‘अपराधी को छिपाने वाले राजद के लोग’, सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर किया पलटवार

पटना, 13 जून (आईएएनएस)। तेजस्वी यादव ने बिहार में हुए आपराधिक घटनाओं और मोदी सरकार में परिवारवाद को लेकर भाजपा को निशाने पर लिया है। इस पर अब बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पलटवार किया है।

सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव के पोस्ट पर कहा कि बिहार में आपराधिक घटनाओं पर कार्रवाई होने में देर नहीं होती है। अपराधी को छिपाकर रखने वाले राजद के लोग होते हैं। भाजपा अपराध विरोधी है, अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे, जिन लोगों ने अपराध किया है, उन पर कार्रवाई होगी।

एक अन्य पोस्ट (ट्वीट) में तेजस्वी यादव ने भाजपा के केंद्रीय मंत्रिमंडल में परिवारवाद को लेकर मोदी सरकार को घेरा था, जिस पर सम्राट चौधरी ने कहा कि बीजेपी में जो काम करते हैं उन्हीं को जगह मिलती है। वह किन्हीं के पुत्र हैं इस कारण से किन्ही को जगह नहीं मिलती। वंशवादी राजनीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी है।

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा था कि राजनीति में परिवारवाद के सबसे बड़े संरक्षणकर्ता, पालनकर्ता और पोषणकर्ता ही परिवारवाद पर लंबा-चौड़ा प्रवचन देते हैं। कथित विरासत वाली पार्टियों की बदौलत ही आज उनकी सरकार और सियासत सांस ले पा रही है। उनके कथनी और करनी के इस अंतर को हमारे महान देश की महान जनता बखूबी समझती है।

वहीं एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि बिहार में डबल इंजन सरकार के चंद घंटों के मंगलराज का अद्भुत आपराधिक नजारा देखिए। मुख्यमंत्री से लेकर दो-दो उपमुख्यमंत्री सहित समूचा अमला आपराधिक घटनाओं को लेकर आपराधिक चुप्पी ओढ़े हुए है।

𝟏. नवादा में सरेराह महिला को चाकू घोंपा, हालत नाजुक!

𝟐. पटना में दो बहनों पर चाकू से हमला, दोनों गंभीर रूप से जख्मी!

𝟑. भागलपुर में बदमाशों ने निर्वस्त्र कर महिला की पीट-पीटकर की निर्मम हत्या।

𝟒. सुपौल में दो बच्चों की निर्मम हत्या, गड्ढे में मिले शव।

𝟓. मुंगेर के डंगरी नदी में महिला का मिला शव।

𝟔. छपरा में कोर्ट जा रहे दो प्रसिद्ध वकीलों की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या की।

𝟕. छपरा में बेख़ौफ़ अपराधियों ने युवक को गोली मार मचाया तांडव।

𝟖. छपरा में पुलिस टीम पर हमला।

𝟗. भोजपुर में प्लंबर की हुई हत्या। कोईलवर पुल के पास मिली लाश।

𝟏𝟎. मोतिहारी के घोड़ासहन में अपराधियों ने व्यवसायी को गोली मार कर पैसे लूट कर फरार।

𝟏𝟏. गोपालगंज में हार्डवेयर कारोबारी को गोली मारी।

𝟏𝟐. बगहा में पंचायती के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग।

𝟏𝟑. आरा में हथियारबंद अपराधियों ने की फायरिंग, क्षेत्र में मचा हड़कंप, युवक को लगी गोली।

𝟏𝟒. पटना के मसौढ़ी में अपराधियों ने की कई राउंड फायरिंग, एक को लगी गोली।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More