केंद्रीय मंत्री बनने पर चिराग पासवान बोले- ‘मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी’

LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान( Chirag Paswan) ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी( Narendra Modi) की सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद कहा कि “वह पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ जिम्मेदारी निभाएंगे। पासवान ने उन पर भरोसा करने के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया। बता दें कि चिराग पासवान ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मैं इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाऊं। इसका श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है। उन्होंने एक सांसद वाली पार्टी पर इतना भरोसा किया और उसे 5 सीटें दीं। मैंने भी उन्हें सभी 5 सीटें जिताकर दीं ” उन्होंने कहा, “पिछले 10 वर्षों में सरकार ने गरीबों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी है। हम अमीर और गरीब, और गांव और कस्बे के बीच के अंतर को कम करने की सोच के साथ आगे बढ़ेंगे।”
चिराग पासवान ने बिहार की हाजीपुर लोकसभा सीट पर राजद के शिवचंद्र राम के खिलाफ 1.70 लाख से अधिक मतों से शानदार जीत दर्ज की। चिराग पासवान के अलावा, पीएम मोदी ने बिहार के सात सांसदों को अपने मंत्रिपरिषद में शामिल किया, जिनमें से चार सहयोगी दलों से हैं, इस कदम को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले जातिगत समीकरण को संतुलित करने के भाजपा के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई मंत्रिपरिषद में उत्तर प्रदेश और बिहार को अधिकतम प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि विधानसभा चुनाव वाले महाराष्ट्र को भी महत्वपूर्ण उपस्थिति मिली है। उत्तर प्रदेश, जो सबसे अधिक 80 सदस्य लोकसभा में भेजता है, को नौ मंत्री पद मिले हैं, जिसमें एक कैबिनेट शामिल है, जबकि बिहार को राज्य के कुल आठ मंत्रियों में से चार कैबिनेट पद मिले हैं।
