भाजपा सरकार में सूदखोरों से लोग परेशान : अखिलेश यादव

लखनऊ, 15 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान व नौजवान बेहाल हैं। किसान, नौजवान और अन्य लोग सूदखोरों से परेशान हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि सूदखोरों से त्रस्त होकर लोग आत्महत्या करने पर विवस है। उन्होंने कहा कि इटावा में साहूकारों के हर दिन के तगादा और प्रताड़ना से परेशान एक युवा किसान ने आत्महत्या कर ली। भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल में महंगाई और कर्ज से परेशान होकर एक लाख से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके है। भाजपा सरकार की नीतियां गरीब और किसान विरोधी हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश में सूदखोरों का आतंक है। बलिया, प्रयागराज, लखनऊ कानपुर, इटावा, शाहजहांपुर, हर जगह सूदखोरों से लोगों का जीना हराम है। इस तरह के कर्ज से सबसे ज्यादा गरीब किसान और कमजोर ही शिकार बनते हैं। एक बार लोग इनके चंगुल में फंस जाते हैंं, तो फिर निकलना मुश्किल हो जाता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठी योजनाओं के द्वारा जनता को बरगलाने का काम करती है। गरीबों, किसानों के लिए बैंकों से कम ब्याज और आसानी से कर्ज की योजनाएं जमीन पर उतरती नहीं दिखती हैं। सरकारी व्यवस्था इतनी जटिल है कि बैंकों से किसानों को लोन नहीं मिल पाता है, तब लोग छोटी-छोटी जरूरतों के लिए सूदखोरों के जाल में फंसने को मजबूर हो जाते हैं।

— आईएएनएस

विकेटी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More