कल्पना सोरेन की सियासी यात्रा की शुरुआत, गांडेय फतह के बाद विधान सभा में शपथ ग्रहण समारोह आज

रांची: 10, जून 2024 झारखंड और सोरेन परिवार के लिए एक एतिहासिक दिन की शुरुआत है. सोरेन परिवार की छोटी बहू कल्पना सोरेन के लिए जिस सियासी इंट्री की बात कही जा रही थी, आज उसकी औपचारिक शुरुआत होने जा रही है और इसके साथ ही झारखंड को पहला महिला सीएम मिलने का रास्ता भी साफ होता नजर आ रहा है. दरअसल गांडेय विधान सभा उपचुनाव में भाजपा के दिलीप वर्मा के उपर 26 हजार मतों से शिकस्त देने के बाद आज कल्पना सोरेन विधान सभा में शपथ लेने जा रही है. इस अवसर पर सीएम चंपाई के साथ ही कांग्रेस-राजद कोटे के मंत्रियों की मौजूगी रहने की संभावना है, साथ ही दर्शक दीर्धा में कई नामचीन चेहरों की उपस्थिति भी देखने को मिलेगी. यहां याद रहे कि पूर्व सीएम हेमंत पर भुईंहरी जमीन मामले में गिरफ्तारी की लटकती तलवार को देखते हुए झामुमो विधायक डॉ. सरफराज अहमद ने अपने इस्तीफे के साथ इस सीट को खाली किया था, बाद में इस उपकार के बदले सरफराज अहमद को राज्य सभा भेज दिया गया. इस प्रकार कल्पना सोरेन के सियासी यात्रा के लिए सरजमीन तैयार की गयी और इसके साथ ही कल्पना सोरेन का गांडेय विधान सभा से चुनाव लड़ने और सीएम बनने की चर्चा तेज हो गयी थी.
चंपाई सरकार में मंत्री बन सकती हैं कल्पना सोरेन
लेकिन सियासी जानकारों का मानना है कि फिलहाल झामुमो के अंदर कल्पना सोरेन को सीएम बनाने की कोई जल्दबाजी नहीं है, विधान सभा चुनाव तक सीएम चंपाई सरकार चलाते रहेंगे, और लेकिन विधान सभा चुनाव कल्पना सोरेन के चेहरे पर लड़ा जायेगा. यानि सीएम के रुप में कल्पना सोरेन की ताजपोशी विधान सभा चुनाव के बाद ही होगी, फिलहाल कल्पना सोरेन को चंपाई सरकार में किसी महत्वपूर्ण मंत्रालय की जिम्मेवारी दी जा सकती है. इस बीच सियासी गलियारे में कैश कांड में जेल में बंद मंत्री आलमगीर आलम के द्वारा इस्तीफा देने की चर्चा तेज है. दावा किया जा रहा है कि जेल में बंद मंत्री आलमगीर आलम जल्द ही अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं, इस हालत में चंपाई मंत्रिमंडल में दो मंत्री पद खाली होगा, दावा किया जा रहा है कि इसमें से एक मंत्री पद कल्पना सोरेन और दूसरा इरफान अंसारी के हिस्से भी जा सकता है.
कल्पना सोरेन के साथ ही इरफान अंसारी को भी मिल सकता है मंत्री पद
ध्यान रहे कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के टिकट वितरण से जामताड़ा विधायक इरफान काफी आहत थें. कई बार वह सार्वजनिक तौर भी मीडिया में भी अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी को लेकर सवाल खड़े कर चुके थें, बावजूद इसके वह पूरे मनोयोग के साथ इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए काम करते दिखें, और अपने विधान सभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन को मजबूत बढ़त भी दिलवाया, जबकि दूसरी ओर बादल पत्रलेख जैसे मंत्रियों के विधान सभा में भाजपा का कमल खिलता दिखा, और भी जरमुंडी जैसे आदिवासी बहुल सीट से. इस हालत में अब मंत्री बादल पत्र लेख का मंत्री पद कितना सुरक्षित एक अलग सवाल है, फिलहाल तो इरफान अंसारी को मंत्री पद देकर अल्पसंख्यक समाज को साधने की कोशिश की जा सकती है, वैसे भी मंत्रिमंडल में जिस एक सीट की रिक्ति हो रही है, उसका कारण मंत्री आलमगीर आलम जैसे अल्पसंख्यक चेहरे का इस्तीफा है, इस हालत में कांग्रेस की कोशिश अपने कोटे से किसी दूसरे अल्पसंख्यक को मंत्री बनाने की होगी.
सियासी गलियारों में महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की भी चर्चा
हालांकि इस बीच सियासी गलियारों में महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की भी चर्चा है. दरअसल गोड्डा संसदीय सीट से टिकट देने और बाद में बेटिकट किये जाने के बावजूद भी दीपिका पांडेय सिंह बेहद मजबूती के साथ प्रदीप यादव के साथ खड़ी नजर आयी, जहां प्रदीप यादव अपने ही विधान सभा में निशिकांत दुबे के हाथों पिछड़ते नजर आयें, मंत्री बादल पत्र लेख के विधान सभा से निशिकांत को अप्रत्याशित बढ़त मिली, वहीं महागामा विधान सभा में दीपिका पांडेय ने प्रदीप यादव को बढ़त प्रदान किया, इस हालत में दीपिका पांडेय सिंह की दावेदारी भी मजबूत नजर आती है, लेकिन इसके लिए मंत्री बादल पत्र लेख को बलि चढ़ाना पड़ सकता है, क्योंकि फिलहाल रिक्त मंत्री पद सिर्फ दो हैं, जबकि चाहत तीन चेहरों को मंत्री मंडल में शामिल करने की है, देखना होगा कि इस मामले में कांग्रेस क्या फैसला लेती है?
