पूर्व सीएम की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित, ईडी की दलील, हेमंत सोरेन प्रभावशाली व्यक्ति

रांची: बरियातू स्थित भुइंहरी जमीन मामले में 184 दिनों से जेल में बंद पूर्व सीएम हेमंत की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में पिछले तीन दिनों से चल रही सुनवाई पूरी हो गयी. तीन दिनों की सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से पक्ष रखते हुए वकील एसवी राजू ने जमानत याचिका का यह कहते हुए विरोध किया कि हेमंत सोरेन एक प्रभावशाली व्यक्ति है, इनके द्वारा पूरी जांच प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सकता है.
राज्य की मशीनरी का दुरुपयोग भी कर सकते हैं, जबकि बचाव पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वकील मीनाक्षी अरोड़ा यह दलील पेश की उक्त जमीन से हेमंत सोरेन का कोई वास्ता नहीं है. यह विशुद्ध एक राजनीतिक प्रतिशोध का मामला हैं. हेमंत सोरेन के द्वारा उक्त जमीन पर बैंक्वेट हॉल का निर्माण का दावा भी ईडी का अपना अनुमान है, यह जमीन हेमंत सोरेन के नाम नहीं है.
मीनाक्षी अरोड़ा ने अपनी दलील में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की तर्ज पर जमानत देने का आग्रह भी किया. सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से यह दावा भी पेश किया गया कि हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू ने यह स्वीकार किया है कि हेमंत सोरेन के निर्देश पर ही सीएमओ में कार्यरत उदय शंकर को जमीन का सत्यापन का निर्देश दिया था. अंचल निरीक्षक भानु प्रताप जमीन पर कब्जा करने में सीएम हेमंत की मदद कर रहे थें. दोनों पक्ष की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया.
