यूपी की जनता ने नफरत, हिंसा के खिलाफ वोट दिया : राहुल गांधी

रायबरेली, 11 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद जनता का आभार जताने रायबरेली पहुंचे।

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने हिंसा, झूठ और अहंकार के खिलाफ वोट किया है। भाजपा के लोग संविधान को बदलने की बात कर रहे थे पर जनता ने उन्हें संविधान को माथे से लगाने के लिए मजबूर कर दिया। जनता ने बता दिया कि वो नफरत के खिलाफ है, बेरोजगारी के खिलाफ है। रायबरेली की जनता ने इस बदलाव की शुरुआत की है।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा फैजाबाद लोकसभा सीट भी हार गई। अयोध्या की जनता ने संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से किसी तरह जीते हैं। अगर वहां से प्रियंका लड़ जाती तो प्रधानमंत्री तीन-चार लाख वोटों से हारते। देश की जनता ने भाजपा को संदेश दिया कि ये मोहब्बत का देश है। जब राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी तो किसी गरीब को, किसी आदिवासी को नहीं बुलाया गया था। सिनेमा के लोग आए थे, उद्योगपति मौजूद थे, पर किसी गरीब आदिवासी को नहीं बुलाया गया। अयोध्या में भाजपा को हराकर जनता ने संदेश दिया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट पर जीत कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है। इस जीत से साबित हो गया कि प्रदेश और देश के लोग साफ-सुथरी राजनीति चाहते हैं। ये सब आप कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। राहुल गांधी रायबरेली के सांसद हैं। आप सभी को बहुत बधाई। आप सबने कठिन परिस्थितियों में लड़ाई लड़ी। किशोरी लाल को कमी महसूस नहीं होने दी। दोनों जिलों के जिलाध्यक्ष को बहुत-बहुत धन्यवाद। समाजवादी पार्टी के मंच पर बैठे साथी और कार्यकर्ताओं को मिलाकर हमने सेना बनाई और हमने दोनों जिले जीते। पूरा देश आप की तरफ देख रहा है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More