कांग्रेस ने हिमाचल-उत्तराखंड में होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान

नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। इसकी जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी।

उन्होंने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगामी विधानसभा उपचुनावों में पार्टी उम्मीदवारों के रूप में इन नामों को मंजूरी दे दी है।

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा और नालागढ़ से हरदीप सिंह बावा को चुनावी मैदान में उतारा है।

इसके अलावा उत्तराखंड के चमोली जिले की बद्रीनाथ सीट से लखपत बुटोला को उपचुनाव में टिकट दिया गया है। वहीं, काजी निजामुद्दीन को हरिद्वार जिले की मंगलौर विधानसभा सीट से उम्मीदवार गया बनाया है।

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिमाचल प्रदेश की तीनों सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थी। भाजपा ने हमीरपुर से आशीष शर्मा, नालागढ़ से कृष्ण लाल ठाकुर, देहरा से होशियार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक इन विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए अधिसूचना 14 जून को जारी की जा चुकी है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है। 24 जून को मतपत्रों की जांच की जाएगी। जबकि, नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है।

चुनाव आयोग ने कहा कि सभी निर्वाचन क्षेत्रों में 10 जुलाई को मतदान होगा और परिणामों की घोषणा 13 जुलाई को होगी।

–आईएएनएस

एसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More