अभी भी झामुमो विधायक हैं सीता सोरेन! बागी चमरा लिंडा और लोबिन हेम्ब्रम भी तीर-धनुष के साथ

रांची: लोकसभा चुनाव का सियासी संग्राम समाप्त हो गया. जनता ने सभी पार्टी के बागियों को एक स्वर से ठुकरा दिया, ना तो झामुमो का साथ छोड़ कर चुनाव लड़ने वाली सीता सोरेन को सफलता मिली और ना ही जेपी वर्मा, चमरा लिंडा और लोबिन हेम्ब्रम अपना करिश्मा दिखला पायें. जनता का संदेश साफ था कि उसकी प्रतिबद्धता पार्टी के साथ है. यदि कोई चेहरा अपने आप को पार्टी से बड़ा समझता है, तो यह उसकी नादानी और सियासी भूल है. ठीक यही हालत भाजपा का साथ छोड़ने वाले मांडू विधायक जयप्रकाश भाई पटेल और पंजे को अलविदा करने वाली गीता कोड़ा का हुआ, हजारीबाग के जंग में जेपी भाई पटेल अपने ही विधानसभा मांडु में भाजपा को हाथों पिछड़ते नजर आयें, इधर गीता कोड़ा भी अपना गढ़ बचा नहीं पायी, जिस जगन्नाथपुर को वह अपना किला समझती थी, जहां से वह खुद दो बार और उनके पति मधु कोड़ा दो-दो बार विधायक रहें है, उस जगन्नाथपुर विधान सभा में गीता कोड़ा को झामुमो के हाथों पिछड़ना पड़ा.
विधानसभा अध्यक्ष के न्यायाधीकरण में चल रहा है जेपी भाई पटेल का मामला
अब जब की इन बागियों के उपर पार्टी की तलवार लटक रही है, विधायकी जाने का खतरा मंडरा रहा है, तो मामले को कानूनी और तकनीकी पेंच में फंसाने की कोशिश की जा रही है. मांडू विधायक जेपी भाई पटेल के खिलाफ भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष के न्यायाधीकरण में शिकायत की है. जिसके बाद जवाब की मांग की गयी है, लेकिन जेपी भाई पटेल बार- बार समय की मांग कर मामले को खिंचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. निश्चित रुप से उनकी कोशिश किसी तरह विधान सभा चुनाव तक अपनी विधायकी को बचाने की है. अब चूंकि विधानसभा अध्यक्ष के न्यायाधीकरण में है, इस हालत में देखना होगा कि उन्हे अपनी सफाई के लिए कितने दिनों का समय मिलता है, विधान सभा चुनाव के पहले तक फैसला आता है, या फिर विधान सभा चुनाव के बाद.
बागियों के खिलाफ सख्त तेवर से झामुमो का परहेज?
इधर लोकसभा चुनाव के ठीक बीच झाममो को झटक देकर भाजपा का दामन थामने वाली जामा विधायक और सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन ने अपना इस्तीफा विधान सभा के मेल आईडी भेजने के बजाय विधान सभा अध्यक्ष को व्यक्तिगत मेल पर भेजा है. साफ है कि यहां भी सीता सोरेन मामले को फंसाने की कोशिश करती नजर आ रही है. इस हालत में यदि विधान सभा का सत्र चालू होता है, तो सीता सोरेन को झामुमो विधायकों के साथ बैठा देखना कोई अचरज की बात नहीं होगी. सबसे मजेदार स्थिति तो बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम और विशुनपुर विधायक चमरा लिंडा की है. इन दोनों ने तो पार्टी छोड़ने का पत्र भी जारी नहीं किया है, ना तो पार्टी कोई सूचना पार्टी को दी गयी है और ना ही विधान सभा अध्यक्ष को मामले की जानकारी दी गई है. हालांकि पार्टी ने अपने दोनों विधायकों को निष्कासित तो जरुर किया है, लेकिन विधान सभा के न्यायाधीकरण में दल बदल की शिकायत नहीं की गयी, इस हालत में ये दोनों भी विधायक विधान सभा अंदर झामुमो के साथ ही बैठे नजर आयेंगे.
