुप्ता का ताजपोशी कर पिछड़ी जातियों को एक संदेश देना चाहती है.

रामेश्वर उरांव का नेम प्लेट हटाकर बन्ना गुप्ता का नेम प्लेट

याद रहे कि कभी इस कुर्सी पर आलमगीर आलम बैठते थें, उनकी जेल यात्रा के बाद कई अवसरों पर इस कुर्सी पर रामेश्वर उरांव को बैठा देखा गया, लेकिन अब उसी कुर्सी पर बन्ना गुप्ता दिख रहे हैं. जानकारों का दावा तो यह है कि इस बार भी रामेश्वर उरांव का नेम प्लेट लगा हुआ था, लेकिन एन वक्त पर बन्ना गुप्ता का नेम प्लेट लगाने का निर्देश मिला, जिसके कारण अधिकारियों को भी हैरत हुई और उनके अंदर भी इस बदलाव का संदेश पहुंच गया.

मंत्रिमंडल में बदलाव की मांग

 यह बदलाव उस वक्त देखने को मिल रहा है, जबकि कांग्रेसी मंत्रियों के विरुद्ध खुद पार्टी में असंतोष के स्वर है, सीएम चंपाई की तोजपोशी के बाद तो कांग्रेस कोटे के करीबन 8 विधायकों ने आलाकमान से मिलकर मंत्रिमंडल में बदलाव की मांग भी की थी, उस वक्त भी बन्ना गुप्ता और  मंत्री बादल पत्र लेख निशाने पर थें, इस बार भी जब जरमुंडी विधान सभा और बन्ना गुप्ता के विधान सभा क्षेत्र से महागठबंधन के उम्मीदवारों को पिछड़ने की खबर आयी तो एकबार फिर से बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख पर सवाल खड़ा हुआ, लेकिन लगता है कि कांग्रेसी विधायकों की आवाज अनसुनी रह गयी और आलाकमान का भरोसा आज भी बन्ना गुप्ता पर कायम है. 

बकरीद बाद मंत्रिमंडल विस्तार

आपको बता दें कि इस सियासी गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज है. दावा किया जा रहा है कि बकरीद की समाप्ति के बाद मंत्रिमंडल में विस्तार किया जा सकता है, दावा किया जा रहा है कि 12वां मंत्री का पद जो अब तक खाली था, के सहारे कल्पना सोरेन मंत्रिमंडल का हिस्सा हो सकती है. जबकि आलमगीर आलम के इस्तीफे से खाली हुई सीट से इरफान अंसारी को  मंत्री बनाया जा सकता है.. लेकिन मुख्य सवाल यह है कि दीपिका पांडेय, उमाशंकर अकेला, अम्बा प्रसाद और दूसरे विधायकों की नाराजगी का का क्या होगा, जिनके द्वारा मंत्रिमंडल में बदलाव की गुहार लगायी गयी थी और निशाने पर बन्ना गुप्ता के साथ ही बादल पत्रलेख भी थें.

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More