नरेंद्र मोदी के तीसरी बार पीएम बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली है। उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जबरदस्त जश्न का माहौल है। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ आतिशबाजी करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाई।

वहीं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह को मोदी कैबिनेट में मंत्री बनाए जाने पर उनके क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बेगूसराय के काली स्थान मंदिर के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने जहां एक दूसरे को अबीर लगाकर मिठाई खिलाई, वहीं जमकर आतिशबाजी भी की।

बेगूसराय के लिए आज का दिन दोहरी खुशी का दिन है। गिरिराज सिंह केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं। वहीं मुजफ्फरपुर के सांसद राज भूषण निषाद भी मोदी मंत्रिमंडल के हिस्सा बन रहे हैं। राज भूषण निषाद मुजफ्फरपुर से सांसद चुने गए हैं, लेकिन वह मूल निवासी बेगूसराय जिले के हैं। ऐसे में बेगूसराय से दो मंत्री मिलने पर जिले में खुशी का माहौल है।

गिरिराज सिंह बेगूसराय से दूसरी बार लगातार सांसद चुने गए हैं। उससे पहले नवादा से वो सांसद रहे थे। पीएम मोदी ने गिरिराज सिंह पर विश्वास जताते हुए तीसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल किया है। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है जिस तरह गिरिराज सिंह ने पिछली बार काम किया, उसी तरह आगे भी करते रहेंगे।

भाजपा नेता मृत्युंजय कुमार ने कहा कि आज हमारे लिए दोहरी खुशी का माहौल है। जहां एक तरफ नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार शपथ ली, वहीं गिरिराज सिंह के कैबिनेट मंत्री बनने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गिरिराज सिंह को जिम्मेदारी दिए जाने के लिए मैं पीएम मोदी का धन्यवाद और आभार जताता हूं।

नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री की शपथ लेने के बाद हरियाणा भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशियों का इजहार किया। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन अबकी बार बिल्कुल साफ है। सभी वादे पूरे किए जाएगें। यह रिकॉर्ड बन रहा है, जब नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन रहे हैं। जनता का विश्वास लगातार मोदी सरकार पर बड़ा है।

–आईएएनएस

एकेएस/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More