एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप में खेल विभाग का घोटाले से इंकार, इंटरनल कमेटी करेगी मामले की जांच

रांची– एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप-2023  में घोटाले के आरोप को खारिज करते हुए खेल विभाग ने सभी आरोपों को तथ्यहीन बताया है. मेहमानों के लिए प्रति थाली 19 हजार के भुगतान के आरोप पर खेल निदेशक सुशांत गौरव ने दावा किया कि प्रति थाली महज 2500 रुपये का ही भुगतान हुआ है, जो कहीं से भी ज्यादा नहीं है, बाकि का खर्च लाइटिंग और दूसरे मद्द में हुआ. लेकिन लाईटिंग और दूसरे मद्द के खर्च को भी इसके साथ जोड़ कर दिखलाये जाने के कारण भ्रम की स्थिति बन रही है. ई-रिक्शा के लिए डीजल की आपूर्ति के सवाल पर खेल निदेशक ने कहा है कि यह एक मानवीय भूल का मामला है. भुगतान ऑटो के लिए किया गया है, लेकिन भूलवश ई-रिक्शा का बिल संलग्न कर दिया गया. सप्लायर ने इसके लिए अपना खेद प्रकट किया है. वहीं 15 हजार के रेफ्रिजेटर के लिए 27 हजार रुपया किराया भुगतान किये जाने के सवाल सुशांत गौरव ने कहा कि सब कुछ निविदा का हिस्सा है, सारा भुगतान एल-वन के अनुसार ही हुआ. रेफ्रिजेटर मामले में विभाग के हाथ बंधे हुए थें, हमारे पास नया रेफ्रिजेटर खरीदने का विकल्प नहीं था. एल वन ही एक मात्र विकल्प था. हालांकि सुशांत गौरव ने स्वीकार किया कि 15 हजार में बाजार में उपलब्ध रेफ्रिजेटर के लिए 27 हजार का भुगतान हुआ है. लेकिन विभाग के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था. यदि विभाग के पास नया रेफ्रिजेटर खरीदने का विकल्प होता, तो यह नौबत नहीं आती.    

सात दिनों में इंटरनल कमेटी करेगी मामले की जांच

घोटाले के आरोप पर सुशांत गौरव ने दावा किया कि इंटर कमिटी को जांच का जिम्मा सौंप दिया गया है. सात दिनों के अंदर -अंदर वह अपनी रिपोर्ट को पेश करेगी, और यदि कहीं कोई अनियमितता पायी जाती है, तो कार्रवाई भी होगी. आपको बता दें कि कई मीडिया रिपोर्ट में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप-2023 घोटाला का दावा किया जा रहा है. भाजपा की ओर से इस कथित घोटाले की तुलना चारा घोटाले से की जा रही है. इस मामले में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने तंज कसते हुए कहा है कि अब तक की जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा बैटरी से संचालित होता था. लेकिन आश्चर्यजनक रुप से झारखंड खेल मंत्रालय ने ई-रिक्शा को डीजल से चलाने में कामयाबी हासिल की है. चारा घोटाला में चारा स्कूटर और बाईक से ढोया जाता था, झारखंड में फिर से वही कहानी दुहरायी जा रही है. 

27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2023 तक  एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप का हुआ था आयोजन 

मालूम रहे कि एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप 2023 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2023 तक जयपाल सिंह स्टेडियम में खेला गया था. जिसमें छह सर्वश्रेष्ठ एशियाई महिला राष्ट्रीय टीमों के लिए द्विवार्षिक फील्ड हॉकी टूर्नामेंट किया गया था. अब इसमें भ्रष्टाचार की खबरें सामने आने के बाद खेल मंत्री हाफ़िजूल हसन निशाने पर हैं. दावा किया जा रहा है कि आलमगीर आलम के बाद चंपाई सरकार का एक और विकेट गिरने वाला है. यदि वाकई ऐसा होता है तो चंपाई सरकार के लिए विधान सभा चुनाव के पहले यह एक बड़ा झटका होगा.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More