गोड्डा में भीतरघात का खेल! मंत्री बादल पत्रलेख के विधान सभा से 44 हजार से पिछड़े प्रदीप यादव

गोड्डा: गोड्डा के सियासी जंग में चौका लगाते हुए निशिकांत दुबे प्रदीप यादव के दूसरी बार संसद पहुंचने के अरमानों पर पानी फेर दिया. हालांकि 2009 के बाद पहली बार निशिकांत इस कड़े संघर्ष का सामना करना पड़ा, बावजूद इसके वह करीबन एक लाख मतों से जीत दर्ज करने में सफल रहे. इस सियासी संग्राम में निशिकांत दूबे को कुल 693,140 मतदाताओं का समर्थन मिला तो प्रदीप यादव को 591327 मतदाताओं का साथ मिला. वर्ष 2019 में निशिकांत दुबे को 184,227 मत से जीत मिली थी, तब भी उनके सामने मुकाबले में झारखंड विकास मोर्चा के बनैर तले प्रदीप यादव ही थें, और प्रदीप यादव को कुल 184,227 वोट मिला था, जबकि निशिकांत दुबे को 637,610 मतदाताओं का साथ. लेकिन इस बार निशिकांत को 101,813 से जीत मिली है. इस प्रकार इस बार निशिकांत के खाते में वर्ष 2019 की तुलना में 83 हजार वोट कम मिले हैं.
मंत्री बादल पत्रलेख के विधान सभा से प्रदीप यादव का पिछड़ना एक बड़ा सवाल
लेकिन इस बार का दिलचस्प आंकड़ा यह है कि दुमका जैसे आदिवासी बहुल जिले का जरमुंडी विधान सभा क्षेत्र से प्रदीप यादव को निशिकांत दुबे की तुलना में करीबन 44 हजार मतों से पिछड़ना पड़ा. ध्यान रहे कि यह वही विधानसभा है, जिसका प्रतिनिधित्व मंत्री बादल का पत्रलेख करते हैं. आदिवासी बहुल क्षेत्र और मंत्री बादल पत्रलेख की मौजूदगी के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार को 44 हजार वोटों से पिछड़ना कई सवाल खड़ा करता है.
अपने ही विधान सभा में पिछड़ गये प्रदीप यादव
लेकिन इससे भी बड़ा आश्चर्य प्रदीप यादव का अपने ही विधान सभा से पिछड़ना है. पोड़याहाट विधान सभा, जिसका प्रतिनिधित्व खुद प्रदीप यादव करते हैं, निशिकांत बाजी मार ले गयें, पोड़याहाट में प्रदीप यादव को 93136 वोट मिले, जबकि निशिकांत को 101676 मतदाताओं का समर्थन मिला. यह आंकड़ा प्रदीप यादव का अपने विधान सभा में लोकप्रियता पर एक सवाल खड़ा करता है. कुछ यही स्थिति गोड्डा विधान सभा की भी रही.
राजद कार्यकर्ताओं ने नहीं लगाया जोर?
यह वही गोड्डा विधान सभा है, जिसका प्रतिनिधित्व कभी राजद नेता संजय यादव किया करते थें, ,संजय यादव गोड्डा से वर्ष 2000 और 2009 में विधायक रहे हैं, 2019 के विधान सभा चुनाव में उन्हे अमित मंडल के हाथों मात खानी पड़ी थी. हालांकि संजय यादव इस बार प्रदीप यादव के लिए जी-जान लगाने का हुंकार लगा रहे थें, लेकिन आंकडों के खेल में यहां भी प्रदीप यादव 17 हजार से पिछड़ते नजर आयें.
टिकट देकर बेटिकट किये गये दीपिका पांडेय ने लगायी जान की बाजी
इस हालत में सवाल खड़ा होना लाजमी है कि क्या गोड्डा में इस बार भी प्रदीप यादव के साथ भीतरघात का खेल हुआ, लेकिन इस भीतरघात का खेल समझने के पहले यह भी याद रखना जरुरी है कि जिस दीपिका सिंह पांडेय को बेटिकट कर प्रदीप यादव को टिकट दिया गया था, उस महागामा विधान सभा से प्रदीप यादव को निशिकांत दुबे की तुलना में अधिक वोट मिला, हालांकि शक की सुई महागामा पर ही टिकी थी, मधुपुर के बाद महागामा दूसरा विधान सभा क्षेत्र बना, जहां प्रदीप यादव निशिकांत को पछाड़ते नजर आयें. अब देखना होगा कि कांग्रेस बादल पत्रलेख को जवाब तलब करती है या फिर सब कुछ भूलकर विधान सभा के सियासी संग्राम की ओर कूच करने का फैसला लेती है.
