Jharkhand Politics: आजसू भाजपा के रिश्ते में दरार! चन्दप्रकाश चौधरी ने उठाया मोदी कैबिनेट 3.0 में भागीदारी का सवाल

रांची: मोदी कैबिनेट 3.0 में झारखंड से आदिवासी कुर्मी चेहरे को दूर किये जाने का सवाल अब गहराने लगा है और इसके साथ ही भाजपा आजसू के रिश्ते में दरार की धमक भी सुनाई पड़ने लगी है. गिरिडीह संसदीय सीट से दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले चन्द्रप्रकाश चौधरी ने मोदी कैबिनेट में आजसू को शामिल नहीं किये जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एनडीए घटक दलों की बैठक में सभी घटक को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात की गयी थी, लेकिन मंत्रिमंडल से आजसू को गायब कर दिया. भाजपा को गठबंधन धर्म का सम्मान करते हुए सभी दलों की हिस्सेदारी-भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अपनी पीड़ा का इजहार करते हुए चन्द्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि हमारे पास लगातार शुभचिंतकों के फोन आ रहे थें, सभी को इस बात विश्वास था कि आजसू को को हिस्सदारी मिलेगी, अंत समय तक तमाम मीडिया चैनलों में नाम भी चला, लेकिन अंतिम सूची से आजसू गायब थी.

पार्टी फोरम में चर्चा का दावा

चन्द्रप्रकाश चौधरी ने इस बात का दावा भी किया कि पार्टी के अंदर इस स्थिति पर विचार किया जायेगा, हिस्सेदारी के सवाल पर विचार किया जायेगा, हालांकि अभी तक इस मामले में आजसू प्रमुख सुदेश महतो का कोई बयान नहीं आया है. ध्यान रहे कि आगामी पांच महीनों में झारखंड में विधान सभा का चुनाव है, इस हालत में यदि आजसू भाजपा रिश्ते में दरार आता है, तो इसका नुकसान विधान सभा चुनाव में उठाना होगा. इसके पहले भी वर्ष 2019 में भाजपा अपने दम पर विधान सभा में उतर कर अंजाम देख चुकी है. आजसू का साथ छोड़ते ही उसे सत्ता से बेदखल होना पड़ा था, इस बार भी स्थिति कुछ उसी दिशा में बढ़ती नजर आ रही है.

मोदी कैबिनेट में अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ को स्थान

यहां याद दिला दें कि मोदी कैबिनेट 3.0 में कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और रांची सासंद संजय सेठ का मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, लेकिन राज्य की एक बड़ी आबादी कुर्मी और आदिवासी को दूर रखा गया. जिसको लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं, इस घटनाक्रम अपनी टिप्पणी करते हुए वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाल का मानना है कि “दरअसल आदिवासी समुदाय को साधने के सारे प्रयोग भाजपा ने कर डाले, बावजूद इसके वह आदिवासी समाज का दिल जीतने में नाकामयाब रही, दूसरी ओर जयराम के सियासी अवतरण के बाद आजसू का कुर्मी वोटरों पर पकड़ ढीला पड़ता दिख रहा है. इस हालत में भाजपा अब झारखंड में गैर कुर्मी पिछड़ी जाति और वैश्य जातियों के सहारे सत्ता हासिल करने का  मन बना रही है, अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ की ताजपोशी इसी रणनीति का एक हिस्सा है, बहुत संभव है कि विधान सभा चुनाव के पहले भाजपा अपने चेहरे में भी बदलाव भी करें और एक बार फिर से पूरी कमान रघुवर दास के हाथ में सौंप कर गैर कुर्मी गैर आदिवासी राजनीति को विस्तार देने की राह चलती नजर आए”

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More