कर्नाटक में केंद्रीय मंत्री सोमन्ना के बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज

बेंगलुरु, 14 जून (आईएएनएस)। रेलवे और जल शक्ति मंत्रालयों में राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के बेटे के खिलाफ यहां एफआईआर दर्ज की गई है। एक दंपति ने उन पर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के 37वें एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) के निर्देश पर अरुण सोमन्ना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

एफआईआर में दो और लोगों – दासरहल्ली निवासी जीवन कुमार और हेब्बल निवासी प्रमोद राव – के भी नाम हैं।

संजय नगर थाने में दर्ज एफआईआर में केंद्रीय मंत्री के बेटे के खिलाफ आईपीसी की धारा 506, 34, 504, 387, 420, 477ए, 323, 327 और 354डी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बेंगलुरु के संजयनगर इलाके की रहने वाली त्रुप्ति ने आरोप लगाया है कि अरुण सोमन्ना ने एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में फर्जीवाड़ा किया और उसे तथा उसके पति माधवराज को जान से मारने की धमकी दी।

एफआईआर में कहा गया है कि त्रुप्ति और माधवराज 23 साल से एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चला रहे हैं। साल 2013 में एक सरकार समारोह के दौरान माधवराज को अरुण सोमन्ना से मिलवाया गया। कंपनी ने वर्ष 2017 में अरुण सोमन्ना की बेटी की बर्थडे पार्टी भी ऑर्गेनाइज की।

शिकायत में कहा गया है कि बाद में अरुण और माधवराज ने मिलकर पार्टनरशिप के तहत एक कंपनी शुरू की। आरोप है कि जब कंपनी को घाटा हुआ तो अरुण ने माधवराज को इसकी सूचना नहीं दी। उसे जबरन कंपनी से निकाल दिया गया और नये पार्टनर रखे गये। त्रुप्ति और उसके परिवार को धमकी दी गई।

शिकायतकर्ता ने दावा किया है उसके परिवार को गुंडे धमकाने लगे और उसके पति को एक अंधेरे कमरे में बंद कर प्रताड़ित किया गया।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More