पीएम मोदी 18 जून को जाएंगे वाराणसी, किसान सम्मेलन को करेंगे संबोधित

वाराणसी, 15 जून (आईएएनएस)। केंद्र में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आएंगे। तीसरी बार काशी से सांसद बनने के बाद पीएम मोदी का यह पहला काशी दौरा होगा। इस दौरान पीएम मोदी वाराणसी में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस बार लंबा वक्त गुजारने वाले हैं। वह शाम करीब साढ़े तीन बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेगे। पीएम मोदी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा जनसभा स्थल के लिए रवाना होंगे। रास्ते में जगह-जगह भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया जाएगा।

किसानों को सम्बोधित करने के बाद वह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। दर्शन पूजन करने के बाद वह दशाश्वमेध घाट पर होने वाले गंगा आरती में शामिल होंगे। बरेका गेस्ट हाउस में पीएम मोदी रात्रि विश्राम करेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।

दरअसल पीएम मोदी का यह दौरा किसानों के लिए समर्पित रहने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी के किसानों को सम्मानित करेंगे। अभी हाल में ही शपथ लेने के बाद पीएम मोदी ने किसान निधि की राशि जारी की थी।

लोकसभा चुनाव के दौरान वाराणसी सीट पर पीएम मोदी ने कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को 1,52,513 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। प्रधानमंत्री मोदी को 6,12,970 वोट मिले, जबकि अजय राय को 4,60,457 वोट मिले।

–आईएएनएस

एकेएस/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More