विधान सभा चुनाव 2024: इचागढ़ में किसका राज! देवेन्द्रनाथ महतो का जलवा या सविता महतो की वापसी!

रांची:  पच्छिमी सिंहभूम जिले में स्थित इचागढ़ विधान सभा रांची संसदीय सीट का हिस्सा है. पिछड़ी, दलित और आदिवासी समुदाय की 80 फीसदी आबादी वाले इस विधान सभा का अस्तित्व 1962 के परिसिमन के बाद  आया. इचागढ़, चांडिल और नीमडीह पुलिस स्टेशन इसी विधान सभा के अंतर्गत आता है. 1962 में अस्तित्व में आने के बाद से ही पातकुम स्टेट के नाम से प्रचलित ईचागढ़ राजघराने का इस विधान सभा पर कब्जा रहा. 1962 में राजपरिवार से जुड़े प्रभात कुमार आदित्यदेव ने स्वराज पार्टी के बनैर तले पहली सफलता प्राप्त की,  हालांकि 1967 में आदित्यदेव ने स्वराज पार्टी को अलविदा करते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया और दूसरी बार सफलता हासिल करने में कामयाब रहें. लेकिन 1972 में राजपरिवार से जुड़े स्वतंत्र उम्मीदवार  शत्रुघ्न आदित्य देव के हाथों हार का सामना करना पड़ा.   लेकिन 1985 में आदित्यदेव ने फिर से वापसी की और अपना किला फतह करने में कामयाब रहें. लेकिन वर्ष 2000 के मुकाबले में, याद रहे कि यह वही वर्ष है, जिस वर्ष हिन्दुस्तान के नक्शे पर झारखंड का उदय हुआ. लम्बे संघर्ष और अनगिनित कुर्बानियों के बाद  झारखंड की सौगात मिली थी. भाजपा के मलखान सिंह के हाथों आदित्यदेव को अपना किला एक बार फिर से गंवाना पड़ा.  दरअसल विधान सभा चुनाव के पहले तक मलखान सिंह के कंधें पर कांग्रेस का ही झंडा था, लेकिन बदलती जमीनी सच्चाई को समझने में कांग्रेस चूक कर गयी और एक बार फिर से आदित्यदेव पर अपना भरोसा जताने का फैसला किया, इधर मलखान सिंह, जिन्हे अरविन्द कुमार सिंह के नाम से भी जाना जाता है, भाजपा ने मौका देख अपना कमल थमा दिया, और कांग्रेस को अपने ही सिपहसलार के हाथों सीट गंवानी पड़ी.

2000 का चुनाव इचागढ़ की सियासत का टर्निंग प्वाइंट 

यह वह टर्निंग प्वाइंट था, जिसके बाद आज तक यह सीट फिर कभी कांग्रेस के पास नहीं आयी. 2005 आते-आते इचागढ़ में सुधीर महतो की तूती बोलने लगी. सुधीर महतो ने ही पहली बार वर्ष 2005 में इस सीट पर झामुनो का झंडा बुलंद किया,  हालांकि 2009 के मुकाबले में एक बार फिर से मलखान सिंह ने झारखंड विकास मोर्चा के बनैर तले अपना पताका फहराने में कामयाबी जरुर हासिल की, लेकिन 2014 में भाजपा ने दूसरी बार इस सीट पर कमल खिलाया, लेकिन चेहरा बदल चुका था, इस बार कमल खिलाने का श्रेय साधु चरण महतो को जाता है. फिर सामने आया 2019 का  विधान सभा चुनाव और इचागढ़ के पूर्व विधायक और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुधीर महतो की धर्मपत्नी सविता देवी के नेतृत्व में झामुमो ने जोरदार वापसी की. सविता महतो ने आजसू के हरे लाल महतो को 19 हजार मतों पराजित किया, जबकि भाजपा के साधुचरण महतो को महज कुछ अंतर से तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा.

इचागढ़ से पातकुम स्टेट राज्य परिवार का प्रभुत्व समाप्त

इस प्रकार देखें तो झारखंड राज्य अस्तित्व में आते ही इचागढ़ से राज्य परिवार का प्रभुत्व समाप्त हो गया. हालांकि आज भी इस परिवार से जुड़े लोग सियासत में सक्रिय है, लेकिन सामाजिक समीकरण पूरी तरह से बदला चुका है. आजादी के बाद जैसे-जैसे दलित पिछड़ी जातियों में सियासी जागरुकता आयी, हिस्सदारी-भागीदारी का सवाल खड़ा हुआ, सियासी पार्टियों पर भी राज्य परिवार से जुड़े व्यक्ति के बजाय सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखने की मजबूरी आ खड़ी हुई. आपको बता दें कि इचागढ़ विधान सभा में कुर्मी आबादी की प्रमुखता है, इसके साथ ही दूसरी दलित और पिछड़ी जातियों की आबादी भी अच्छी खासी है. इसकी झलक इस बार के लोकसभा चुनाव में देखी जा सकती है. जहां भाजपा ने संजय सेठ और कांग्रेस ने यशस्विनी सहाय को अपना उम्मीदवार बनाया था. जबकि जयराम महतो की पार्टी की ओर से छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो ताल ठोकने उतरे थें. भले ही इस मुकाबले में संजय सेठ को जीत और यशस्विनी सहाय को हार मिली हो, लेकिन इस चुनावी समर का सितारा बन कर सामने आये देवेन्द्रनाथ महतो. 

इचागढ़ में कुर्मी जाति की बहुलता

ध्यान रहे कि रांची लोकसभा में कुर्मी जाति की आबादी करीबन 17 फीसदी की है, हालांकि कुर्मी नेताओं का दावा 20 फीसदी का है. इस 20 फीसदी आबादी के बीच देवेन्द्रनाथ महतो का व्यापक असर देखने को मिला. कुर्मी बहुल इचागढ़ और सिल्ली में देवेन्द्रनाथ महतो की सेंधमारी ने इस बात पर मुहर लगा दी कि यदि आने वाले लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस सामाजिक समीकरणों की उपेक्षा करते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया तो एक और हार उसका इंतजार करेगी. और इसकी वजह है एक स्वतंत्र उम्मीदवार के बतौर देवेन्द्रनाथ महतो के हिस्से आयी कामयाबी.  जहां इचागढ़ विधान सभा  से यशस्विनी सहाय को 58784 और भाजपा के संजय सेठ को 96724 वोट मिले, वहीं अपने प्रथम ही मुकाबले में ही 38564 हासिल कर आने वाले सियासी तूफान का संकेत दे दिया.

बूथ प्रबंधन के लिए संसाधनों का टोटा के बावजूद नहीं टूटा हौसला 

यह स्थिति तब रही जबकि देवेन्द्रनाथ महतो के पास बूथ प्रबंधन के लिए भी संसाधनों का टोटा था, कई बूथ पर तो कोई बूथ एजेंट भी नहीं था, बावजूद इसके  38564 लाना एक सियासी करिश्मा ही था. अब वही देवेन्द्रनाथ महतो विधान सभा चुनाव में तोल ठोकने का एलान कर रहे हैं. इस बार देवेन्द्रनाथ महतो के सामने प्रचार प्रसार का पर्याप्त समय भी है, और बहुत संभव है कि विधान सभा चुनाव के पहले पहले जयराम की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का विधिवत मान्यता भी मिल जाय. यानि पूरे झारखंड में जयराम के पार्टी के उम्मीदवारों के पास एक ही चुनाव चिह्न और एक ही झंडा होगा. इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में जो कमियां रही, उसे दूर करने का अवसर भी.

देवेन्द्रनाथ की एंट्री से किसका बिगड़ेगा खेला

इस हालत में यह सवाल खड़ा होता है कि इचागढ़ में देवेन्द्रनाथ की एँट्री से किसका खेल बिगड़ने वाला है? क्या देवेन्द्रनाथ खुद अपना खेल बनाने की स्थिति में होंगे? या इस बार फिर भाजपा और झामुमो का खेल बिगाडऩे की भूमिका होगी?  इस सवाल पर विचार करने के पहले हमें यह याद रखना होगा कि वर्ष 2019 के मुकाबले में झामुमो के सविता महतो को 29.25 फीसदी मतों के साथ 57,546 वोट मिले थें, जबकि 19.74 मतों के साथ आजसू के हरे लाल महतो को 38,836 और भाजपा के साधु चरण महतो को 19.56 मतों के साथ 38,485 वोट मिला था. फिलहाल विधान सभा चुनाव में आजसू -भाजपा का एक साथ  चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है. इस  हालत में यदि हम आजसू-भाजपा को कूल वोटों को एक साथ जोड़ दें तो यह आंकड़ा 38 फीसदी मत के आसपास नजर आता है, यानि सविता महतो के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती है, लेकिन मुख्य सवाल यह है कि देवेन्द्र नाथ के एंट्री के बाद किसके आधार वोटों में सेंधमारी होने वाली है. क्या देवेन्द्रनाथ सिर्फ आजसू- भाजपा के वोटों में सेंधमारी करेंगे या फिर सविता महतो का आधार मतों में भी सेंधमारी होने वाली है, और यदि यह सेंधमारी आजसू-भाजपा के साथ ही झामुम का वोट बैंक में भी होने वाली है, तो फिर किसका पत्ता साफ होने वाला है? 

झारखंड की सियासत में जयराम की सुनामी 

फिलहाल इस सवाल का जवाब देना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन जिस तरीक से पूरे झारखंड की सियासत में जयराम की सुनामी दस्तक देखने को मिल रहा है, लोकसभा चुनाव में जिस सुनामी की तस्दीक हो चुकी है. उस हालत में देवेन्द्रनाथ महतो को हल्के में लेना, झामुमो के साथ ही भाजपा के लिए भी बड़ा सियासी भूल होगी.  यहां सवाल सिर्फ कुर्मी वोट बैंक का नहीं है, जयराम के साथ पढ़े लिखे और बेरोजगार नौजवानों का खड़ा होना, एक बड़े परिवर्तन का संकेत है. जिसका असर इचागढ़ में भी देखने को मिल सकता है. साफ है कि स्थापित सियासी दलों के सामने खतरे की घंटी बज चुकी है, और थोड़ी सी भी चूक, उनकी नैया डूबा सकती है. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More