ऑनलाइन ऑर्डर से मंगवाई आइसक्रीम में मिली इंसान की कटी उंगली, केस दर्ज

मुंबई, 13 जून (आईएएनएस)। मुंबई के मलाड़ इलाके में आइसक्रीम खाने के दौरान एक शख्स के मुंह में मानव उंगली का टुकड़ा चला गया। आइसक्रीम में उंगली का टुकड़ा पहले से ही था। आइसक्रीम खाने के दौरान लगा कि यह आइसस्क्रीम का टुकड़ा हो सकता है, लेकिन उसका स्वाद बड़ा ही विचित्र था।

उस टुकड़े को मुंह से बाहर निकालने के बाद पता चला कि वो किसी इंसान की उंगली है। पुलिस ने यम्मो आइसक्रीम के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। वहीं, उस टुकड़े को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया जहां इस बात की पुष्टि हुई है कि वो मानव उंगली ही थी।

शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन ऐप ज़ेप्टो से 3 युम्मो मैंगो आइसक्रीम का ऑर्डर किया था, लेकिन सुबह तकरीबन 10 बजे जेप्टो डिलीवरी बॉय उन्हें 2 यम्मो मैंगो आइसक्रीम और 1 यम्मो बटरस्कॉच आइसक्रीम दे गया। तकरीबन 1 बजे खाना खाने के बाद आइसक्रीम खाते समय शिकायतकर्ता को महसूस हुआ कि उसके मुंह में किसी चीज का टुकड़ा चला गया है, तो उसने वह टुकड़ा मुंह से बाहर निकाला और जांच करने पर पाया कि वह कील लगा हुआ मांस का टुकड़ा था। इससे उसे उल्टी जैसा महसूस हुआ।

शिकायतकर्ता ने बताया, “कल मैंने एक ऐप से तीन आइसक्रीम मंगवाई थी। उसमें से एक बटरस्कॉच आइसक्रीम यम्मो ब्रांड का था। मैं आइसक्रीम खा रहा था। मुझे इस बात का बिल्कुल भी एहसास नहीं था कि मेरे साथ ऐसा कुछ होने वाला है। इस बीच, आइसक्रीम खाते समय एक बड़ा सा टुकड़ा मेरे मुंह में गया। हालांकि, मैंने उसे निगला नहीं। इसके बाद मैंने उसे बाहर निकाला तो मुझे पहले लगा कि यह चिकन का टुकड़ा है। मैं डॉक्टर हूं, तो मुझे अच्छे से पता है कि मानव शरीर का टुकड़ा कैसा दिखता है। जब मैंने उसे ध्यान से देखा, तो उसमें मुझे नाखून दिखा और उंगली के निशान भी दिखे। मैं एक पल के लिए घबरा गया कि यह सब कुछ मेरे साथ कैसे हो गया। आखिर मैंने एक मानव शरीर के अंग को अपने मुंह में कैसे ले लिया। मैं डॉक्टर हूं, तो मुझे मानव शरीर के अंगों की पहचान आती है।“

शिकायतकर्ता ने आगे कहा, “मानव उंगली मेरे मुंह में जाने के बाद मुझे कुछ भी खाने का मन नहीं कर रहा था। मैं बार–बार यही सोच रहा था कि आखिर किसी मानव शरीर का अंग मेरे मुंह में कैसे चला गया? यह बहुत बड़ी लापरवाही है। मैं अपना ब्लड टेस्ट कराउंगा कि सब ठीक है ना?“

–आईएएनएस

एसएचके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More